डीएम अनुपम शुक्ला का अनोखा अंदाज! स्कूल में बच्चों को पढ़ाया, सवाल पूछकर परखी प्रतिभा, चॉकलेट देकर बढ़ाया उत्साह
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विद्यालय में बच्चों को पढ़ाकर परखा शैक्षिक स्तर, प्रतिभा देख हुए प्रभावित
निपुण भारत मिशन के तहत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर, कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने के शिक्षकों को दिए निर्देश




गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शनिवार को शहरी क्षेत्र स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय विशेषरगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था का जायजा लेने के साथ स्वयं कक्षा में पहुंचकर बच्चों को पढ़ाया और उनसे विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछकर उनके शैक्षिक स्तर, समझने की क्षमता एवं बौद्धिक विकास को परखा।
जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई और सीखने की क्षमता का आकलन किया। बच्चों ने भी उनके सवालों के जवाब दिए। विद्यार्थियों की प्रतिभा और उनके उत्तरों से प्रभावित होकर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उनके इस सहज अंदाज से बच्चों में भी उत्साह देखने को मिला।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे ‘निपुण भारत मिशन’ के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवस्थित शिक्षा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पढ़ने, लिखने, गणितीय समझ विकसित करने और सीखने की क्षमता में सुधार लाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक बच्चे की शैक्षिक प्रगति का नियमित आकलन किया जाए। जिन विद्यार्थियों को पढ़ाई में अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता है, उन्हें चिह्नित कर विशेष रूप से पढ़ाया जाए, ताकि कोई भी बच्चा बुनियादी शैक्षिक दक्षताओं को प्राप्त करने में पीछे न रह जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए बच्चों को उनकी क्षमता के अनुरूप शिक्षण उपलब्ध कराते हुए निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों को समय से पूरा करने का प्रयास किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, नायब तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।