स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा ने झोंकी ताकत, अजीत चौबे ने जमानियां में किया व्यापक जनसंपर्क
डॉ. केदारनाथ सिंह और डॉ. प्रमोद मिश्र के समर्थन में शिक्षकों व स्नातक मतदाताओं से की मुलाकात, भारी मतों से जिताने की अपील
गाजीपुर। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा जिला प्रभारी अजीत चौबे ने जमानियां विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में व्यापक जनसंपर्क कर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. केदारनाथ सिंह और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्र के पक्ष में मतदान की अपील की।अजीत चौबे ने गहमर इंटर कॉलेज, दिलदारनगर, जमानियां सहित विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षकों एवं स्नातक मतदाताओं के साथ बैठक की। उन्होंने मतदाताओं से संवाद करते हुए पार्टी प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग की उन्नति और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार देश एवं प्रदेश के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुनीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, दिलदारनगर नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल, भाजपा जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह, अमित सिंह, भक्ति सिंह, शक्ति सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।