खाद की किल्लत नहीं! यूरिया से लेकर डीएपी तक पर्याप्त स्टॉक

गाजीपुर में खाद की किल्लत नहीं! यूरिया से लेकर डीएपी तक पर्याप्त स्टॉक, कालाबाजारी करने वाले विक्रेताओं पर होगी कड़ी कार्रवाई

एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने या खाद के साथ जबरन अन्य उत्पाद देने पर होगी कार्रवाई, किसानों से निर्धारित मूल्य पर खाद खरीदने की अपील

गाजीपुर। जनपद में किसानों के लिए राहत भरी खबर है। कृषि विभाग के अनुसार जिले में यूरिया, डीएपी समेत सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। किसानों को खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं, उर्वरकों की बिक्री में मनमानी करने वाले दुकानदारों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।nजिला कृषि अधिकारी ने बताया कि वर्तमान समय में जनपद में यूरिया 35,766 मीट्रिक टन, डीएपी 6,285 मीट्रिक टन, एमओपी 1,476 मीट्रिक टन, एनपीके 8,438 मीट्रिक टन तथा एसएसपी 4,029 मीट्रिक टन उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त नन्दगंज रैक से इफको की 2,371 मीट्रिक टन डीएपी की खेप जनपद को प्राप्त हुई है। इसमें पीसीएफ को 1,600 मीट्रिक टन तथा निजी क्षेत्र को 771 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराई गई है।

जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि किसानों को यूरिया सहित सभी उर्वरक निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ही उपलब्ध कराएं। यदि कोई दुकानदार एमआरपी से अधिक कीमत वसूलता है या यूरिया के साथ कम प्रचलित अन्य उत्पाद खरीदने के लिए किसानों पर दबाव बनाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कृषि वैज्ञानिकों की संस्तुति के अनुसार ही उर्वरकों का इस्तेमाल करें। जरूरत से ज्यादा खाद डालने से खेती की लागत बढ़ने के साथ मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बेहतर गुणवत्ता वाली उपज के लिए हरी खाद, कम्पोस्ट, वर्मी कम्पोस्ट, नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के प्रयोग को भी बढ़ावा देने की सलाह दी गई है। जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी किसान को खाद प्राप्त करने में परेशानी होती है या कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा मांगता है, तो वह जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अथवा संबंधित उप जिलाधिकारी से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। विभाग ने किसानों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराने का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.