सत्यदेव डिग्री कॉलेज में आयोजित हुई जनपद स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता, अमृता राय और महजबीन अंसारी संयुक्त रूप से प्रथम
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव, सपना सिंह ने युवाओं से किया राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का आह्वान
गाजीपुर। सत्यदेव डिग्री कॉलेज में गुरुवार को मेरा युवा भारत, जनपद गाजीपुर एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में जनपद स्तरीय विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में अमृता राय एवं महजबीन अंसारी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शशिकांत तिवारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं का नशे से दूर रहना और सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने युवाओं से नशे की लत से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नशे की बढ़ती समस्या, उसके सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार रखे। निर्णायक मंडल में आजतक के ब्यूरो चीफ विनय कुमार सिंह, पूर्व प्रवक्ता कमरुद्दीन, पूर्व एपीएस सुभाष चंद्र, सत्यदेव डिग्री कॉलेज के बीएड संस्थान की विभागाध्यक्ष डॉ. स्मिता साहा तथा श्याम कुमार शामिल रहे। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, सत्यदेव डिग्री कॉलेज के डायरेक्टर अमित रघुवंशी, प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार सिंह, दिग्विजय उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के महत्वाकांक्षी राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ के तहत किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर यह कार्यक्रम 9 से 13 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं नीति निर्धारण की प्रक्रिया से जोड़ना तथा उनकी नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और विचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सत्यदेव डिग्री कॉलेज के प्रबंधन, शिक्षकों, निर्णायक मंडल एवं मेरा युवा भारत की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।