गाजीपुर में खाद की किल्लत पर प्रशासन का बड़ा कदम! 3050 मीट्रिक टन डीएपी और 4388 मीट्रिक टन यूरिया समितियों को आवंटित
किसानों को राहत देने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर हुआ खाद का वितरण, जमानियां की समितियों पर औचक निरीक्षण कर अधिकारियों ने परखी व्यवस्था
गाजीपुर। जनपद में रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर किसानों की मांग और क्षेत्रवार आवश्यकता का आकलन करने के बाद जनपद की सहकारी समितियों को 3050 मीट्रिक टन डीएपी और 4388 मीट्रिक टन यूरिया आवंटित की गई है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार समय से खाद उपलब्ध कराना है।आवंटित उर्वरक का नियमानुसार वितरण सुनिश्चित कराने के लिए 26 नवंबर 2026 को सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ने जमानियां क्षेत्र की विभिन्न सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने समितियों पर मौजूद किसानों से बातचीत कर खाद वितरण व्यवस्था, ओवररेटिंग और अन्य समस्याओं की जानकारी ली। उपस्थित किसानों ने समितियों की उर्वरक वितरण प्रणाली पर संतोष व्यक्त किया।

बफर गोदाम में भी पर्याप्त खाद का भंडार
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आवंटन के बाद भी जनपद के बफर गोदाम में 8879 मीट्रिक टन यूरिया और 3033 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक आरक्षित है। वहीं सहकारी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर 2365 मीट्रिक टन यूरिया और 1676 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में उर्वरक की किसी प्रकार की कमी नहीं है।
प्रति हेक्टेयर खाद की मात्रा निर्धारित
किसानों को खतौनी और फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर कृषि विभाग की प्रति हेक्टेयर संस्तुत मात्रा के अनुसार ही उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत प्रति हेक्टेयर 7 बोरी यूरिया और 5 बोरी फास्फेटिक उर्वरक की मात्रा निर्धारित की गई है। इसका कड़ाई से पालन कराने के लिए समिति कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।इसके साथ ही समिति सचिवों को निर्देश दिया गया है कि समितियों पर खाद लेने पहुंचे किसानों की संख्या और उपलब्ध स्टॉक को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी तरीके से वितरण किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को उर्वरक मिल सके और किसी किसान को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।