गाजीपुर में 12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, हजारों मामलों के निस्तारण की तैयारी
गाजीपुर। जनपद के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। आगामी 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें आपसी सुलह-समझौते के आधार पर विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत जनपद न्यायालय गाजीपुर, बाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां और जमानियां सहित विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों में आयोजित होगी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाली इस लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास ने बताया कि लोक अदालत में उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे एवं लघु आपराधिक वाद, पारिवारिक विवाद, धारा 138 एनआई एक्ट, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर दुर्घटना अधिनियम, चकबंदी, श्रम, उपभोक्ता फोरम, बाट-माप, कराधान और बिजली चोरी से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही सुलह-समझौते एवं मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवादों को भी निस्तारित कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसी क्रम में जनपद न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में 12 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान यातायात पुलिस, नगर पालिका, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। राष्ट्रीय लोक अदालत के जरिए आमजन को अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति से त्वरित समाधान पाने का अवसर मिलेगा।