भीम आर्मी ने 26 नवंबर की महारैली को लेकर बनाई रणनीति, गाजीपुर से लखनऊ तक महारैली की तैयारी

26 नवंबर को लखनऊ में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली


गाजीपुर में बहुजन एकता और सामाजिक न्याय की लड़ाई तेज करने का ऐलान, भीम आर्मी ने उठाई राजनीतिक भागीदारी की आवाज


दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, शिक्षा, रोजगार और संविधान की सुरक्षा को बताया प्रमुख मुद्दा

गाजीपुर। भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में 26 नवंबर 2026 को लखनऊ के रमाबाई अम्बेडकर मैदान में आयोजित होने वाली बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। संगठन के जिला संयोजक एडवोकेट मनोज कुमार गौतम ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक एवं शोषित समाज को अपने संवैधानिक अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज देश में वंचित समाज को अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ने की जरूरत है। सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर चन्द्रशेखर आजाद रावण और असदुद्दीन ओवैसी जैसे नेताओं के बीच एकजुटता की संभावनाओं को लेकर समाज में चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन की लड़ाई संविधान, समानता और भाईचारे के आधार पर आगे बढ़नी चाहिए।

एडवोकेट मनोज कुमार गौतम ने दो प्रमुख मुद्दों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। इसके साथ ही शिक्षा और रोजगार में सभी को समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने संविधान और आरक्षण की सुरक्षा, गरीबों, मजदूरों, किसानों एवं नौजवानों के अधिकार तथा सामाजिक भेदभाव और अन्याय के खिलाफ एकजुट संघर्ष को संगठन की प्राथमिकता बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य किसी समाज या राजनीतिक दल के खिलाफ लड़ाई लड़ना नहीं, बल्कि वंचित और शोषित समाज को न्याय, सम्मान और अधिकार दिलाना है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनपद के सभी सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, युवाओं और जागरूक नागरिकों से सामाजिक परिवर्तन एवं संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की गई। अंत में उन्होंने कहा कि बहुजन एकता केवल नारों से मजबूत नहीं होगी, बल्कि आपसी सम्मान, समान भागीदारी और साझा संघर्ष से इसे मजबूत बनाया जा सकता है। संगठन का संकल्प संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय की स्थापना और बहुजन समाज का सम्मान है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.