गाजीपुर के हॉकी स्टार राजकुमार पाल को राष्ट्रपति ने दिया अर्जुन अवार्ड, जिले का बढ़ाया मान
जिमनास्टिक्स खिलाड़ियों के लिए चयन ट्रायल का ऐलान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में किया सम्मानित
14 नवंबर को नेहरू स्टेडियम में होगा जिमनास्टिक्स खिलाड़ियों का जिला स्तरीय ट्रायल
गाजीपुर। जनपद के होनहार हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल ने एक बार फिर जिले का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है। शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि से गाजीपुर सहित पूरे प्रदेश और देश में खुशी की लहर है। राजकुमार पाल को यह सम्मान उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, खेल भावना और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया है। भारतीय हॉकी टीम में उनके शानदार प्रदर्शन और टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान ने उन्हें देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना दिया है। वर्षों के संघर्ष, लगन और मेहनत के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद एवं समस्त प्रशिक्षकों ने राजकुमार पाल को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजकुमार पाल आगे भी भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे। जिमनास्टिक्स प्रतियोगिता के लिए 14 नवंबर को होगा ट्रायल
इधर, जनपद के जिमनास्टिक्स खिलाड़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक-बालिका जिमनास्टिक्स प्रतियोगिता 24 से 26 नवंबर 2026 तक आगरा में आयोजित होगी। वहीं सीनियर महिला एवं पुरुष जिमनास्टिक्स प्रतियोगिता 19 से 21 नवंबर 2026 तक गोरखपुर में प्रस्तावित है। इन प्रतियोगिताओं के लिए जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल 14 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार गाजीपुर में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी सुबह 9:30 बजे तक अपनी प्रविष्टि दे सकते हैं। खिलाड़ियों को अपने साथ फोटोयुक्त पात्रता प्रमाण पत्र, प्रधानाचार्य से प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। एक तरफ राजकुमार पाल की अर्जुन अवार्ड उपलब्धि ने गाजीपुर को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है, वहीं दूसरी ओर जिमनास्टिक्स के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने जा रहा है।