गाजीपुर में शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर, दूसरे दिन 11 विद्यालयों में पहुंची निरीक्षण टीम
भदौरा और रेवतीपुर के स्कूलों में बच्चों के भाषा व गणितीय कौशल की हुई जांच, कमियां मिलने पर होगी कार्रवाई
गाजीपुर। जनपद में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को निपुण बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘कैच-अप कराओ, निपुण बनाओ’ अभियान के तहत गुरुवार को दूसरे दिन 11 प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। विकासखंड भदौरा एवं रेवतीपुर के विद्यालयों में एसडीएम प्रशिक्षु श्रीमती सुषमा यादव और निपुण सेल (NIPUN Cell) के सदस्यों ने पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, पठन-पाठन की गुणवत्ता, विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और शिक्षण व्यवस्था का आकलन किया गया। टीम ने बच्चों की अधिगम क्षमता की जांच करते हुए उनके बुनियादी भाषा ज्ञान और गणितीय कौशल की स्थिति का परीक्षण किया। साथ ही, विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

निरीक्षण टीम ने संबंधित शिक्षकों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बच्चों के बुनियादी भाषा और गणितीय कौशल को मजबूत बनाने पर जोर दिया। शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी बनाने तथा निर्धारित अधिगम लक्ष्यों को समय से पूरा करने के लिए जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिन विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षण कार्य अथवा विद्यालयीय व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां पाई गई हैं, वहां कमियों की प्रकृति और जिम्मेदारी के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित विद्यालयों में सुधार सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में अपेक्षित प्रगति लाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना और ‘निपुण भारत मिशन’ के लक्ष्यों के अनुरूप प्रत्येक विद्यार्थी में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान विकसित करना है। इस पहल के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने, शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने और उन्हें निर्धारित निपुण लक्ष्यों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।