All posts by tiwarishivpratap

गो आश्रय स्थलों पर पूंजी गई गौ माता

गाजीपुर। प्रदेश में जन्माष्टमी का पर्व पारम्परिक रूप से धूम-धाम से मनाया जाता है। जन्माष्टमी के पर्व पर गाय को भगवान श्री कृष्ण से जुड़ा होने के कारण गाय का पौणारिक महत्व भी है साथ ही हम सभी गाय को माता मानते है। इस लिए इस दिन गो-माता की भी विशेष पूजा अर्चना किये जाने की परम्परा है। इस क्रम में गुरूवार को जनपद के 57 गो आश्रय स्थलों में जन्माष्टमी का पर्व गो-माता की पूजा अर्चना कर एवं उन्हें गुड़ और केला खिलाकर धूम-धाम से मनाया गया। गोआश्रय स्थल आर०टी०आई० में नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्षता सरिता अग्रवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी सन्तोष कुमार वैश्य द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ गौ पूजा कर गायों को माला पहनाकर गुड़ व केला खिलाया और गायों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना किया। इसी प्रकार मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करायी जाय तथा लंपी डिजीज से पशुओं को बचाने के लिए समुचित चिकित्सा का प्रबंध किए जाए। पशु के चारा-पानी की समुचित व्यवस्था की जाय। मुख्य विकास अधिकारी ने गौ-आश्रय स्थल पर साफ सफाई नही पायी एवं उनके गोबर व मल मूत्र का निकास हेतु अव्यवस्था को देखते हुए नाराजगी व्यक्त किया।

सम्बन्धित नगर पालिका के अधिकारी को निर्देशित किया कि चारो तरफ टीन सेट की व्यवस्था, गोबर एवं विशेष पानी की निकासी हेतु नाली की व्यवस्था तत्काल की जाय। बताया गया कि बाहर में नाली की कोई व्यवस्था न होने पर समस्या आय दीन होती रहती है। उस पर मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने तत्काल रोड के किनारे नाली बनायी जाय। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित एवं राजस्व अरूण कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर प्रखर उत्तम, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा० शिवकुमार रावत, पशु चिकित्साधिकारी डा० रजनीश कुमार, जिला सूचना अधिकरी राकेश कुमार एवं नगर पालिका व पशुपालन विभाग कर्मचारी आदि उपस्थित रहे। वृहद गोसंरक्षण केन्द्र करीमुद्दीनपुर में उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद आशुतोष कुमार, कान्हा गोशाला जमानियाँ में उप जिलाधिकारी जमानियाँ हर्षिता तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, पप्पू राय, समस्त सभासद जमानियॉ एवं जनपद के अन्य गोआश्रय स्थलो में खण्ड विकास अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं ग्रामवासियों की मौजूदगी में गो-माता की पूजा की गयी, उन्हें फूल माला पहनाया गया तथा गुड़ एवं केला खिलाया गया।

