वित्तीय साक्षरता से मजबूत होगी ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति, बिरनो के दो गांवों में लगी जागरूकता चौपाल
यूनियन बैंक और आरोह फाउंडेशन ने ग्रामीणों को बचत, बीमा और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
गाजीपुर। वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत विकासखंड बिरनो के चक कपिल और बीकापुर गांव में यूनियन बैंक एवं आरोह फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जन जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता, बचत की आदत और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनियन बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख विनय शंकर ने कहा कि देश की आर्थिक तरक्की में वित्तीय साक्षरता की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आय के अनुसार छोटी-छोटी बचत करने की आदत विकसित करनी चाहिए। इससे भविष्य की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

जिला अग्रणी प्रबंधक राजदेव कुमार ने वित्तीय समावेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। वहीं, भारतीय रिजर्व बैंक से जिला अग्रणी अधिकारी श्रवण कुमार ने ग्रामीणों से वित्तीय जागरूकता अपनाने और सरकारी योजनाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने की अपील की।

आरोह फाउंडेशन के डीसी रितेश सिंह ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने, नियमित बचत करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के प्रति जागरूक किया गया।