12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, बैंक ऋण और बीमा विवादों का होगा निस्तारण
गाजीपुर में तैयारियां तेज, आपसी सुलह-समझौते से निपटाए जाएंगे हजारों मामले; आमजन को मिलेगा त्वरित न्याय का अवसर
गाजीपुर। आमजन को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 12 दिसंबर 2026 को जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जनपद न्यायालय गाजीपुर, बाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां और जमानियां सहित विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों में लंबित मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर कराया जाएगा।राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर शनिवार, 21 नवंबर को जनपद न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-01 एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत शक्ति सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास सहित विभिन्न बैंकों, बीमा कंपनियों एवं इंश्योरेंस संस्थानों के अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सचिव बलराम दास ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे एवं लघु आपराधिक मामले, पारिवारिक विवाद, धारा 138 एनआई एक्ट, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर दुर्घटना वाद, चकबंदी, श्रम, उपभोक्ता फोरम, बाट-माप, कराधान, बिजली चोरी सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा वैवाहिक विवादों को सुलह-समझौते एवं मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारित कराने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। बैठक में विशेष रूप से बैंक ऋण, बीमा एवं इंश्योरेंस से संबंधित मामलों को आपसी सहमति के आधार पर निपटाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की रणनीति बनाई गई। इसके लिए सोशल मीडिया, स्थानीय रेडियो चैनल, मीडिया चैनल, यूट्यूब और दैनिक समाचार पत्रों के माध्यम से आमजन को जागरूक करने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने अधिक से अधिक वादों को राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल कराकर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिल सके और आपसी सहमति से विवादों का समाधान हो सके।