All posts by tiwarishivpratap

महिला पीजी कॉलेज में प्रवेश के लिए कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

बीए/बीएससी 5 जुलाई और एमए/एमएससी के लिए 15 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष- बीए /बीएससी फर्स्ट सेमेस्टर में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन जारी  है। इस हेतु इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अर्ह छात्राएं  महाविद्यालय की वेबसाइट http://www.gwpgc.ac.in पर जाकर अपना प्रवेश आवेदन कर 5 जुलाई  तक कर सकती हैं। अब महाविद्यालय में एम ए एवं एम एस सी कक्षाओं के लिए भी ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ हो गया है। जिसकी अंतिम तिथि 15 जुलाई है। महाविद्यालय में प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा तथा विषय आवंटन राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के तहत प्रवेश काउंसलिंग के द्वारा किया जाएगा।  यहां पर चार संकाय -विज्ञान, मानविकी, भाषा एवं ललित कला के अंतर्गत कुल 22 विषयों में स्नातक एवं 7 विषयों –  गृह विज्ञान, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, हिंदी अंग्रेजी, शिक्षाशास्त्र, प्राचीन इतिहास मे एम ए अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। विज्ञान संकाय के अंतर्गत एमएससी बॉटनी में अध्ययन की सुविधा है। यहां पर बी ए के अंतर्गत कुल 827 सीटें एवं बीएससी के अंतर्गत 130 सीटें प्रवेश हेतु उपलब्ध हैं। परास्नातक स्तर पर शिक्षा शास्त्र में 40 एवं एम ए के अन्य सभी विषयों  में 60-60 सीटें प्रवेश के लिए उपलब्ध हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी के अनुसार प्रदेश सरकार की विशेष पहल पर महाविद्यालय में पहली बार रोजगारपरक पाठ्यक्रम के अंतर्गत बी बी ए रिटेल का तीन वर्षीय  स्नातक पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। इस कोर्स में 60 सीटों पर प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ है।  स्नातक करने के पश्चात सुनिश्चित रोजगार करने हेतु इच्छुक इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राएं इस कोर्स में ऑनलाइन प्रवेश पंजीकरण करा सकती हैं। महाविद्यालय में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाली सभी छात्राओं के लिए कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य है। साथ ही यहां पर समय समय पर अनेक रोजगारपरक सर्टिफिकेट कोर्स/कार्यशाला भी संचालित किए जाते हैं।  महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार के अनुसार स्नातक प्रवेश हेतु काउंसलिंग जुलाई के प्रथम सप्ताह में एवं परास्नातक प्रवेश हेतु काउंसलिंग जुलाई के तृतीय सप्ताह में प्रस्तावित है। छात्राएं अपनी मेरिट सूची के अनुसार निर्धारित काउंसलिंग तिथि को अपने ऑनलाइन प्रवेश आवेदन की मूल प्रति तथा हाई स्कूल- इंटरमीडिएट के अंक पत्र; जाति प्रमाण पत्र, भारांक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र के साथ काउंसलिंग हेतु तैयार रहें। छात्राएं एवं अभिभावक महाविद्यालय की वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें एवं किसी भी जिज्ञासा के लिए दिए हुए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकती है।

