710 छात्रों के हस्ताक्षर का दिखा असर, पीजी कॉलेज पहुंचे डीएम; अब कैंपस में 24 घंटे निःशुल्क होगा बायोमेट्रिक
अवैध वसूली की शिकायत पर डीएम सख्त, जांच कराकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का दिया निर्देश
गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), गाजीपुर में छात्रवृत्ति बायोमेट्रिक के नाम पर कथित अवैध वसूली और अव्यवस्थाओं के खिलाफ छात्रों की मुहिम रंग लाती नजर आई। 710 छात्र-छात्राओं के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला गुरुवार को स्वयं महाविद्यालय परिसर पहुंचे और छात्रों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने छात्रवृत्ति बायोमेट्रिक प्रक्रिया को लेकर कॉलेज प्रशासन को कड़े निर्देश दिए।

गौरतलब है कि विगत 4-5 नवंबर को छात्रों ने छात्रसंघ भवन के सामने 710 छात्र-छात्राओं के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन के माध्यम से महामहिम राज्यपाल एवं जिलाधिकारी से शिकायत की थी। छात्रों ने आरोप लगाया था कि छात्रवृत्ति बायोमेट्रिक के नाम पर कॉलेज परिसर के बाहर अवैध वसूली की जा रही है और विद्यार्थियों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी के महाविद्यालय पहुंचने पर छात्रों ने अपनी समस्याओं और कथित अनियमितताओं से उन्हें अवगत कराया। छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बायोमेट्रिक की व्यवस्था कॉलेज परिसर के अंदर ही सुनिश्चित की जाए। छात्रवृत्ति की अंतिम तिथि को देखते हुए मशीनों और काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी विद्यार्थी को परेशानी न हो। साथ ही बायोमेट्रिक की सुविधा 24 घंटे पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वहीं, बायोमेट्रिक के नाम पर पूर्व में की गई कथित अवैध वसूली की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी के मौके पर पहुंचकर समस्याएं सुनने और त्वरित निर्देश देने से छात्र-छात्राओं में खुशी देखी गई। हालांकि, छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक कथित अवैध वसूली के मामले में जांच पूरी कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और कॉलेज में छात्रों का शोषण बंद नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। छात्र नेता प्रद्युमन सिंह यादव ‘राजन’ ने कहा कि कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों को पीछे हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन 710 छात्रों की एकजुटता के आगे उनकी आवाज दबाई नहीं जा सकी। जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर उनकी बात सुनी और कैंपस के अंदर 24 घंटे निःशुल्क बायोमेट्रिक कराने का निर्देश दिया।

छात्र नेता आकाश चौधरी ने कहा कि अवैध वसूली और मनमानी के खिलाफ छात्रों की लड़ाई जारी रहेगी। जिलाधिकारी ने जांच कराकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया है। छात्र नेता निलेश बिंद एवं अभिषेक चौरसिया ने कहा कि इस व्यवस्था से हजारों छात्र-छात्राओं को राहत मिलेगी।

पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि 710 छात्रों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन का असर आज दिखाई दिया है। जिलाधिकारी ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और बायोमेट्रिक व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, संघर्ष और निगरानी जारी रहेगी। इस अवसर पर प्रद्युमन यादव राजन, मोहित यादव, बिजेंद्र यादव, राज सिंह, निलेश बिंद, आकाश चौधरी, पवन यादव, प्रिंस कुशवाहा, निशांत वर्मा, खुशी कुमारी, नैंसी वर्मा, सुभद्रा सिंह, जिक्रा अली, नेहा सिंह सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं पूर्व छात्र नेता उपस्थित रहे।