गाजीपुर में मतदाता पंजीकरण कैंपों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, युवा-महिला मतदाताओं पर विशेष जोर
गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचक नामावली में पात्र नागरिकों का नाम दर्ज कराने और पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं के पंजीकरण के लिए जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय सिटी इंटर कॉलेज, गाजीपुर में आयोजित विशेष मतदाता पंजीकरण कैंपों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 231 से 237 तक सात बूथों और राजकीय सिटी इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 254 से 259 तक छह बूथों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से फॉर्म-6, 7 और 8 के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथों पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं, जहां पंजीकरण से संबंधित जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में पहली बार नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरना होगा। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य निर्धारित विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी मतदाता को अधिकतम 10 फॉर्म-7 ही उपलब्ध कराए जाएं।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को निर्देशित किया कि युवा एवं महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसी क्रम में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और संबंधित अधिकारियों ने भी मतदाता पंजीकरण कैंपों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।