समस्याओं को लेकर ABVP ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल को सौंपा मांगपत्र

महिला छात्रावास की समस्याओं को लेकर ABVP ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल को सौंपा मांगपत्र

बाउंड्री वॉल ऊंची करने, पेयजल की व्यवस्था और जर्जर भवन की मरम्मत की उठाई मांग; सीडीओ को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश

गाजीपुर। पॉलिटेक्निक कॉलेज के महिला छात्रावास में व्याप्त अव्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के पदाधिकारियों ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार भी उपस्थित रहे। राइफल क्लब परिसर में सौंपे गए मांगपत्र के माध्यम से छात्रावास की समस्याओं को दूर कराने की मांग की गई।

विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने महिला छात्रावास की बाउंड्री वॉल ऊंची कराने, छात्राओं के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने तथा जर्जर भवन की मरम्मत सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भी उपस्थित रहे। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी को पॉलिटेक्निक कॉलेज का निरीक्षण करने तथा वहां की समस्याओं का जायजा लेकर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारियों की पहल से महिला छात्रावास की समस्याओं का समाधान होगा और छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.