पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के लाभार्थी बच्चों से मिले डीएम, बढ़ाया उत्साह

पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के लाभार्थी बच्चों से मिले जिलाधिकारी, उपहार देकर बढ़ाया उत्साह

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के अंतर्गत जनपद के लाभार्थी बच्चों से संवाद कर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सभी लाभार्थी बच्चों को उपहार स्वरूप स्कूल बैग, डायरी, पेन, टी-शर्ट, कैप एवं मिठाई भेंट की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना का मुख्य उद्देश्य कोविड-19 महामारी के कारण अपने माता-पिता अथवा अभिभावक को खोने वाले बच्चों को संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनका भविष्य सुरक्षित करना है। ऐसे बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा योजना के लाभार्थी बच्चों को आवश्यक सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी बच्चे की शिक्षा और भविष्य प्रभावित न हो। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.