गाजीपुर में खाद की किल्लत की अफवाह पर डीएम का बड़ा बयान, 34 हजार मीट्रिक टन यूरिया और 7400 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध
ओवररेटिंग करने वाले सचिवों पर दर्ज होगा मुकदमा, सोसायटी बंद मिली तो भी होगी कार्रवाई
गाजीपुर। जनपद में खाद की कमी को लेकर किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। जिले में यूरिया और डीएपी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। यह जानकारी जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने देते हुए किसानों से अपील की कि वे किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और निर्धारित सरकारी दर पर ही खाद खरीदें।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में लगभग 34,000 मीट्रिक टन यूरिया और 7,400 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। चार से पांच दिन पहले सैदपुर क्षेत्र की कुछ सरकारी दुकानों पर खाद की अनुपलब्धता की शिकायत सामने आई थी। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निजी क्षेत्र से 600 मीट्रिक टन खाद सरकारी दुकानों के लिए डायवर्ट कराई थी।
उन्होंने बताया कि आज भी लगभग 350 मीट्रिक टन खाद प्राप्त हुई है। इसके अलावा आधी रैक भी मिल चुकी है और अगले तीन से चार दिनों में डीएपी की एक और रैक आने की संभावना है।
सरकारी रेट से ज्यादा वसूली तो होगी कानूनी कार्रवाई
डीएम ने खाद की निर्धारित कीमतों की जानकारी देते हुए बताया कि यूरिया का सरकारी मूल्य 266 रुपये और डीएपी का मूल्य 1,350 रुपये प्रति बोरी है। यदि कोई दुकानदार या समिति निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई सचिव ओवरचार्जिंग करता पाया गया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं, किसी सोसायटी पर सचिव द्वारा जानबूझकर ताला बंद रखने की शिकायत मिलने पर भी कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इससे पहले धरना-प्रदर्शन करने वाले एक सचिव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
खाद वितरण के लिए तैनात किए गए लेखपाल
खाद वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। राजस्व विभाग और अन्य विभागों के कर्मचारी पुलिस के सहयोग से खाद वितरण की निगरानी करेंगे। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि खाद की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग या सोसायटी बंद रहने की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।