मक्का और मिलेट्स की खेती से किसानों की बढ़ेगी आमदनी, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने किया आह्वान
गाजीपुर। जनपद में मक्का एवं श्रीअन्न (मिलेट्स) की खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से उद्यान विभाग के प्रांगण में एक दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन गुरुवार को किया गया। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम एवं मिलेट्स रेसिपी आधारित कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित गोष्ठी में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह तथा भाजपा जिला मंत्री सुमन बिन्द की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने किसानों को मक्का की वैज्ञानिक खेती, उत्पादन बढ़ाने की तकनीक और मिलेट्स के महत्व की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. डीके सिंह एवं डॉ. एसके सिंह ने मक्का उत्पादन की उन्नत एवं वैज्ञानिक विधियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मक्का एक बहुउपयोगी फसल है, जिसका इस्तेमाल पशु आहार, औद्योगिक कच्चे माल, इथेनॉल उत्पादन तथा मानव भोजन के रूप में किया जाता है। इसकी व्यापक मांग के कारण इसे अनाजों की रानी भी कहा जाता है। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी कृषि निवेश केंद्रों पर रबी सीजन के लिए गेहूं, जौ, चना, मटर एवं मसूर के बीज उपलब्ध हैं। किसान बुकिंग कराने के बाद अंगूठा लगाकर बीज प्राप्त कर सकते हैं।

वहीं, मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत कृषि वैज्ञानिक डॉ. रागिनी दुबे ने श्रीअन्न के पोषण महत्व और उससे तैयार होने वाले विभिन्न व्यंजनों की जानकारी दी। उन्होंने मिलेट्स से बनने वाले स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजनों की विधियों से भी किसानों को अवगत कराया। कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह एवं कृषि विज्ञान केंद्र आकुशपुर के अध्यक्ष डॉ. डीपी सिंह ने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील की। साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं उपलब्ध रबी बीजों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं भाजपा जिला मंत्री सुमन बिन्द ने 30 किसानों को मसूर के बीज की निःशुल्क मिनीकिट वितरित की। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने किसानों से मक्का की खेती को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि मक्का की खेती का भविष्य काफी उज्ज्वल है। इसकी बाजार में अच्छी मांग है और किसान इससे बेहतर आमदनी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने मिलेट्स की खेती को भी लाभकारी बताते हुए कहा कि इसमें उर्वरक एवं अन्य कृषि लागत अपेक्षाकृत कम आती है। बाजार में इसकी मांग भी अच्छी है। ऐसे में किसानों को मक्का और मिलेट्स दोनों फसलों की खेती पर विशेष ध्यान देना चाहिए। गोष्ठी के दौरान जिला उद्यान अधिकारी, जिला पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला मत्स्य अधिकारी एवं जिला गन्ना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संबंधित विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जनपद के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान श्री स्वीट की ओर से लगाया गया स्टॉल रहा, जहां मिलेट्स से तैयार खीर एवं अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। इस पहल के माध्यम से श्रीअन्न के पारंपरिक एवं आधुनिक व्यंजनों को लोकप्रिय बनाने तथा किसानों को इसके बढ़ते बाजार की संभावनाओं से परिचित कराने का प्रयास किया गया।