मांगो को लेकर विद्युत कर्मियों ने घेरा कार्यालय

विद्युत कर्मियों ने घेरा अधीक्षण अभियंता कार्यालय


गाजीपुर। विद्युत मजदूर पंचायत के बैनर तले विद्युत कर्मियों ने अपनी 13 सूत्रीय मांगो को लेकर बुधवार को अधीक्षण अभियंता का घेराव किया, जिसमे विद्युत मजदूर पंचायत के प्रांतीय महामंत्री निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि अधीक्षण अभियंता के पास विद्युत मजदूर पंचायत के प्रतिनिधियों द्वारा कई बार मिलकर कर्मचारी समस्याओं से अवगत कराया लेकिन अधीक्षण अभियंता द्वारा कभी भी गंभीरता से उन समस्याओं को नही लिया गया। बल्कि संगठन प्रतिनिधियों द्वारा कर्मचारी समस्याओं को कई बार मिलकर मौखिक रूप से अवगत कराए जाने से इनके द्वारा संगठन से नाराजगी भी जाहिर की गई। जिससे संगठन को यह स्पष्ट हो रहा है की इनका कर्मचारी समस्याओं से कोई लेना देना नही है और न ही इनके द्वारा किसी समस्या को निस्तारित कराने में कोई रुचि है जिसमे प्रबंध के प्रति विद्युत कर्मचारियों में काफी आक्रोश है।
वही प्राइवेट मीटर रीडरो को 20 माह से ईपीएफ खाते में नही गया है एवं उपकेंद्र पर कार्यरत संविदा कर्मियों के भी खाते में कई माह से ईपीएफ कटौती नही की जा रही है इसकी जांच कराई जाय। शासन के निर्देशों को ताक पर रखकर अधिकारियों एवं ठेकेदारों द्वारा गरीब मजदूरों का पैसा लूटा जा रहा है। वही प्राइवेट मीटर रीडरो को वर्तमान स्टर्लिंग एजेंसी से पूर्व तत्कालीन एनसाफ्ट कंपनी ने मीटर रीडरो को नियुक्त करने से पूर्व 15,15 हजार का डीडी लिया था और तत्कालीन एंसॉफ्ट कंपनी ने मीटर रीडरो को अवगत कराया था कि कंपनी द्वारा कार्य छोड़ने के समय 15,15 हजार का डीडी वापस कर दिया जायेगा लेकिन लगभग दो वर्ष बाद भी अभी तक डीडी वापस नही किया गया जिसमे साफ प्रदर्शित होता है की इन गरीब मजदूरों का पैसा विभागीय अधिकारियों एवं कंपनी की मिलीभगत द्वारा डकार लिया गया। वही अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में चार एयर कंडीशनर निविदा करके लगवाया गया है लेकिन खंडों के द्वारा आपके कार्यालय को पत्र के द्वारा सूचित करने के बाद भी खंडों में एयर कंडीशनर की बेवस्था नही कराई गई यह भेदभाव उचित नहीं है।

वही जिला संरक्षक शिवदर्शन सिंह ने बताया कि विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की सांकेतिक हड़ताल जो मार्च 2023 महीने में हुई थी। जिसमे जनपद से 37 कर्मचारियों को कार्य पर न दिखाकर कार्य से हटा दिया गया था जिसमे तमाम संविदा कर्मियों ने आवेदन पत्र प्रस्तुत किया। जिस पर अवर अभियंता, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार की रिपोर्ट प्रस्तुत हुई। जिसमे उन लोगो को प्राप्त दस्तावेज के आधार पर कार्य पर बताया गया है परंतु इन संविदा कर्मियों को अभी तक नही रखा गया है, जिसमे तत्काल सभी संविदा कर्मियों को कार्य पर रखा जाय। वही किसी भी खंड कार्यालय,उपखंड कार्यालय, एवं सभी उपकेंद्रों पर ना ही बैठने की व्यवस्था है ना ही शौचालय,पानी की व्यवस्था है और ना ही साफ सफाई होती है। वही विद्युत दफ्तरों में रिकार्ड रखे जाने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण दीमक लग जा रहा है जिससे रिकार्ड के जल्द खराब होने की पूरी संभावना है। जिसमे विद्युत कर्मी मानसिक रूप से तनाव में ड्यूटी करते हैं। वही अधिशाषी अभियंता जमानिया हेमंत सिंह आए दिन तुगलकी फरमान से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को बेवजह आर्थिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहते हैं। चाहे मीटर रीडर हो, संविदा कर्मी हो या फिर कोई बाबू हो सबके साथ इनके द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है जिसको लेकर इस अधिशाषी अभियंता के प्रति विद्युत कर्मियों में काफी तनाव की स्थिति बनी हुई है। हम मांग करते है कि ऐसे अधिकारियों को अपने स्तर से समझा दिया जाय नही तो संगठन जब आंदोलन करेगा तो फिर जमानिया से इनको जाना पड़ेगा। घेराव में जिला अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा, जिला मंत्री विजयशंकार राय, मंडल अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव सहित सैकड़ों की संख्या में विद्युत कर्मी मौजूद रहे।

