राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर गाजीपुर की पांच गोशालाओं के संचालक सम्मानित, उत्कृष्ट कार्यों की हुई सराहना
पिपनार से सिंगेरा तक पांच गोशालाओं को मिला सम्मान, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
गाजीपुर। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर 26 नवम्बर 2026 को जनपद में आयोजित कार्यक्रम में गोसंरक्षण एवं गोशालाओं के बेहतर संचालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच गोशालाओं के संचालकों को सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से उपलब्ध कराए गए अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं गोशाला संचालन से संबंधित साहित्य प्रदान कर संचालकों का उत्साहवर्धन किया गया। सम्मानित होने वालों में वृहद गोसंरक्षण केंद्र पिपनार, विकासखंड सादात के संचालक संतोष राय, अस्थायी गोआश्रय स्थल मंडी समिति जलालाबाद, विकासखंड जखनियां के संचालक रुद्र प्रताप सिंह, अस्थायी गोआश्रय स्थल मलेठी मोड़ बहोपुर, विकासखंड बिरनो के संचालक अखिलेश सिंह, अस्थायी गोआश्रय स्थल नौली, विकासखंड रेवतीपुर के संचालक सुनील कुमार पांडेय तथा अस्थायी गोआश्रय स्थल सिंगेरा, विकासखंड मरदह के संचालक उदयमान सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी गाजीपुर डॉ. राकेश कुमार गौतम ने मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद को कामधेनु गाय की मूर्ति भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर गोसंरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने तथा गोशालाओं के सुचारु संचालन में योगदान देने वाले संचालकों की सराहना की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य गोशाला संचालकों का उत्साह बढ़ाने के साथ ही गोवंश संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करना रहा।