गाजीपुर में यूनियन बैंक का मेगा शिविर, ग्रामीणों को मिला बैंकिंग योजनाओं का लाभ; बीमा क्लेम के चेक भी वितरित
जनधन, केवाईसी और किसान क्रेडिट कार्ड के लिए लगाए गए काउंटर, महाप्रबंधक ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
गाजीपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत ग्राम सभा कस्बा कोएरी, शादियाबाद में मेगा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार के नेतृत्व में दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर में बैंक के महाप्रबंधक ज्ञान रंजन सारंगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं केडी गुप्ता विशिष्ट अतिथि तथा क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन एवं विनय शंकर सहित बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक ज्ञान रंजन सारंगी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों और ग्राहकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। मेगा शिविर में जनधन खाता, केवाईसी, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), ऋण और विभिन्न बैंकिंग योजनाओं से संबंधित अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। यहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लोगों का नामांकन भी कराया गया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत बीमा क्लेम के चेक नामांकित व्यक्तियों को वितरित किए गए। इसके साथ ही डेथ क्लेम के चेक भी लाभार्थियों को सौंपे गए। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए, जिससे उन्हें कृषि संबंधी जरूरतों के लिए बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए और शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बैंक मित्रों की सराहना की। इस आयोजन में सभी CBC कोऑर्डिनेटरों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।उल्लेखनीय है कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान 31 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक ग्राम में ऐसे शिविर आयोजित कर पात्र लोगों को बैंकिंग सेवाओं, ऋण सुविधाओं और सरकारी वित्तीय सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाना और लोगों को वित्तीय रूप से सुरक्षित एवं सशक्त बनाना है।