गाजीपुर में वित्तीय साक्षरता को लेकर जागरूकता चौपाल, ग्रामीणों को दी गई बैंकिंग योजनाओं की जानकारी

गाजीपुर में वित्तीय साक्षरता को लेकर जागरूकता चौपाल, ग्रामीणों को दी गई बैंकिंग योजनाओं की जानकारी

यूनियन बैंक और आरोह फाउंडेशन की पहल, राम जानकी विद्यालय में बच्चों को साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए तरीके

गाजीपुर। वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत जनपद के बिरनो ब्लॉक अंतर्गत लीलापुर भड़सर गांव में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया एवं आरोह फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जन जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता, बचत की आदत विकसित करने और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनियन बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख विनय शंकर ने कहा कि देश की आर्थिक तरक्की में वित्तीय साक्षरता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी आय के अनुसार छोटी-छोटी बचत करने की आदत विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बचत और बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूकता लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सहायक है।

जिला अग्रणी प्रबंधक राजदेव ने वित्तीय समावेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। वहीं, एफएलसी के बाले लखन्दर ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने की अपील की।

इस दौरान आरोह फाउंडेशन के डीसी रितेश सिंह ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को इन योजनाओं से जुड़कर अपने भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के लिए जागरूक किया।

राम जानकी विद्यालय में भी लगा वित्तीय जागरूकता शिविर
इसी क्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय गाजीपुर (पूर्व) की ओर से राम जानकी विद्यालय में वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए। एलडीएम राजदेव ने बच्चों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने और अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने के बारे में जागरूक किया।

वहीं, क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन ने कृषि ऋण और शिक्षा ऋण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने किसानों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं के बारे में बताते हुए बैंकिंग सेवाओं के सही उपयोग पर जोर दिया।

इस अवसर पर क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन ने विद्यालय में बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरओ प्लांट लगाने के लिए सहमति भी प्रदान की। इस पहल को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में एलडीएम राजदेव, विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक, एफएलसी टीम, सभी बीसी कोऑर्डिनेटर और आसपास के बैंक मित्र उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाने के साथ-साथ बैंकिंग सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.