फोटो उत्सव 2.0 का हुआ आयोजन

गाजीपुर फोटोग्राफी एसोसिएशन ने किया फोटो उत्सव 2.0 का आयोजन

कई जिलों से फोटोग्राफरो और वीडियोग्राफरों ने लिया भाग

गाजीपुर। रविवार को गाजीपुर फोटोग्राफी एसोसिएशन के तरफ से फोटो उत्सव 2.0 का आयोजन एक पैलेस में आयोजित किया गया। इस आयोजन का शुभारंभ उत्तर प्रदेश फोटोग्राफी संघ के अध्यक्ष दिनेश चंद्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान प्रदेश संगठन से मिथिलेश, अमर सिंह, अंश अनंत भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल व पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने संगठन का उत्साहवर्धन किया। इस फोटो उत्सव में पूरे भारतवर्ष के अलग-अलग क्षेत्र से फोटोग्राफी, वीडियोेाग्राफी कंप्यूटर, कैमरे, प्रिंटिंग से संबंधित कई स्टाल लगाए गए थे जिसमें  गाजीपुर, भदोही, बलिया, वाराणसी, मऊ इत्यादि जगहों के फोटोग्राफर, वीडियोे ग्राफरो ने आकर के इस आयोजन को पूर्ण रूप से सफल बनाया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधीर केसरी ने किया। समापन की घोषणा संजय सिंह जिला प्रभारी ने किया। मंच का संचालन अंशुल प्रजापति मीडिया प्रभारी ने किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में गाजीपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन के पवन, संजय वर्मा, मिथिलेश चौहान, संजय पासवान, डब्बू सिंह, गोपाल, गौरव, सुरेंद्र जायसवाल, सुनील कुमार, विनोद प्रजापति, रमेश कुमार, रविंद्र यादव, विनय चौरसिया, विपिन चौरसिया, आकाश कश्यप एवं अन्य सभी पदाधिकारियो की अहम भूमिका रही।

राशन कार्ड धारकों को कराना होगा ई-केवाईसी

राशन कार्ड धारकों को कराना होगा ई-केवाईसी


किसी भी उचित दर के दुकान पर जाकर ई-केवाईसी करा सकता है


गाजीपुर। जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त सिंह ने बताया है कि उ0प्र0 शासन द्वारा राशनकार्ड से आच्छादित समस्त लाभार्थियों के ई-केवाईसी का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए प्रदेश के समस्त उचित दर विक्रेताओं की ई-पास मशीन पर ई-केवाईसी सम्बन्धी सुविधा उपलब्ध करा दी गयी हैं। प्रदेश के समस्त राशनकार्ड के मुखिया सहित सभी सदस्यों की ई-केवाईसी कराए जाने का अभियान  जून 2024 से प्रारम्भ कर दिया गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए राशनकार्ड के मुखिया सहित समस्त सदस्यों का सहयोग नितान्त आवश्यक है। ई-केवाईसी अभियान के महत्वपूर्ण बिन्दु है। राशनकार्ड लाभार्थियों की ई-केवाईसी का कार्य ई-पॉस के माध्यम से उचित दर विक्रेताओं के सहयोग से निःशुल्क कराया जा रहा हैं। लाभार्थी अपनी निकटतम किसी भी उचित दर दुकान पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। ई-केवाईसी हेतु लाभार्थियों का बायोमेट्रिक ऑथेन्टिकेशन किया जाएगा। ई-केवाईसी के साथ इस विकल्प के अन्तर्गत राशनकार्ड से मोबाइल नम्बर जोड़े जाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिसका उपयोग राशनकार्ड मुखिया द्वारा करते हुए मोबाइल नम्बर फीड संशोधित किया जा सकेगा। इस मोबाइल नम्बर पर कार्ड पर प्राप्त होने वाले राशन का विवरण एस०एम०एस० द्वारा प्राप्त होगा। उक्त के अतिरिक्त यदि किसी राशनकार्ड में मुखिया से परिवारजन का सम्बन्ध गलत प्रदर्शित है, तो उसे भी सुधारा जा सकेगा। इस संशोधन का अधिकार भी केवल राशनकार्ड के मुखिया को होगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी राशन कार्ड धारको से अपील किया है कि उचित दर दुकानों पर जाकर अपने राशनकार्ड में अंकित मुखिया सहित सभी सदस्यो का ई-केवाईसी पूर्ण कराना सुनिश्चित करें । उचित दर विक्रेताओं को यह भी निर्देशित किया जाता हैं कि जो कार्डधारक उनकी दुकान पर अपना राशनकार्ड, आधार लेकर जाता है उसका अविलम्ब ई-केवाईसी करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार से विलम्ब न किया जाय।

