पीएम सूर्य घर योजना की डीएम ने की समीक्षा, तीन दिन में निस्तारित करने का निर्देश

गाजीपुर में पीएम सूर्य घर योजना की डीएम ने की समीक्षा, लंबित आवेदन तीन दिन में निस्तारित करने का निर्देश


सोलर पैनल लगाने वाले उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान पर जोर, लक्ष्य पूरा करने के लिए चलेगा विशेष अभियान

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को रायफल क्लब सभागार में ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा के साथ इसके प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने पर जोर दिया गया। इस दौरान बैंक एवं विद्युत विभाग में लंबित आवेदनों को तीन दिन के भीतर निस्तारित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने वाराणसी में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो (UPEX-2026) के वाराणसी संस्करण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। इसका उद्देश्य योजना के प्रति लोगों को जागरूक करना और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बैंक एवं विद्युत विभाग में लंबित पीएम सूर्य घर योजना के आवेदनों का तीन दिन के भीतर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं की बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अधीक्षण अभियंता विद्युत को विशेष निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

बैठक में परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, गाजीपुर सच्चिदानंद तिवारी ने बताया कि सितंबर 2026 से जनपद के मासिक लक्ष्य में 66 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। बढ़े हुए लक्ष्य को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक के अंत में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने योजना के प्रचार-प्रसार और आगे की रणनीति से संबंधित एक संक्षिप्त डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की। इसके बाद सभी उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, प्रभारी परियोजना अधिकारी यूपीनेडा सच्चिदानंद तिवारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत गाजीपुर सहित जनपद स्तरीय अधिकारी और सभी पंजीकृत वेंडर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.