चक कमरौरा प्रकरण: एमएलसी चंचल ने मृतक रामबाबू के भाई को सौंपा नियुक्ति पत्र

एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने मृतक रामबाबू उर्फ विक्की के भाई अरुण कुमार को सौंपा नियुक्ति पत्र

चक कमरौरा प्रकरण: मुख्यमंत्री के निर्देश पर परिवार को मिली आर्थिक सहायता, अब परिजन को रोजगार देने का वादा भी हुआ पूरा

गाजीपुर/मुहम्मदाबाद। चक कमरौरा गांव में पैमाइश के दौरान हुए विवाद के बाद मगई नदी में डूबने से जान गंवाने वाले रामबाबू उर्फ विक्की के परिवार को राहत देने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह चंचल ने बुधवार को राइफल क्लब में मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उनके भाई अरुण कुमार को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि मुहम्मदाबाद ब्लॉक की ग्राम सभा चक कमरौरा में जिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व टीम पैमाइश करने पहुंची थी। इसी दौरान रामबाबू उर्फ विक्की सहित कुछ ग्रामीणों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद राजस्व और पुलिस टीम के साथ मारपीट की गई। इस मामले में लेखपाल की तहरीर पर रामबाबू उर्फ विक्की सहित 23 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। बताया गया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम के गांव पहुंचने पर रामबाबू मगई नदी में कूद गया, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने जिला प्रशासन की कार्रवाई के प्रति नाराजगी जताई। मामले के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल मृतक के गांव पहुंचे थे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी थी। उस दौरान परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया था। साथ ही परिवार के भरण-पोषण के लिए एक परिजन को संविदा पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया गया था। इसी क्रम में बुधवार को मृतक के भाई अरुण कुमार को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इससे परिवार को आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद परिवार को रोजगार उपलब्ध कराने के आश्वासन पर अमल की दिशा में पहल पूरी हुई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.