गाजीपुर में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 16 दोपहिया वाहन बरामद; तीन गिरफ्तार
गाजीपुर। स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में इसकी जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवेश राजभर, अतुल सिंह और नीरज राजभर निवासी कटया, थाना सादात, गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 15 मोटरसाइकिलें, एक मोटरसाइकिल का इंजन व कटे हुए पार्ट्स, तीन मोबाइल फोन और 450 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी भीड़भाड़ वाले स्थानों से बाइक चोरी कर उनके पार्ट्स अलग-अलग करके बेचते थे। बरामद वाहनों में से कुछ के संबंध में गाजीपुर के विभिन्न थानों और वाराणसी के चौबेपुर थाने में चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। अन्य वाहनों के संबंध में जांच जारी है। इस मामले में थाना जंगीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 227/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, वाहन चोरी के खिलाफ जनपद में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह पिछले कुछ वर्षों की बड़ी कार्रवाइयों में से एक है।

