भाजपा में अनस जमाल को मिली बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी, काशी क्षेत्र के क्षेत्र महामंत्री बने
गाजीपुर के अनस जमाल को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में मिला अहम दायित्व, सातों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प
गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अनस जमाल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का काशी क्षेत्र महामंत्री मनोनीत किया है। नगर के प्रकाश टाकीज निवासी अनस जमाल के इस मनोनयन की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके मनोनयन को गाजीपुर में संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार और अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

अनस जमाल लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत भाजपा बुनकर प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री के रूप में की थी। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और विभिन्न दायित्वों के निर्वहन को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने अब उन्हें काशी क्षेत्र में अल्पसंख्यक मोर्चा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। नई जिम्मेदारी मिलने पर अनस जमाल ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अल्पसंख्यक समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने विशेष रूप से गाजीपुर की सातों विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प जताया। कहा कि समाज के अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने, सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता से काम करेंगे। अनस जमाल के मनोनयन के बाद उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। उनके नए दायित्व को लेकर जिले के राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चा हो रही है। अब देखना होगा कि काशी क्षेत्र में अल्पसंख्यक मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में उनकी नई भूमिका किस तरह सामने आती है।