28 नवंबर को गाजीपुर में लगेगी विशेष लोक अदालत, वाहन चालान का होगा निस्तारण
लंबित ट्रैफिक चालानों से मिलेगी राहत! विशेष लोक अदालत में निस्तारण का सुनहरा मौका, न्यायिक अधिकारियों ने की बैठक
गाजीपुर। मोटर वाहन अधिनियम के तहत यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित लंबित चालानों के निस्तारण के लिए 28 नवंबर 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन दीवानी न्यायालय, गाजीपुर में होगा। इसमें वाहन चालान से संबंधित मामलों का निस्तारण कराया जा सकेगा।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के दिशा-निर्देशन में आयोजित होने वाली इस विशेष लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जनपद न्यायालय के दस कक्षीय सभागार में आवश्यक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-01 एवं नोडल अधिकारी शक्ति सिंह-I ने की। इस दौरान विशेष लोक अदालत में मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान से संबंधित अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अधिकाधिक संख्या में मामलों का निस्तारण कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास ने बताया कि 28 नवंबर को आयोजित विशेष लोक अदालत आमजन के लिए अपने लंबित वाहन चालानों का निस्तारण कराने का अवसर है।
उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे विशेष लोक अदालत में पहुंचकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित चालानों का निस्तारण कराएं और इस सुविधा का लाभ उठाएं।