डीएम अनुपम शुक्ला सख्त, 5 साल पुराने मुकदमों पर बड़ा आदेश!

गाजीपुर में डीएम अनुपम शुक्ला सख्त, 5 साल पुराने मुकदमों पर बड़ा आदेश!

लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को दी चेतावनी

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनहित से जुड़े मामलों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। जनता दर्शन के दौरान उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारियों को पांच साल से अधिक समय से लंबित राजस्व वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए एआर कोऑपरेटिव के साथ समन्वय स्थापित कर लेखपालों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद-बीज के लिए भटकना नहीं पड़े। गोआश्रय स्थलों की व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी गोआश्रय स्थलों पर गोवंशों के लिए चारा, पानी, प्रकाश और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहें। उन्होंने बिना अनुमति कहीं भी मूर्ति स्थापित न होने देने के निर्देश दिए और इस संबंध में उपजिलाधिकारियों को स्वयं निगरानी रखने को कहा। कोहरे को देखते हुए सड़क सुरक्षा के लिए वाराणसी-गोरखपुर एनएच-31, गाजीपुर-बारा-बक्सर मार्ग और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर प्रकाश, रिफ्लेक्टर और आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय समय से पूरे कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी इंट्री पॉइंट्स पर नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को आपसी समन्वय से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। कर्मचारियों के लंबित मानदेय के मामलों में मुख्य विकास अधिकारी से संवाद स्थापित कर शीघ्र निस्तारण कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी के इन निर्देशों से स्पष्ट है कि राजस्व वादों के निस्तारण, किसानों की सुविधा, गोवंश संरक्षण और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब सख्ती बरतने के मूड में है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.