लापरवाही पर डीएम सख्त, प्रभारी अधीक्षक और लिपिक का रोका वेतन

सम्प्रेक्षण गृह में लापरवाही पर डीएम सख्त, प्रभारी अधीक्षक और लिपिक का वेतन रोकने के निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं जनपद न्यायाधीश जयप्रकाश यादव ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह एवं राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और परिसर की अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीलिंग फैन के स्थान पर वॉल फैन लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देने के लिए परिसर में वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण कराने तथा दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग कराने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सम्प्रेक्षण गृह एवं प्लेस ऑफ सेफ्टी में रह रहे बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। परिसर में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान दीवारों पर पेंटिंग कराने के कार्य में लापरवाही एवं शिथिलता पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रभारी अधीक्षक राम अचल एवं लिपिक संजय यादव से स्पष्टीकरण लेने तथा उनका वेतन अवरुद्ध करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से दुरुस्त करने और दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.