जायसवाल TVS शोरूम में TVS IQUBE के दो नए मॉडल लॉन्च

गाजीपुर। टू व्हीलर कंपनी TVS ने आज जायसवाल TVS के महाराजगंज शोरूम में TVS IQUBE के दो नए मॉडल लॉन्च किए। इस भव्य समारोह में 12 ग्राहकों को नई गाड़ियों की डिलीवरी दी गई और 15 ग्राहकों ने बुकिंग की। नए मॉडल्स, TVS IQUBE 09 और ST, एक बार चार्ज करने पर 150 किमी की रियल रेंज, 950 वाट का फास्ट चार्जर (2 घंटे में 80% चार्ज), 118+ फीचर्स के साथ 7 इंच का टचस्क्रीन, एलेक्सा असिस्ट, 82 किमी/घंटा की टॉप स्पीड, जियो फेंसिंग, एंटी थेफ्ट अलर्ट, GPS, रिवर्स/फ्रंट पार्किंग और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी सुविधाओं के साथ आएंगे। जायसवाल TVS के एमडी सुभीत जायसवाल ने बताया कि TVS IQUBE डिस्क ब्रेक के साथ 12 इंच के डायमंड कट अलॉय व्हील, फ्लैट और बड़ा फुट स्पेस, चौड़ी और लंबी कुशन सीट, 32 लीटर का स्टोरेज स्पेस और मजबूत बॉडी इसे TVS की पेट्रोल गाड़ियों जैसा अनुभव कराती है, जो इसे फैमिली स्कूटर के रूप में पसंदीदा बनाती है।

TVS का भरोसा, मजबूत नेटवर्क और जायसवाल TVS के सर्व सुविधा युक्त सर्विस सेंटर अब इलेक्ट्रिक गाड़ियों को अपनाना और भी सुगम बनाते हैं। जायसवाल TVS के डायरेक्टर शिवशंकर प्रसाद ने सभी ग्राहकों को नई गाड़ी का टेस्ट ड्राइव करने हेतु आमंत्रित किया और बताया कि लॉन्चिंग के अवसर पर कंपनी द्वारा ₹12,300 का कैशबैक दिया जा रहा है, जिससे एक्स-शोरूम कीमत ₹94,999 हो जाएगी। फाइनेंस की सुविधा मात्र ₹10,000 जमा करके 5.99% ब्याज दर पर उपलब्ध है। इस अवसर पर विजय यादव, रवि, अर्पित, कंचन, शैलेश और अजय ने आगंतुकों का स्वागत किया।

