29 नवम्बर की मनाई जाएगी कृष्णानंद राय की पुण्यतिथि, श्रद्धांजलि सभा में जुटेंगे कई दिग्गज नेता
गाजीपुर। भाजपा के पूर्व विधायक कृष्णानंद राय की पुण्यतिथि पर 29 नवंबर को मोहम्मदाबाद स्थित शहीद पार्क में शहादत दिवस के रूप में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसमें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर और दयाशंकर सिंह समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। इसके अलावा हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। पूर्व विधायक के पुत्र पीयूष राय ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पिता की पुण्यतिथि को शहादत दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक हस्तियों के साथ बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उल्लेखनीय है कि कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय भी मोहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुकी हैं।