सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने मिश्रबाजार दुर्गा समिति को दिया प्रथम पुरस्कार

भगवान राम के राज्याभिषेक के साथ रामलीला का समापन, सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने दुर्गा पूजा समितियों को किया सम्मानित

मिश्रबाजार दुर्गा समिति को उत्कृष्ट लाइटिंग और सजावट के लिए मिला प्रथम पुरस्कार, सफाईकर्मियों और सुरक्षा कर्मियों का भी हुआ सम्मान

गाजीपुर। नवरात्र के दौरान जनपद में जगह-जगह रामलीलाओं का मंचन किया गया। दशहरा के अवसर पर भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध के मंचन के बाद रावण दहन किया गया। इसी क्रम में शनिवार की रात रामलीला कमेटी की ओर से हरिशंकरी स्थित चबूतरे पर भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

इस दौरान सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक किया। इसके बाद शहर में आकर्षक सजावट और भव्य रोशनी से लोगों का ध्यान आकर्षित करने वाले दुर्गा पूजा पंडालों की समितियों को सम्मानित किया गया। मिश्रबाजार दुर्गा समिति को बेहतरीन लाइटिंग और सजावट के लिए प्रथम पुरस्कार दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष आनंद गुप्ता को प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सफाईकर्मियों, होमगार्ड जवानों, पुलिसकर्मियों और दुर्गा पूजा पंडालों की समितियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि रामलीला कमेटी की ओर से समाज की सेवा और सुरक्षा में जुटे सफाईकर्मियों, होमगार्ड जवानों, पुलिसकर्मियों तथा दुर्गा पूजा समितियों को सम्मानित करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल होकर और इन सभी लोगों को सम्मानित होते देखकर उन्हें बेहद खुशी महसूस हुई।

सांसद ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। अधर्म पर हमेशा धर्म की विजय होती है। इसलिए हमें जीवन में कभी भी सत्य का साथ नहीं छोड़ना चाहिए और सदैव धर्म के मार्ग पर चलते हुए समाज के हित में कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ ही धार्मिक आस्था, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.