आभूषण और पैसे लेकर कर हुए फरार

गहनें और पैसे लेकर चोर हुआ फरार

गाजीपुर। रेवतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामबृक्षकापुरा में बीते सोमवार की देर रात को चोरों ने छत के सहारे मकान में प्रवेश कर कमरें का ताला तोडकर अटैची, ब्रीफकेश में रखा सोने व चांदी के करीब दो लाख का आभूषण व उन्नीस हजार नगदी लेकर फरार हो गये। अटैची, ब्रीफकेश को मकान के बगल में एक खेत में फेंक दिया। इसकी जानकारी पिडित परिवार को मंगलवार की सुबह हुई। जब वह शौच के लिए छत से नीचे उतरे तो देखा कि कमरें का दरवाजा टूटा पडा हुआ है, कमरें के अंदर प्रवेश करते ही उसके होश उड गये। उसमें रखा अटैची, ब्रीफकेश समेत उसमें रखा  सोने का मंगलसूत्र, चांदी की करधनी, नाक, कान में का सोने का आभूषण जिसकी कीमत करीब दो लाख और उन्नीस हजार नगद गायब था। इसकी सूचना पिडित ने लिखित रूप से पुलिस को दी, चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच छानबीन में जुट गई।पिडित मोती लाल शर्मा ने बताया की वह बढई का काम करता है, वह अपने परिजनों के साथ रोज की तरह भोजन करने के बाद परिवार समेत रात को कमरा बंद कर छत पर सोने चले गये। उन्होंने बताया कि जब वह भोर में शौच के लिए छत से नीचे उतरे तो देखा कि कमरें के दरवाजा का ताला टूटा हुआ है, शक होने पर जब वह अंदर गया तो देखा कि अटैची, ब्रीफकेश गायब था। जिसमें उसकी पत्नी का सोने व चांदी का आभूषण के अलावा 19 हजार नगदी था। बताया कि चोरों ने आभूषण व नगदी लेकर बाकी सामान मकान के बगल में फेंककर फरार हो गये, पिडित ने पुलिस से मांग किया कि‌ जल्द इस चोरी का पर्दाफाश कर चोरों को सलाखों के पिछे भेंजा जाए।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। बताया कि मौके पर पुलिस बल भेंज कर उसकी छानबीन की जा रही है। जल्द ही इसका पर्दाफाश कर दिया जाएगा ।

अज्ञात कारणों से लगी, लाखों का नुकसान

अज्ञात कारणों से लगी, लाखों का हुआ नुकसान

गाजीपुर। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नरायनापुर गाँव में‌ मंगलवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसके चलते 29 ग्रामीणों की 64 आवासीय झोपड़ी समेत सब्जी मंडी भी इस भीषण आग की चपेट में आने जलकर राख हो गई। इस अगलगी में नौ साइकिल, एक बाइक, चार डीजल इंजन, एक ट्रीलर भी जल गया, साथ ही आग की चपेट में आने से एक गाय, बीस बकरी भी झुलसकर मर गए। इस आग से झुलसे जानवरों का पशु चिकित्सक के द्वारा इलाज किया जा रहा है। ग्रामीणों के सूचना के बाद  पहुंचे दो दमकल के सहयोग और खुद के भी निजी संसाधनों से सहारे आग पर काबू पाने में जुट गये। करीब चार घंटे के कडे मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे आग पर काबू पाया जा सका, तब तक सब जलकर राख हो चुका था। पिडितों व ग्रामीणों के मुताबिक इस भीषण अगलगी में घर गृहस्थी का पूरा सामान, खाद्यान्न, जानवरों का चारा, कपडा, बिस्तर, चारपाई आदि सब जल गया। इस आग में करीब दस लाख से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।

सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान रमेश यादव ने इसकी सूचना राजस्व अधिकारियों दी, जिसके बाद पहुंचे हल्का लेखपाल उपेन्द्र कुमार शर्मा ने हुए नुकसान का सर्वे रिपोर्ट बनाकर इसकी रिपोर्ट आलाधिकारियों को प्रेषित कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि सभी पिडितो को जल्द सहायता उपलब्ध कराया जाए ताकि उन्हें सहुलियत हो सके।लेखपाल उपेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि जिन लोगों की झोपड़ी जली है उनमें सुवंश, डब्लू, बबलू, संतोष, मनोज, भोला, शिवकुमार, अरविन्द, प्रमोद, अशोक, राधा, पारसनाथ, कपिलदेव, विजय, अशोक, रवि, गोरख, घूरहू, राधेश्याम, सुनिल, अनिल, बद्री, किरती, विश्वनाथ, पप्पू, श्रवण, आशीष, दीपक और हरिवंश की झोपडियां जलकर राख हो गई है।एसडीएम संजय यादव ने बताया कि 29 लोगों की 64 झोपडियां, उसमें रखा सामान, जानवर आदि जल गया है। उन्होंने बताया कि लेखपाल के रिपोर्ट के आधार पर पिडितों को जल्द ही सहायता दी जाएगी। कहा कि आग पर भी काबू पा लिया गया है।

