All posts by tiwarishivpratap

10 से 14 जुलाई तक चलेगा अभियान


गाजीपुर। नेहरू युवा केंद्र गाजीपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संचालन के लिए केंद्र कार्यालय पर नेशनल यूथ वॉलिंटियर एवं क्लब के सक्रिय पदाधिकारियों की बैठक मंगलवार को संपन्न हुई। बैठक में जिला युवा अधिकारी कपिलदेव ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार जनपद के प्रत्येक गांव में बैठक कर सूचना पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। गांव में बैठक के दौरान 75 स्थानीय प्रजाति के पौधों से वाटिका तैयार किए जाने की योजना तैयार की जानी है। यह अभियान  जुलाई 10 जुलाई से प्रारंभ हो चुका है जो 14 जुलाई तक चलेगा ।जिला युुवा  अधिकारी कपिल देव ने युवा मंडलों के पदाधिकारियों से भी अपील किया है कि सभी गांव में बैठ कर  पोर्टल पर अपलोड करें। राष्ट्रीय महत्व के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से सफलतापूर्वक आयोजन हेतु स्थानीय प्रशासन एवं एनएसएस का अवश्य सहयोग लिया जाए ।बैठक का संचालन नेहरू युवा केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद ने किया । इस अवसर पर एक जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। फतेहपुर सिकंदर में एक बैठक कर सभी एनवाईवी को प्रशिक्षित भी किया गया ।गांव स्तरीय बैठक में सरोज कुमार राय, प्रदीप सिंह ,राकेश कुमार मौर्या आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

जागरूकता रैली को सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


गाजीपुर। जनसंख्या स्थिरता के लिए छोटा और सुखी परिवार का होना बहुत जरूरी है। इसी उद्देश्य से विश्व जनसंख्या दिवस पर मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से जन जागरूकता रैली व सारथी वाहन निकाले गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ देश दीपक पाल ने रैली और सारथी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ सीएमओ कार्यालय सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जनसंख्या स्थिरता के महत्व व फायदे पर विस्तृत चर्चा हुई।   सीएमओ ने कहा कि आज से जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा का दूसरा चरण सेवा प्रदायगी पखवाड़ा शुरू हो चुका है जो 24 जुलाई तक चलेगा। पखवाड़े के तहत नियत सेवा दिवस का आयोजन जिला महिला चिकित्सालय सहित सभी 16 ब्लॉक स्तरीय सीएचसी-पीएचसी पर किया जाएगा। इसके लिए कई सर्जन रोस्टर वार तैनात किए गए हैं जो पुरुष व महिला नसबंदी की सेवाएं प्रदान करेंगे। इसके अलावा सभी सरकारी चिकित्सालयों, नगरीय व ग्रामीण सीएचसी-पीएचसी, आयुष्मान भारत दृ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर बास्केट ऑफ च्वाइस के माध्यम से अन्य साधन जैसे अंतरा इंजेक्शन, माला एन, छाया, कंडोम, पीपीआईयूसीडी, आईयूसीडी की सेवाएं प्रदान की जाएंगी। परिवार नियोजन किट (कंडोम बॉक्स) में कंडोम, माला एन व आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली की उपलब्धता नियमित बनी रहे। सारथी वाहन ऑडियो क्लिप एवं पम्पलेट के माध्यम से समुदाय को जागरूक करेंगे। नगरीय क्षेत्र के लिए दो और ग्रामीण क्षेत्र के 64 सारथी वाहन 14 जुलाई तक संचालित किए जाएंगे।

संगोष्ठी में मौजूद एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुये कहा कि इस पखवाड़े में घर-घर जाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करें और इच्छुक दंपत्ति व लाभार्थियों को परिवार नियोजन की सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित करें। इसके अलावा सामुदाय के अंतिम व्यक्ति को सभी स्वास्थ्य सेवाओं का भी लाभ दिलाएँ। सीएमओ ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता को बढ़ावा देने और प्रजनन दर को कम करने में स्वास्थ्य विभाग प्रयासरत है। एसीएमओ व परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ मनोज कुमार ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को परिवार नियोजन सेवाओं के लिए प्रशिक्षित किया गया है जिससे वह समुदाय, लक्षित लाभर्थियों व दंपत्ति को आवश्यक परामर्श दे सकें और सेवाओं के लिए प्रेरित कर सकें। इस अभियान के माध्यम से जनसाधारण को सीमित व खुशहाल परिवार के प्रति जागरूक करने के साथ परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति देने के लिए प्रेरित करेंगे। परिवार कल्याण कार्यक्रम को रफ्तार देने के लिए सभी को जिम्मेदारी निभानी होगी। आशीर्वाद अभियान तहत स्वास्थ्य उपकेंद्र पर नवविवाहित दंपत्तियों को परिवार नियोजन शगुन किट का वितरण भी किया गया। समारोह में एसीएमओ डॉ एके मिश्रा, एसीएमओ डॉ जेएन सिंह, डीपीएम प्रभुनाथ, डीसीपीएम अनिल कुमार वर्मा, यूपीटीएसयू से जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ तबरेज अंसारी, गुड्डू केसरी, अबू बकर खान एवं अन्य अधिकारी व स्टाफ उपस्थित रहा।

