गाजीपुर में मतदाता सूची को लेकर चला विशेष अभियान, डीएम ने की अपील; 28 और 29 नवंबर को फिर मिलेगा मौका
18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं के लिए जरूरी खबर! मतदाता सूची में नाम नहीं है तो भरें फार्म-6, घर बैठे ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत रविवार को जनपद में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची और आवश्यक प्रपत्रों के साथ मौजूद रहे। मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई, जहां लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और नाम हटवाने के लिए फार्म भरने में सहायता प्रदान की गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है और वह 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहा है या कर चुका है, तो वह आवश्यक दस्तावेजों के साथ फार्म-6 भरकर बीएलओ अथवा पदाभिहित अधिकारी के पास जमा कर सकता है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में निवास स्थान परिवर्तन, नाम-पते सहित अन्य प्रविष्टियों में सुधार तथा ईपीआईसी कार्ड के प्रतिस्थापन के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। वहीं मृतक, स्थानांतरित अथवा डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फार्म-7 जमा करने की व्यवस्था है।
युवाओं को भी मिलेगा अग्रिम आवेदन का मौका
डीएम ने बताया कि 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा भी अग्रिम रूप से फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। मतदाता ECINET मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फार्म-6, 7 एवं 8 भर सकते हैं।
28 और 29 नवंबर को फिर चलेगा विशेष अभियान
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) 2026 को भी जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने तथा पात्र युवाओं एवं परिवारजनों को भी जागरूक करने की अपील की।