दवा के लिए दर-दर भटक रहे मरीज और परिजन

क्षय रोग की दवा के लिए दर-दर भटक रहे हैं मरीज और उनके परिजन

गाजीपुर। जिले में जहां पर करीब 3156 क्षय रोग के मरीज का इलाज क्षय रोग विभाग के द्वारा किया जा रहा है। जिसके तहत सभी मरीजों को निशुल्क दवा विभाग की तरफ से मरीज को उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही साथ निश्चय पोषण योजना के तहत ₹500 प्रतिमाह 6 माह तक उनके खाते में पोषण हेतु भी भेजा जाता है।। लेकिन पिछले कई महीनो से क्षय रोग के मरीजों के लिए विभाग की तरफ से दवा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। जिसके चलते मरीज परेशान नजर आ रहे हैं। ऐसे ही एक मरीज के परिजन विनोद कुशवाहा पूर्व मनोनीत सभासद नगर पालिका के द्वारा बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में एमडीआर मरीज की दवा उपलब्ध कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र भी दिया गया। विनोद कुशवाहा ने बताया कि उनकी बेटी एमडीआर मरीज है। जिसके लिए 18 महीने तक दवा चलना अनिवार्य होता है । लेकिन पिछले कई महीनो से विभाग के द्वारा उन्हें दवा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। जिसके लिए उन्हें बाजार का सहारा लेना पड़ रहा है। उनके करीब एक सप्ताह की दवा लगभग 1200 के आसपास पड़ रही है। वही इस संबंध में एसीएमओ डॉ मनोज सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विभाग के द्वारा दवा की सप्लाई नहीं आ रही है जिसके चलते इस तरह की प्रॉब्लम आ रही है। जिला कार्यक्रम समन्वयक मिथिलेश सिंह ने बताया कि अप्रैल माह से ही क्षय रोग के मरीजों की पूरी दवा की सप्लाई नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि प्लेन इंडिया पोस्ट ऑफिस के माध्यम से जनपद के सभी सेंटर पर दवा पहुंचाई जाती है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले दवा की सप्लाई हुई थी। जो अगले 15 से 1 माह के अंदर एक्सपायरी भी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि विभाग के द्वारा लोकल परचेज करने के लिए पत्र भेजा गया है। जिसके लिए उन्होंने इसके लिए सीएमओ ऑफिस फाइल भेजी है। लेकिन अभी तक खरीदारी नहीं हो पाई है। बताते चले की भारत सरकार के द्वारा 2025 में क्षय रोग उन्मूलन के तहत कई तरह के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं । ऐसे में सवाल उठता है कि जब मरीज को दवा नहीं मिल पाएगी तो कैसे होगा क्षय रोग उन्मूलन।

प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले हॉस्पिटल को मिलेगा पुरस्कार

कायाकल्प अवार्ड के लिए हुआ अवेयरनेस बैठक

गाजीपुर। भारत सरकार के द्वारा 2015 से राजकीय चिकित्सालय में स्वच्छता एवं हाइजीन व्यवस्था को सुदृढरित करने हेतु कायाकल्प अवार्ड योजना चलती है। जिसके अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अर्बन प्राथमिक केंद्र तथा हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर को कायाकल्प अवार्ड के अंतर्गत आच्छादित करने के लिए तीन चरणों में असेसमेंट इंटरनल एंड एक्सटर्नल किया जाता है। इसी को लेकर बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में एसीएमओ डॉ मनोज सिंह की अध्यक्षता में 2 दिवसीय अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के सभी ब्लॉकों के बीपीएम ,चिकित्सा अधीक्षक, सीएचओ, नर्स मेंटर शामिल रहे। यह अवेयरनेस कार्यक्रम 9 सितंबर को भी चलेगा। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज सिंह ने बताया कि 5 सितंबर और 9 सितंबर को जनपद के सभी ब्लॉकों में कार्यरत चिकित्सा अधीक्षक बीपीएम सहित अन्य लोगों को बैठक के माध्यम से कायाकल्प अवार्ड योजना के बारे में जानकारी दी गई।

उन लोगों को अपने स्वास्थ्य केंद्र को इस अवार्ड के लिए किन मुख्य बिंदुओं पर काम करना होगा ताकि शासन के द्वारा भेजी गई टीम के माध्यम से उनका स्वास्थ्य केंद्र इस योजना में चयनित हो। डीसीपीएम अनिल वर्मा ने बताया कि कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी पूर्व में चयनित किया जा चुका है। जिसमें 200000 का पुरस्कार उक्त स्वास्थ्य केंद्र को मिला था। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत जिला अस्पताल का चयन होने पर प्रदेश स्तर पर प्रथम आने पर 50 लाख, द्वितीय आने पर 20 लाख और तीसरा स्थान आने पर 10 लाख का पुरस्कार है। वही कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के लिए प्रथम स्थान पर 15 लाख ,सेकंड 10 लाख का पुरस्कार देय है। प्राईमरी हेल्थ सेंटर या हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर प्रथम स्थान आने पर 2 लाख का पुरस्कार दिया जाता है। इस कार्यक्रम में डीपीएम प्रभुनाथ डॉक्टर आरपीसी सोलंकी पब्लिक हेल्थ सलाहकार क्वालिटी इंश्योरेंस वाराणसी डिविजन अनिल शर्मा एडमिन प्रोग्राम असिस्टेंट व अन्य लोग शामिल रहे।

जनता को प्रलोभन देकर अपनी भूख को पूरा करना चाहती है भाजपा

गाजीपुर। बुधवार को समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय लोहिया भवन पर आयोजित हुई। इस बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में नाम बढ़ाने, बिजली कटौती, नहरों की सफाई और बूथ स्तर संगठन के विस्तार पर विस्तृत रूप से चर्चा की गयी। इसके साथ साथ 9 अगस्त को अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर सेक्टर वार आयोजित जनचौपाल में आयी जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से मिलने का भी फैसला लिया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से जनपद को सूखाग्रस्त करने की मांग किया। इस बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने सभी कार्यकर्ताओं से सांगठनिक कार्यों को गंभीरता से लेने की हिदायत दिया। कहा कि सांगठनिक कार्यों में लापरवाही कत्तई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं साम्प्रदायिक सोच की चर्चा करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार को षड्यंत्रकारी बताया। कहा कि वह जनता को प्रलोभन देकर अपने सत्ता की भूख को पूरा करना चाहती है। चारों तरफ अराजकता फैली हुई है। मंत्रियों के घर पर हत्या हो रही हैं। इसके बावजूद भाजपा नेताओं द्वारा प्रदेश में कानून का राज और रामराज होने का दावा किया जा रहा है। चारों तरफ लूट मची हुई है। थाने और तहसील लूट के केन्द्र बन गये हैं।‌ जब देश मंहगाई, भ्रष्टाचार और बेरोज़गारी की आग में जल रहा है, ऐसे दौर में भाजपा सरकार देश को इंडिया बनाम भारत के मुद्दे पर उलझाना चाहती है। भाजपा सरकार का मकसद‌ झूठ फरेब के बल पर और देशवासियों का भावनात्मक शोषण कर सत्ता हासिल करना है। जनता के बुनियादी सवालों से भाजपा सरकार का‌ कुछ भी लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि जब इंडिया शब्द से भाजपा को आत्म गौरव का बोध नहीं हो रहा था तो शाइनिंग इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया का नारा देते समय उन्हें अपनी गलती और आत्म गौरव का एहसास क्यों नहीं हुआ? जनता इनकी असलियत जान चुकी है। जनता के बीच अपनी घटती लोकप्रियता देख भाजपा सरकार जनता का ध्यान बुनियादी सवालों से हटाकर ऐसे भावनात्मक मुद्दों की ओर खींचना चाहती है लेकिन 2024 के चुनाव में जनता ने भाजपा सरकार को सबक सिखाने का मन बना लिया है, जनता उन्हें बख्शने वाली नहीं है, आगामी लोकसभा के चुनाव में उनकी बिदाई तय है। इस बैठक में मुख्य रूप से रामधारी यादव,सुरज राम बागी, चन्द्रिका यादव, अशोक कुमार बिंद,राम जी राय, रविन्द्र प्रताप यादव, मदन यादव,मारकन्डेय यादव, तहसीन अहमद, राजेंद्र यादव, कमलेश यादव, बलिराम यादव, डॉ समीर सिंह,राजेश कुमार यादव, परशुराम बिंद, रमेश यादव,केसरी यादव, दिनेश यादव ,राम सिंह, हीरा लाल सिंह यादव,विजय शंकर चौरसिया, कैलाश यादव,शेर अली राईनी, रमेश गोड़, रामप्रकाश यादव,भरत यादव,रामविजय यादव, फिरोज जमाल अंसारी,अपरवल यादव, कन्हैया यादव, आदित्य यादव, गोपाल यादव, वंशराज यादव आदि उपस्थित थे। बैठक का संचालन जिला सचिव एवं मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने किया।

बंदियों को समय से समुचित विधिक सहायता प्राप्त हो:सचिव

गाजीपुर। बुधवार को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला कारागार का जिले के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव दीपेन्द्र कुमार गुप्ता द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से निःशुल्क अधिवक्ता, जेल लोक अदालत तथा उनकी जेल अपील से संबंधित अन्य समस्याएं पूछी गयी। बंदियों के यथोचित अधिकार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया तथा उनके संवैधानिक अधिकारों के विषय में विस्तृत जानकारी दी गयी।
सचिव द्वारा पुरूष एवं महिला बैरक का भी निरीक्षण किया गया। जेल के कई बंदियों से बात कर उनकी समस्याओं को समझने के साथ ही उनके निस्तारण का निर्देश भी दिया। सचिव ने कारापाल को जिला कारागार में स्थित जेल लीगल क्लीनिक पर विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए ताकि जेल में निरूद्ध बंदियों को समय से व समुचित विधिक सहायता प्राप्त हो सके। उन्होंने कारागार परिसर में साफ-सफाई, मच्छरो के बचाव के लिए छिड़काव के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर कारापाल रविन्द्र सिंह यादव उपस्थित रहे।

मोदी और योगी देश-प्रदेश के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं: मनोज तिवारी

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के सांसद, भोजपुरी गायक, अभिनेता मनोज तिवारी का रविवार को घोसी उप चुनाव प्रचार के अंतिम दिन वाराणसी से मऊ जाते समय महाराजगंज तिराहे पर भाजपा जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस अवसर पर मनोज तिवारी ने अपने चिर परिचित अंदाज में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और कहा कि भाजपा सरकार नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार देश और प्रदेश के विकास, सम्मान एवं जनता के कल्याण के लिए काम कर रही है। मनोज तिवारी के साथ जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह के नेतृत्व में गाजीपुर के पदाधिकारियों का एक जत्था चुनाव प्रचार के लिए घोसी भी रवाना हुआ जो आज चुनाव प्रचार बन्द होने तक वहां घर घर जनसंपर्क कर लोगों को भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने का अनुरोध करेगा।

इस अवसर पर प्रदेश कार्य समिति सदस्य प्रोफेसर शोभनाथ यादव, जमानियां नगरपालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, सुरेश बिंद, अच्छेलाल गुप्ता, जितेन्द्र नाथ पाण्डेय, अखिलेश सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, संतोष चौहान, मंडल अध्यक्ष गोपाल राय, प्रवीण त्रिपाठी, संजीत सेवार्थ, मुरली कुशवाहा, अनिल जायसवाल, रंजीत कुमार राम, संजय बिंद, नन्दू प्रधान, कमलेश गुप्ता, अमित जायसवाल, विनोद राय, अरविंद कश्यप, ओमकार सिंह, अरविन्द बिंद सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता रहे।

आयुष मंत्री पहुंचे आयुर्वेदिक चिकत्सालय, दिया निर्देश

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एम ओएस) दयाशंकर मिश्र दयालु ने शनिवार को आयुष हेल्थ वेलनेस सेंटर, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बहादुरगंज का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टर्स की उपस्थिति और साफ-सफाई सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। दयालु ने कहा कि मरीजों की उचित देखभाल होनी चाहिए। मरीज आए तो डॉक्टर अनुपस्थिति न पाए जाएं। मरीज के साथ-साथ उनके साथ आने वाले तीमारदारों के साथ भी अच्छा व्यवहार करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीज को वैलनेस सेंटर से ही दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही मरीजों की पूरी देखभाल की जाए, जिससे कि बीमार पूरी तरीके से संतुष्ट होकर ही घर जाए।

समीक्षा बैठक में डीएम ने दिया अधिकारियों को निर्देश, कहा……

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में नगर निकायो मे कराये जा रहे विकास कार्याे की समीक्षा बैठकं शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक नगर पालिका/पंचायतवार विगत 3 वर्षो से 14 वे वित्त आयोग एवं 15वे वित्त आयोग से कराये जा रहे कार्याे, स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति-विशेषकर एन0जी0टी0 के आदेश के क्रम में समयबद्ध अनुपालन हेतु इंगित विन्दुओ पर निकाय की प्रगति, स्वच्छ सर्वेक्षण पर सिटीजन फीडबैक एवं स्वच्छ मंच निकाय की प्रगति, कान्हा गौशाला हेतु आवंटित धनराशि के उपयोबग की अद्यतन स्थिति, कर-करेत्त सग्रह , रैन बसेरा की स्थिति, गढ्ढामुक्त सड़के व प्लास्टिक पॉलिथीन , आडिट आपत्तियों के सम्बन्ध में विस्तृत रूप से समीक्षा करते हुए जानकारी ली ।उन्होने समस्त सबन्धित अधिकारियेां को निर्देश दिया कि निकायो मे हुए निर्माण कार्याे को गठित समिति द्वारा जॉच के उपरान्त भुगतान की कार्यवाही की जाये। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) मे जिन लाभार्थियों द्वारा धनराशि प्राप्त होने के बावजूद निर्माण कार्य नही करा रहे उनका निरीक्षण कर निर्माण पूर्ण करवाये। उन्होने समस्त अधिकारियेां को पी एम स्वनिधि योजना मे सक्रियता लाने का निर्देश दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अरूण कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर प्रखर उत्तम, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/पंचायत गाजीपुर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

एमजेआरपी स्कूल में लगे आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी का बीएचयू के असिस्टेंट प्रोफेसर ने किया शुभारंभ

गाजीपुर। महात्मा ज्योतिराव फूले पब्लिक स्कूल जगदीशपुरम के एक्टिविटी हॉल में शुक्रवार को दो दिवसीय आर्ट एण्ड क्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कला प्रदर्शनी का शुभारम्भ मुख्य अतिथि डॉ० शान्ति स्वरूप सिन्हा (असि० प्रो० फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट बी0एच0यू0 ) एवं विशिष्ट अतिथि डॉ० मनीष अरोड़ा (असि० प्रो० फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट बी०एच०यू०) के द्वारा दीप प्रज्जवलन से हुआ। इस कला प्रदर्शनी में कक्षा प्रथम से बारहवीं तक के छात्रों ने अपनी चित्रावलियों का प्रदर्शन किया। जिसमें कला व आर्ट एण्ड काफट से संबंधित कलाकृतियों में भारतमाता, पेड़ लगाओ देश बचाओ, गंगा स्वच्छता अभियान, बालश्रम एवं सर्व शिक्षा अभियान आदि प्रदर्शित की गयी। इस कला प्रदर्शनी में मुख्य आकर्षण का केंद्र चन्द्रयान- 3 एवं धोनी का व्यक्तिचित्र रही। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राजेश कुशवाहा व सह प्रबंधक संध्या कुशवाहा ने अतिथियों का स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इस भव्य आयोजन के लिए छात्रों एवं शिक्षकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस कला प्रर्दशनी में लगायी गयी कलाकृतियों में जीवन की अभिव्यक्ति स्पष्ट झलकती है। इन कलाकृतियों के माध्यम से समाज को अप्रत्यक्ष रूप से बदलने का प्रयास किया गया है।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ० मनीष अरोड़ा ने कहा कि चित्र की भाषा इतनी सरल एवं सहज होती है कि इसे शिक्षित एवं अशिक्षित दोनों ही बड़ी सहजता से समझ लेते है। यदि हम चाहे तो घर में पड़ी बेकार चीजों का प्रयोग कर हम अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कला के क्षेत्र में करते हुए नयी चीजों का निर्माण कर सकते हैं। यदि हम प्रसन्नता के साथ कोई कार्य करते हैं तो निश्चित उस कार्य में विशिष्टता दिखाई देती है। जो हमें यहा कला प्रदर्शनी में देखने को मिला। अतिथि के द्वारा राखी मेकिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुदर्शन सिंह कुशवाहा, हरि कुशवाहा, महजबीन बानों, अनिल कुशवाहा व राजीव गुप्ता ( कला शिक्षक) धनलक्ष्मी वर्मा, दिनकर सिंह एवं अन्य शिक्षकगण व छात्र उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रबंधक राजेश कुशवाहा ने मुख्य अतिथियों का आभार प्रकट करते हुए इस आयोजन के लिए छात्रों एवं कला शिक्षकों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य राकेश पाण्डेय ने किया।