कुशीनगर में सम्मानित हुए जिले के तीन शिक्षक

राज्य स्तरीय शैक्षिक उन्नयन कार्यशाला कुशीनगर में सम्मानित हुए गाजीपुर से तीन शिक्षक

गाजीपुर। मिशन शिक्षण संवाद एवं बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वाधान जनपद कुशीनगर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय शैक्षिक उन्नयन कार्यशाला में गाजीपुर के तीन शिक्षक हुए सम्मानित। 14 एवं 15 जून को जनपद कुशीनगर के पी०एन० नेशनल पब्लिक स्कूल के सभागार में आयोजित दो दिवसीय शैक्षिक कार्यशाला में उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों से चयनित शिक्षक साथियों का आगमन हुआ। इस कार्यशाला में आये हुए इन शिक्षकों के द्वारा अपने अपने विद्यालयों में किए जाने वाले शैक्षिक प्रयासों का पीपीटी एवं वीडियो के माध्यम से प्रस्तुतिकरण किया गया। साथ ही साथ बच्चों के विकास के लिए किए जा रहे विभिन्न नवाचारों को भी प्रस्तुत किया गया।   इस राज्य स्तरीय कार्यशाला में जनपद गाजीपुर से तीन शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले इन तीन शिक्षकों में कंपोजिट विद्यालय कुचौरा, विकासखण्ड करंडा  से सहायक अध्यापिका  प्रीति सिंह , कंपोजिट विद्यालय डीलिया, विकासखण्ड सदर  से डा. रितु श्रीवास्तव , कंपोजिट विद्यालय सुहवल, विकास खंड रेवतीपुर से सहायक अध्यापक राजेश दूबे  रहे। तीनों शिक्षकों के द्वारा अपने अपने विद्यालय में बच्चों के बहुमुखी विकास के लिए निरन्तर प्रयास किए जा रहे। आप सब के द्वारा नित नवीन विधियों व विभिन्न प्रकार के टीएलएम आदि के माध्यम से बच्चो के सर्वांगीण विकास का प्रयास किया जाता है।  आप सब के प्रयासों का परिणाम भी सुखद रहता है। वर्ष दर वर्ष बच्चों के चयन की संख्या में भी वृद्धि होती जा रही है। इन सभी के कठिन परिश्रम एवं लगन को देखते हुए इस कार्यशाला में आमन्त्रित किया गया औऱ वहाँ पर जनपद कुशीनगर के विभिन्न विधानसभाओं के विधायक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के द्वारा अंगवस्त्रम एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पान्टून सेतु पर वाहनों का आवागमन रहेगा बंद

गाजीपुर। अधिशासी अभियन्ता निर्माण खण्ड-1 लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को बताया है कि जनपद में सेवराई तहसील के अन्तर्गत गंगा नदी पर स्थित गहमर फिरोजपुर पान्टून सेतु पर वाहनों का आवागमन 14 जून के प्रातः से पूर्णतः बन्द कर दिया जायेगा। 15 जून की प्रातः से गहमर फिरोजपुर पान्टून सेतु पर वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेगा।

15 से 21 जून तक मनाया जाएगा योग दिवस

गाजीपुर। दशम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2024 के मौके पर बड़ी संख्या में लोग संभावित स्थल पुलिस लाईन में शामिल होंगे। शासन की ओर से भव्य योग कार्यक्रम और शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके पूर्व योग सप्ताह का आयोजन 15 से 21 जून तक किया जाएगा। इसमें जिला मुख्यालय के साथ तहसील, विकास खंड और ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए योग शिविरों के आयोजन किये जायेगे। जिसमें सभी विभागों के कर्मचारी तथा अधिकारी शामिल होंगे। शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में जिला संचालन समिति की बैठक करके तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में उन्होंने योग दिवस के आयोजन के लिए तैयार कार्य योजना पर व्यवस्था दुरूस्त करने का निर्देश संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को दिया।

