25 हजार पेंशनरों को बड़ी राहत! घर बैठे स्मार्टफोन से बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र

गाजीपुर के 25 हजार पेंशनरों को बड़ी राहत! अब घर बैठे स्मार्टफोन से बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र, कोषागार में भी एक महीने तक निःशुल्क शिविर

कोषागार और बैंकों के चक्कर लगाने से मिलेगी मुक्ति, 1 से 30 नवंबर तक चलेगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0; बुजुर्गों की मदद के लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय में विशेष व्यवस्था

गाजीपुर। जिले के हजारों पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें सालाना जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए कोषागार और बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेंशनभोगी घर बैठे अपने स्मार्टफोन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र तैयार कर जमा कर सकेंगे। इसके लिए शासन के निर्देश पर 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह पालीवाल की अध्यक्षता में जनपद के पेंशनर संघ के अध्यक्षों एवं मंत्रियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने और जमा करने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनरों की सुविधा के लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय में एक महीने तक निःशुल्क शिविर लगाया गया है। यहां तकनीकी जानकारी नहीं रखने वाले बुजुर्गों को भी डिजिटल प्रमाणपत्र बनवाने में सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गाजीपुर कोषागार से उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों एवं अन्य प्रदेशों से जुड़े करीब 25 हजार पेंशनभोगी हैं। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) से जुड़े भी हजारों पेंशनर जनपद में हैं। सभी पेंशनभोगियों को साल में एक बार अपना जीवित होने का प्रमाण देना अनिवार्य होता है, ताकि उनकी पेंशन बिना किसी बाधा के जारी रह सके। डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बैंक, डाकघर और जनसेवा केंद्र के माध्यम से भी जमा किया जा सकता है। इसके अलावा पेंशनर स्वयं अपने स्मार्टफोन से फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए प्रमाणपत्र बना सकते हैं। शासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनभोगियों को डिजिटल व्यवस्था से जोड़कर उनकी परेशानियां कम करना है।

घर बैठे ऐसे बनाएं डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र

पेंशनर स्वयं या उनके परिवार का कोई सदस्य स्मार्टफोन के माध्यम से आसानी से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बना सकता है।

सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से आधार फेस आईडी और जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड करें।

जीवन प्रमाण ऐप खोलकर ऑपरेटर के रूप में आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें तथा ओटीपी से सत्यापन करें।

इसके बाद पेंशनभोगी का नाम, पीपीओ नंबर, बैंक खाता संख्या और पेंशन स्वीकृत करने वाली अथॉरिटी का नाम दर्ज करें।

मोबाइल का फ्रंट कैमरा चालू करें और ऐप पर दिए गए निर्देशों के अनुसार चेहरे का स्कैन कराएं।

स्क्रीन पर सफल प्रमाणीकरण का संदेश दिखाई देने के बाद डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र तैयार हो जाएगा।

इसके बाद मोबाइल पर जीवन प्रमाणपत्र आईडी का एसएमएस प्राप्त होगा, जिसकी सहायता से प्रमाणपत्र पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है।

बुजुर्गों के लिए कोषागार में निःशुल्क सुविधा

वरिष्ठ कोषाधिकारी ने पेंशनरों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अवश्य जमा करें। जिन बुजुर्गों को स्मार्टफोन या तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, वे वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय में 1 नवंबर से 30 नवंबर तक लगाए गए निःशुल्क शिविर का लाभ उठा सकते हैं। इससे पेंशन जारी रखने के लिए आवश्यक वार्षिक प्रक्रिया आसानी से पूरी की जा सकेगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.