गाजीपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर डीएम का ताबड़तोड़ निरीक्षण, बूथों पर पहुंचकर परखी व्यवस्था
18 साल पूरे कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को दी सख्त हिदायत
गाजीपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों का औचक निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले उच्च प्राथमिक विद्यालय विशेश्वरगंज स्थित विधानसभा क्षेत्र 375 के मतदान बूथ का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर जनसंख्या के सापेक्ष लगभग 64 प्रतिशत मतदाता पंजीकृत होने चाहिए। विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

इसके बाद जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय अंधऊ के बूथ संख्या 305, 306 एवं 307 तथा कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय अंधऊ के बूथ संख्या 1, 2, 3 और 4 का निरीक्षण किया। उन्होंने होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में बूथ संख्या 333 से 341 तक कुल नौ बूथों की व्यवस्था भी देखी।

इसी क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय बीकापुर के बूथ संख्या 178, 179 एवं 180, प्राथमिक विद्यालय चक अब्दुल वहाब के बूथ संख्या 326 एवं 327 तथा कुमार ग्रामीण बालिका इंटर कॉलेज, गहिली बसारिकपुर स्थित तीन बूथों का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विशेष अभियान दिवस पर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाई जाए। खासकर पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं का फॉर्म-6 भरवाकर उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अधिकतम समावेशी बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य किया जाए।
