छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीएम-एसपी ने घाटों का किया निरीक्षण, गहरे पानी में उतरने पर लगा प्रतिबंध; लापरवाही पर होगी कार्रवाई
साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, नाव और गोताखोरों की व्यवस्था के निर्देश; कई घाटों पर स्नान और अर्घ्य के लिए पानी में उतरना प्रतिबंधित
गाजीपुर। छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार को तहसील सेवराई के नरवां घाट तथा रेवतीपुर ब्लॉक के पोखरों सहित विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। वहीं, गंगा नदी के कई गहरे जल वाले घाटों पर श्रद्धालुओं के प्रवेश, स्नान और अर्घ्य देने के लिए पानी में उतरने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नरवां घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले सभी घाटों पर आने-जाने वाले रास्तों को व्यवस्थित करते हुए बैरिकेडिंग कराई जाए। पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी घाटों पर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं समय से पूरी होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम बनाने, पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने तथा नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि गोताखोर निर्धारित ड्रेस में मुस्तैद रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर समय से तैयारियां पूरी करें।
गहरे पानी वाले घाटों पर अर्घ्य देने के लिए उतरने पर रोक
दूसरी ओर, श्रद्धालुओं की जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर गंगा नदी के गहरे जल वाले घाटों पर निषेधाज्ञा लागू की गई है। उपजिलाधिकारी सदर द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत आदेश जारी कर जनसामान्य के प्रवेश, स्नान, अर्घ्य देने के लिए पानी में उतरने और अन्य गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
तहसील सदर क्षेत्र के छोटा महादेवा घाट, बड़ा महादेवा घाट, फॉक्सगंज घाट, रिवर बैंक घाट एवं पत्थर घाट पर पानी अत्यधिक गहरा पाया गया है। इसके अलावा थाना सुहवल क्षेत्र के युवराजपुर तथा तहसील जमानिया के भोले बाबा की चौरी घाट पर भी गहरे पानी में प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। प्रशासन के अनुसार इन घाटों पर छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में गहरे पानी में उतरने से डूबने और जनहानि की आशंका को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश
जारी आदेश के तहत संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद गाजीपुर को खतरनाक स्थलों पर बैरिकेडिंग कराने, चेतावनी बोर्ड लगाने और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ गोताखोरों, बचाव दल एवं जीवनरक्षक उपकरणों की व्यवस्था भी की जाएगी। निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे छठ महापर्व के दौरान केवल सुरक्षित एवं चिह्नित स्थलों पर ही पूजा-अर्चना और अर्घ्य दें तथा प्रतिबंधित गहरे जल वाले घाटों में उतरने से बचें।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सेवराई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, पुलिस बल एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।