लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति की मिली डॉ. स्वतंत्र सिंह को कमान, मोहन राठौर के बधाई गीत से गूंज उठा समारोह

लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति की मिली डॉ. स्वतंत्र सिंह को कमान, मोहन राठौर के बधाई गीत से गूंज उठा समारोह

सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए डॉ. स्वतंत्र सिंह, फूल-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत; सुर सम्राट मोहन राठौर ने अपनी गायकी से बांधा समां

गाजीपुर। स्मार्ट मोहल्ला शास्त्रीनगर में सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति को नया नेतृत्व मिल गया है। प्रतिष्ठित चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. स्वतंत्र सिंह को समिति का सर्वसम्मति से अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके अध्यक्ष बनने की घोषणा होते ही समिति के सदस्यों और मोहल्लेवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर बधाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सुर सम्राट के विजेता मोहन राठौर की शानदार प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।

डॉ. स्वतंत्र सिंह चिकित्सा सेवा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी लंबे समय से सक्रिय हैं। कोरोना काल के दौरान उनके सेवाभावी योगदान, मानवीय संवेदनशीलता और जनहित के प्रति समर्पण की लोगों ने सराहना की थी। उनके अनुभव और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए समिति के सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संस्था नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।

लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति स्मार्ट मोहल्ला शास्त्रीनगर में स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, पार्कों का सौंदर्यीकरण, योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता तथा जनसहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन करती रही है। नए अध्यक्ष के नेतृत्व में इन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने का संकल्प लिया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं सुर सम्राट के विजेता मोहन राठौर ने डॉ. स्वतंत्र सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं समिति के वरिष्ठ सदस्य संजय पांडेय ने अन्य सदस्यों के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माल्यार्पण कर नवनियुक्त अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। इस दौरान मोहन राठौर ने अपनी मधुर आवाज में बधाई गीत प्रस्तुत कर समारोह में संगीत का रंग भर दिया। उनकी शानदार गायकी पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों एवं मोहल्लेवासियों ने उम्मीद जताई कि डॉ. स्वतंत्र सिंह के नेतृत्व में सामाजिक एकता, आपसी सहयोग, स्वच्छता और जनकल्याण के कार्यों को नई गति मिलेगी। बधाई एवं शुभकामनाएं देने वालों में समिति के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र नाथ सिंह, सतीश चंद्र श्रीवास्तव, बृजेश कुमार सिंह, संजय पांडेय, अंबिका पांडेय, नीरज मानू, सुशील सिंह, संतोष सिंह, चंद्र मोहन सिंह, अभिनव सिंह, अभय सिंह सहित समिति के समस्त पदाधिकारी, सदस्य एवं मोहल्लेवासी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अंत में लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति परिवार ने डॉ. स्वतंत्र सिंह के सफल, सार्थक एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.