फिर बनेगी मोदी सरकार: चेयरमैन

2024 में फिर से मोदी सरकार बनेगी-सरिता अग्रवाल

गाजीपुर। मंगलवार को भाजपा नगर के कार्यकर्त्ताओं ने नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल के नेतृत्व में स्टीमर घाट, चीतनाथ एवं नखास क्षेत्र में व्यापक जनसम्पर्क करके भारतीय जनता पार्टी के ‘‘महा जनसम्पर्क अभियान’’ के अन्तर्गत ‘‘घर घर जनसम्पर्क’’ कर लोगों से 9090902024 पर मिस्ड कॉल कराकर मोदी को समर्थन दिलाया गया। इस अवसर पर न0पा0प0 की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने लोगों से मोदी सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने महा सम्पर्क अभियान चलाकर आम जनता से मिलने का कार्यक्रम जो दिया है वह प्रशंसनीय है। आम जनता में मोदी सरकार के प्रति लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है और लोग खुशी मन से 2024 में फिर से नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने हेतु तैयार है।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व न0पा0प0 के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, हेमन्त त्रिपाठी, अजय कुशवाहा, नन्दू कुशवाहा, कार्यक्रम संयोजक अभिनव सिंह (छोटू), महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष साधना राय, सभासद बंगाली वर्मा, संदीप श्रीवास्तव, संजय कुमार, पूर्व सभासद अनिल वर्मा, हरिलाल गुप्ता, हिमालय जायसवाल, सोनू गुप्ता, गुलाम कादिर राईनी, मनीष जायसवाल, जवाहर जायसवाल, गोली गुप्ता, जे0पी0 चौरसिया, भानु केशरी, सुधीर केशरी सहित आदि कार्यकर्त्ता शामिल थे।

11-12 जुलाई को महिला कालेज में होगी शिक्षकों और अभिभावकों की बैठक

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय शैक्षिक सत्र 2023 – 24 अपनी छात्राओं एवं अभिभावकों से सतत संबंध के माध्यम से अपनी गुणवत्ता उन्नयन के लिए सतत प्रयत्नशील है। इस क्रम में अभिभावक अध्यापक बैठक एवं पुरा छात्रा सम्मेलन का आयोजन सत्र की शुरुआत जुलाई माह में ही किया जा रहा है। अभिभावक अध्यापक सम्मेलन की पहली बैठक 11 जुलाई को दोपहर 1 बजे महाविद्यालय में आयोजित होना सुनिश्चित हुआ है। इसके अंतर्गत छात्राओं के माता-पिता एवं अभिभावक अपने पाल्य से संबंधित शिक्षकों से प्रत्यक्ष संवाद कर महाविद्यालय की कार्यप्रणाली से परिचित हो सकेंगे तथा उन्हें उपयोगी सुझाव एवं सहयोग प्रदान कर सकेंगे। इसी क्रम में पुरा छात्रा सम्मेलन 2023 की पहली बैठक 12 जुलाई को पूर्वाहन 1 आयोजित होना सुनिश्चित है। महाविद्यालय अपनी सभी पुरा छात्राओं से अनुरोध करता है कि वह अपने ज्ञानस्थली महाविद्यालय में उपस्थित होकर अपने पुराने साथियों एवं प्राध्यापकों से मिले तथा महाविद्यालय की बेहतरी हेतु अपने सुझाव एवं सहयोग प्रदान करें। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ सविता भारद्वाज ने उपरोक्त कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने हेतु सभी सम्मानित अभिभावकों एवं पुरा छात्राओं से विशेष अपील की है। इस कार्यक्रम की जानकारी राजकीय महिला महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ शिवकुमार ने दिया।

कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही कर भेजे जेल:डीएम


गाजीपुर। शासन के निर्देश पर द्वितीय, शनिवार को थाना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में थाना कोतवाली सैदपुर में उपस्थित फरियादियों की फरियाद सुनी साथ ही शिकायतो को जल्द से जल्द निस्तारण के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया। थाना दिवस पर कोतवाली सैदपुर मे 12 फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतो को लिखित रूप में दिया जिसमें से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष आवेदन का निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले भू माफियाओ के विरूद्ध एन्टी भू माफिया एक्ट के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत करते हुए कड़ी कार्यवाही करे और गरीबो के पट्टे आदि की भूमि पर बार-बार कब्जा करने वालो के खिलाफ केस दर्ज कर जेल तत्काल भेजा जाय। उन्होने निर्देश दिया कि लेखपाल एवं हल्का सिपाही आपसी सामन्जस्य स्थापित करते हुए एक-दूसरे का मो0नम्बर अपने पास रखे तथा टीम बनाकर प्राप्त शिकायतो का स्थलीय निरीक्षण करते हुए निस्तारण करे। उन्होने सख्त निर्देश दिया कि शिकायतो का निर्धारित समय में निस्तारण न किये जाने पर सम्बन्धित लेखपाल एंव सिपाही पर अनुशासनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर, थाना प्रभारी, लेखपाल एंव अन्य अधिकारीगण एवं पुलिस विभाग से सम्बन्धित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

डीएम और चेयरमैन ने लाभार्थियों को दिया आवास की चाभी

गाजीपुर। हाउसिंग फॉर ऑल के लक्ष्य की ओर मजबूत कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी के ग्राम वाजिदपुर, हरहुआ -सारनाथ रिंग रोड में 12110 करोड़ की 29 परियोजनाओ का लोकापर्ण/शिलान्याश किया। परियोजनाओ मे रेल, रोड, पानी, शिक्षा एवं अन्य परियोजनाओ से जुड़े विकास कार्यक्रम शामिल है। इसी क्रम में जनपद में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रायफल क्लब सभागार में दिखाया गया । इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल  एवं जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अन्त में मुख्य अतिथि ने जनपद के विभिन्न लाभार्थियो को  प्रधानमंत्री स्वनिधि योजनान्तर्गत ऋण वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अन्तर्गत आवास की प्रतिकात्मक चाभी एवं डिजिटल प्रमाण पत्र वितरण कर लाभांवित किया। इस दौरान  प्रधानमंत्री स्वनिधि योजनान्तर्गत संतोष कुमार को 10 हजार, नजरूल इस्लाम 10 हजार, सोनी मिश्रा को 50 हजार, भरत कुशवाहा 20 हजार एव रोहित कुमार को 10 हजार का ऋण हेतु प्रमाण पत्र  तथा शौरभ गुप्ता को डिजिटल परिचय पत्र वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अन्तर्गत लाभार्थी संतरा देवी, फुलवंती देवी, मुन्नी देवी, संजू देवी, पूजा देवी मीरा देवी एवं मुराही देवी को प्रतिकात्मक रूप से आवास की चाभी वितरण किया गया। जनपद मे  कुल 77185 आवास आवंटित हुआ है।

निःशुल्क ’ओ’ लेवल और ट्रिपल सी के लिए 10 जुलाई तक कर सकतें हैं आवेदन

गाजीपुर। वित्तीय वर्ष 2023-24 में पिछड़ा वर्ग बेरोजगार युवक/युवतियों के लिए निःशुल्क ’ओ’ लेवल एवं सी0सी0सी0 कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना जनपद में संचालित की जा रही है। इसमें ऐसे आवेदक पात्र होगें जो इण्टरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण हो, उनकी वार्षिक आय एक लाख से कम हो, प्रशिक्षणार्थी की आयु 35 वर्ष से अधिक न हो, जनपद का मूल निवासी हो, प्रशिक्षणार्थी बेरोजगार हो तथा किसी शिक्षण संस्था से छात्रत्रृत्ति न ले रहा हो। प्रशिक्षणार्थियों का चयन कक्षा 12 के प्राप्त प्राप्तांक के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जायेगा। नवीन संषोधित समय सारिणी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की तिथि 7 जुलाई, 2023 से बढ़ाकर 10 जुलाई, 2023 तक निर्धारित की गयी है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेन्द्र विश्वकर्मा ने बताया कि इच्छुक पिछड़ा वर्ग अभ्यर्थियों अपना आवेदन पत्र आनलाईन वेबसाईट पर www. obccomputertraining.upsdc.gov.in अथवा backwardwelfareup.in पर 10 जुलाई, 2023 तक भर सकते है। ऑनलाईन आवेदन के उपरान्त आवेदन की प्रति की प्रिण्ट आउट प्राप्त कर समस्त अभिलेखों/विवरणों, आय एवं जाति प्रमाण पत्र जो बोर्ड ऑफ रेवेन्यू की वेबसाईट पर उपलब्ध होना अनिवार्य है। हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट का अंकपत्र व प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की छायाप्रति स्वप्रमाणित करते हुए, उसकी समस्त हार्डकॉपी दो प्रतियों में कार्यालय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी में विलम्बतम् 10 जुलाई, 2023 तक सायं 5 बजे तक जमा किया जायेगा।

लक्षण दिखाई दे तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर करें संपर्क

गाजीपुर।  मुख्य चिकित्साधिकरी ने जूनोटिक रोग क्या होता है के बारे में बताया। कहा कि मनुष्यों एवं जानवरों के बीच फैलने वाले संक्रामक रोगों को जूनोटिक रोग कहा जाता है। संक्रमित जानवर से सम्पर्क में आने से बीमारी होती है जिसमें कुत्ता, बिल्ली, सियार (कारनीवोरस), चूहा, चमगादड़ के काटने से रैबीज  रोग उत्पन्न होता है। इसीप्रकार सुअर से जे0ई0स्वाइन फ्लू, डैबलिंग बतख एवं मुर्गा, जलीय पक्षी से बर्ड फ्लू, चमगादड़ से इबोला, निपाह, चमगादड़ व बिल्ली के काटने से सार्स एवं बन्दर, गिलहरी के काटने से मंकीपाक्स होता है। जूनोटिक रोगो के लक्ष्य जिसमें त्वचा संक्रमण, फ्लू, उदर सम्बन्धित समस्या, मतली, उल्टी, लिम्फ नोड में सूजन एवं सांस लेने में कठिनाई आदि होने पर इन बिमारियों के लक्ष्ण में आ जाते है। इन रोग का प्रसार संक्रमित जानवर की लार, रक्त, मूत्र, श्लेष्मा, श्वसन मार्ग, दूषित मांस एवं उसके पदार्थ, मल या शरीर के अन्य तरल पदार्थो के संपर्क में आने से होता है। उच्च जोखिम वर्ग में कैन्सर रोगी, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाए एवं कम रोग प्रतिरोध क्षमता वाले व्यक्ति आते है। जूनोटिक रोगोे संक्रमित जानवरों से बचाव हेतु जिसमें साफ-सफाई, उत्सर्जित मलमूत्र का उचित निस्तारण, दूषित मांस तथा अन्य उत्पादों के सेवन से परहेज, पालतु पशुओं का नियमित टीकाकरण एवं पशु चिकित्सकों से पालतु पशुओं की नियतित जॉच होनी चाहिए। उन्होने बताया कि यदि जूनोटिक बीमारी का लक्षण पायी जाती है तो तत्काल नजदीक के स्वास्थ्य इकाई पर अवश्य परामर्श लें।

महिला कालेज में बीए-बीएससी के लिए प्रवेश प्रारंभ

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2023-24 में गुरूवार को बीए/ बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश का कार्य प्रारंभ हो गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ सविता भारद्वाज ने विषय आवंटन प्रपत्र प्रदान करके प्रवेश काउंसलिंग का शुभारंभ कराया। प्रवेश काउंसलिंग के दौरान महाविद्यालय नव प्रवेशी छात्राओं की उल्लास एवं हर्ष की गहमागहमी से परिपूर्ण रहा। कला संकाय की प्रवेश प्रभारी प्रोफेसर डॉ अनिता कुमारी के अनुसार प्रवेश के प्रथम दिन आज बीए प्रथम सेमेस्टर में कुल 120 छात्राओं ने प्रवेश लिया। 7 जुलाई को 201 से लेकर 400 तक की मेरिट की बी ए की छात्राओं का प्रवेश कार्य संपन्न होगा।

विज्ञान संकाय के प्रवेश प्रभारी डॉ दिवाकर मिश्र के अनुसार आज बीएससी प्रथम सेमेस्टर में कुल 40 छात्राओं ने नव प्रवेश लिया। बीएससी में प्रवेश हेतु आवेदन करने वाली सभी छात्राएं सीट रिक्त रहने तक कल 7 जुलाई को प्रवेश ले सकेंगी। प्रवेश का कार्य 7 जुलाई को पूर्वाहन 11 से 4 बजे के मध्य जारी रहेगा। मीडिया प्रभारी डॉ शिवकुमार ने बताया कि छात्राएं अपने प्रवेश काउंसलिंग के लिए मुख्य तीन विषयों और एक माइनर विषय को नियमानुसार चुनकर अपने समस्त वांछित पर प्रपत्रों की मूल एवं छाया प्रतियों के साथ समय से उपस्थित होकर अपना प्रवेश काउंसलिंग एवं विषय आवंटित करा सकती हैं। प्रवेश काउंसलिंग में डॉ निरंजन कुमार, डॉ इकलाख खान, डॉ हरेंद्र यादव, डॉ शिखा सिंह, डॉ अभिषेक सिंह, डॉ पीयूष सिंह आदि शिक्षकों ने प्रमुख रूप से सहयोग दिया।

लापरवाह अधिकारियों को डीएम ने दी चेतावनी, कहा….

गाजीपुर। बेसिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा के अन्तर्गत संचालित कार्यक्रमों व योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु बुधवार की देर शाम जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में रायफल क्लब सभागर में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी व ए0डी0ओ0 पंचायत, एस0आर0जी व समस्त जिला समन्वयकों (समग्र शिक्षा व एम0डी0एम0) ने प्रतिभाग किया। बैठक में सर्वप्रथम जिलाधिकारी द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी योजना ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत 19 पैरामीटर्स पर संतृप्तिकराण के प्रगति की ब्लॉकवार समीक्षा की गयी, जिसमें उनके द्वारा समस्त खण्ड विकास अधिकारियों व खण्ड शिक्षा अधिकारियों को आपसी सामन्जस्य स्थापित करते हुए अविलम्ब अवशेष कार्यों को पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही अद्यतन कार्य न प्रारम्भ करने वाले विकास खण्डों के खण्ड विकास अधिकारियों तथा खण्ड शिक्षा अधिकारियों को कड़ी चेतावनी के साथ कार्य पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया। इसके उपरान्त परिषदीय विद्यालयों के स्थलीय निरीक्षण हेतु गठित जिला एवं ब्लॉक टास्क फोर्स के सदस्यों द्वारा किये गये निरीक्षण के प्रगति की समीक्षा की गयी, जिसमें उनके द्वारा सदस्यों को सख्त निर्देश दिया गया कि कम से कम माह में 5 विद्यालयों का निरीक्षण अवश्य किया जाये, जिससे विद्यालयों की भौतिक व शैक्षणिक गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन परिलक्षित हो।

जिलाधिकारी द्वारा एस0आर0जी0, ए0आर0पी0, डायट मेण्टरर्स द्वारा विद्यालयों को प्रदान किये जाने वाले सहयोगात्मक पर्यवेक्षण के अन्तर्गत समस्त बिन्दुओं यथा-छात्र उपस्थिति, शिक्षक उपस्थिति, शिक्षण योजना व संदर्शिका का प्रयोग एवं शिक्षण सामग्री का प्रयोग क्लास रूम ट्राँजिशन के अन्तर्गत विकास खण्डवार समीक्षा की गयी, जिसमें लक्ष्य के सापेक्ष न्यून प्रदर्शन करने वाले विकास खण्ड के, खण्ड शिक्षा अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए लक्ष्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। निपुण लक्ष्य के अन्तर्गत डायट प्रशिक्षुओं द्वारा परिषदीय बच्चों के आकलन की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गयी। इसके उपरान्त जिलाधिकारी द्वारा विकास खण्डवार डी0बी0टी0 पेंडिंग रिपोर्ट व मध्याह्न भोजन योजना के अन्तर्गत 2022-23 के आवंटित बजट व खाद्यान्न के सापेक्ष अवशेष धनराशि व खाद्यान्न की समीक्षा की गयी। यू-डायस प्लस पोर्टल पर सत्र 2022-23 के स्कूल प्रोफाइल, टीचर मॉड्यूल व स्टूडेंट मॉड्यू के फीडिंग की विकास खण्डवार समीक्षा की गयी, जिसमें जिलाधिकारी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से जनपद के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उक्त कार्य को प्राथमिकता के आधार पर अविलम्ब पूर्ण कराया जाये, जिससे भविष्य में किसी भी प्रतिकूल परिस्थितियों से बचा जा सके। अन्त में जिलाधिकारी द्वारा जनपद के चयनित कुल 100 परिषदीय विद्यालयों, जो आदर्श विद्यालय/स्मार्ट स्कूल बनाने हेतु जिलास्तरीय अधिकारियों को आवंटित है, उनको निर्देशित किया गया कि माह जुलाई, 2023 में आवंटित विद्यालयों का निरीक्षण कर, उनमें पायी गयी कमियों को पूर्ण कराकर, आदर्श विद्यालय/स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित करना सुनिश्चित करें।