कहा कि 15 जून को योग दिवस का उद्घाटन जिला स्तर के अलावा तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा। इसमें सामूहिक योग कार्यक्रम किए जाएंगे। सभी सीएचसी, पीएचसी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एकीकृत आयुष चिकित्सालय एवं अन्य आयुष चिकित्सालयों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। योगाभ्यास के लिए जिले के प्राचीन सांस्कृतिक पर्यटन स्थल, ऐतिहासिक महत्व के स्थान, प्रमुख नदियों, झीलों, तालाबों, अमृत सरोवरों के किनारे एवं प्रमुख नैसर्गिक सौंदर्य से पूर्ण स्थलों को, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शामिल किया जाएगा। योग दिवस को ‘‘योग स्वयं एवं समाज के लिए‘‘ थीम के साथ मनाया जाएगा। योग सप्ताह में 15 से 21 जून 2024 को सुबह 6 बजे से सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे से 12 बजे तक विद्यालयों और स्थानों पर योग से संबंधित रंगोली, निबंध, स्लोगन, आंशू भाषण, ड्राइंग आदि प्रतियोगिताएं होंगी। दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक योग के महत्व कार्यक्रम के तहत सेमीनार आयोजित किये जायेगे। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, परियोजना निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेसन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, नेहरू युवा केन्द्र के साथ योग सम्बन्धी अधिकारी कर्मचारी उपस्थिति रहें।

चेयरमैन के रवैये से अक्रोशित सभासदों ने डीएम को सौंपा पत्रक

चेयरमैन के मनमाने रवैये से अक्रोशित सभासदों ने जिलाधिकारी को सौंपा पत्रक

जांच कर कार्यवाही करने की सभासदों ने किया मांग

गाजीपुर। नगरपालिका जमानियां अध्‍यक्ष के मनमाना रवैये से आक्रोशित सभासदों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी अनुपस्थिति में संबंधित अधिकारी  को पत्रक सौंपा। इसके बाद सभी सभासदों ने एडीएम को भी पत्रक सौंपा। पत्रक में सभासदों ने बताया कि नगरपालिका जमानियां अध्‍यक्ष बिना बोर्ड की बैठक बुलाये, सभासदों और बिना प्रस्‍ताव के विकास कार्य करा रहे हैं। जो विधि सम्‍मत नही है। पत्रक में सभासदों ने अध्‍यक्ष पर कई आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की। सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा सभासदों को गुमराह करते हुए बिना बोर्ड की बैठक बुलाए ही नवीन कार्य हेतु प्रस्ताव पास किया जा रहा है।

सभासदों ने कहा कि शासन को प्रस्ताव भेजकर नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा मनमानी ढंग से कार्य कराया जा सकता है। ऐसी परिस्थितियों में नगर पालिका परिषद जमानिया अध्यक्ष द्वारा किए गए उक्त कार्य विधि विरुद्ध एवं नियमों के विपरीत है। यदि इस प्रकार का कोई पत्र जो बिना बोर्ड के प्रस्ताव के नवीन कार्य हेतु नगर पालिका परिषद जमानिया द्वारा भेजा जाए तो उसे तत्काल निरस्त किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा बिना बोर्ड के प्रस्ताव कराए सभासदों को गुमराह कर हस्ताक्षर अध्यक्ष ने अपने नाम से प्रार्थना पत्र पर प्रस्ताव करवा कर नवीन कार्य हेतु बनाकर शासन को भेज सकते हैं। पत्रक सौंपने वालों में अनिशा खातुन, रजनीकांत उपाध्‍याय, रजिया, शबाना खातुन, पूनम यादव, राधेश्‍याम राम, शमसुन निशा, रफत जहां, सचिन कुमार, रोहित शर्मा, राकेश कुमार, मनीष सिंह यादव, प्रमोद यादव, अहमद अली, माया देवी आदि लोग थे।