जखनियां में 29 अक्टूबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 25 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभाग

जखनियां में 29 अक्टूबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 25 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभाग

आठवीं पास से स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा धारकों तक को मिलेगा रोजगार का अवसर, सुबह 10 बजे से शुरू होगा मेला

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सातों विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जखनियां विधानसभा क्षेत्र में 29 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मलिकपुरा में वृहद रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन जिला सेवायोजन कार्यालय, गाजीपुर एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मलिकपुरा के संयुक्त तत्वावधान में होगा।

जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में देश की 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों के शामिल होने की संभावना है। इसके माध्यम से स्थानीय युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता, कौशल और अभिरुचि के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

रोजगार मेले में प्रमुख रूप से प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस प्रा. लि., अतुल ऑटो लिमिटेड, केविन पाइप प्रा. लि., विशाल बियरिंग्स लिमिटेड, कोरोना रेमेडीज लिमिटेड, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड, गैलेक्सी चेन प्रा. लि. तथा गाजीपुर रोडवेज सहित अन्य कंपनियों के प्रतिभाग करने की संभावना है।

इन कंपनियों द्वारा मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, नैप्स ट्रेनी और संविदा वाहन चालक सहित विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके कौशल एवं प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है।

इस रोजगार मेले में आठवीं, दसवीं, बारहवीं उत्तीर्ण, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, एएनएम, जीएनएम, जीडीए, कौशल प्रशिक्षित अभ्यर्थियों तथा अकुशल श्रमिकों सहित विभिन्न शैक्षिक एवं व्यावसायिक योग्यताधारी युवा प्रतिभाग कर सकते हैं।

इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे रोजगार संगम पोर्टल https://rojgaarsangam.up.gov.in पर अपना पंजीकरण कराकर अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप कंपनियों में आवेदन करें। संबंधित कंपनियों और नियोजकों की रिक्तियों का विवरण भी पोर्टल पर उपलब्ध है।

अभ्यर्थियों को 29 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मलिकपुरा, गाजीपुर में अपने शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता संबंधी मूल प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां तथा आवश्यक बायोडाटा लेकर उपस्थित होना होगा। यह रोजगार मेला जिले के युवाओं के लिए रोजगार पाने और अपने भविष्य को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.