मतदाता सूची में नाम छूटने न पाए, हेतिमपुर पहुंचीं राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत बिंद, दो युवाओं का मौके पर भरवाया फार्म-6
18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने की पहल, सांसद ने स्वयं भरवाया पंजीकरण फार्म
गाजीपुर। मतदाता जोड़ो अभियान के तहत विकासखंड सदर की ग्राम पंचायत हेतिमपुर में बूथ संख्या 147 पर मतदाता सूची के निरीक्षण एवं नए मतदाताओं के नाम जोड़ने को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत बिंद ने सहभागिता करते हुए ग्रामीणों, माताओं-बहनों और युवाओं से संवाद किया। उन्होंने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर आवश्यक संशोधन कराने की अपील की।

इस दौरान सांसद ने बूथ संख्या 147 की मतदाता सूची का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। कार्यक्रम में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नवमतदाता पंकज कुमार पासी एवं अभिषेक कुमार पासी का पंजीकरण सुनिश्चित कराने के लिए डॉ. संगीता बलवंत बिंद ने स्वयं मौके पर ही उनका फार्म-6 भरवाया। इस पहल के जरिए उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ने और अपने मताधिकार के महत्व को समझने का संदेश दिया।

सांसद ने विशेष रूप से महिलाओं एवं युवाओं से मतदाता जोड़ो अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को समावेशी और त्रुटिरहित बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। सांसद ने लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए जागरूक करें, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे।