आसिफ खान बने प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष, संजय सिंह को जिला महासचिव की जिम्मेदारी
गाजीपुर। अवध पैराडाइज में प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल गाजीपुर की ओर से सम्मान समारोह एवं संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इसमें संगठन के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव असलम खान का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने आसिफ खान को जिलाध्यक्ष, संजय सिंह को जिला महासचिव तथा प्रिंस और सैजी काजमी को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।

बैठक में लखनऊ में प्रस्तावित व्यापारी सभा एवं विशाल रैली की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि संगठन प्रदेश की 300 विधानसभा क्षेत्रों तक अपनी पहुंच बनाने की योजना पर काम कर रहा है। प्रस्तावित रैली में करीब 25 से 30 हजार व्यापारियों के शामिल होने की संभावना है।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष आसिफ खान ने भरोसा दिलाया कि गाजीपुर से कम से कम 10 बसों के माध्यम से व्यापारियों को लखनऊ रैली में पहुंचाया जाएगा। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर व्यापारियों की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी हितों की आवाज मजबूती से उठाई जाएगी।

कार्यक्रम में डॉ. अरशद उस्मान, विनोद शर्मा, राजू प्रजापति, अमिताभ अनिल दुबे, असित सेठ, ओम नारायण सैनी, बादशाह राही, ताबिश, अरुण कुमार श्रीवास्तव, मनीष गुप्ता और संतोष सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
