मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष अभियान, बूथों पर पहुंचे BLO; नए वोटरों को मिला नाम जुड़वाने का मौका

गाजीपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष अभियान, बूथों पर पहुंचे BLO; नए वोटरों को मिला नाम जुड़वाने का मौका

पात्र मतदाता न छूटे! गाजीपुर के सभी बूथों पर चला विशेष अभियान, डीएम अनुपम शुक्ला ने की अपील

गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत शनिवार, 28 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहे और मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

अभियान के दौरान बीएलओ ने नागरिकों को मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने, अपात्र नामों को हटवाने तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए निर्धारित फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के बारे में विस्तार से बताया। पात्र नागरिकों को आवश्यकतानुसार प्रपत्र वितरित किए गए और भरे हुए आवेदन प्राप्त किए गए।

इसके साथ ही नागरिकों ने 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली में अपना नाम एवं अन्य विवरणों का सत्यापन भी किया, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर विशेष अभियान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदाता पंजीकरण कार्यों और आलेख्य मतदाता सूची की उपलब्धता का जायजा लिया।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अपील की कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकता है। वहीं, पहले से दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन कराने और निवास स्थान बदलने की स्थिति में फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। किसी अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम सूची से हटवाने के लिए फॉर्म-7 के जरिए आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें, ताकि आगामी निर्वाचन में मतदान के अधिकार से कोई भी पात्र नागरिक वंचित न रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.