महिला महाविद्यालय की प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाया हुनर, निबंध में रचना यादव तो क्विज में खुशबू ने मारी बाजी
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में मंगलवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के तत्वावधान में मतदान के महत्व को लेकर निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची, EVM एवं VVPAT तथा लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।

निबंध प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा रचना यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बीए तृतीय वर्ष की विजयलक्ष्मी प्रजापति द्वितीय और बीए द्वितीय वर्ष की आकांक्षा सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं क्विज प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की खुशबू ने प्रथम स्थान हासिल किया। एमए द्वितीय वर्ष की कोमल यादव द्वितीय तथा बीए प्रथम वर्ष की लक्ष्मी कश्यप तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं का चयन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर एवं जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामनाथ केसरवानी ने छात्राओं को मतदान संबंधी शपथ दिलाई। आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ओमशिवानी एवं डॉ. मनीष सोनकर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।