All posts by tiwarishivpratap

असहायों को डीएम ने दिया कम्बल

गाजीपुर। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने ठण्ड के भीषण प्रकोप को देखते हुए तहसील सेवराई परिसर में गरीब, असहाय, व्यक्यिों मे कम्बल का वितरण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद हर्षिता तिवारी, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद, तहसीलदार मुहम्मदाबाद एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम-एसपी ने 96 शिकायत और प्रार्थना पत्रों में 12 का किया निस्तारण

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सेवराई में शनिवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। जिसमे 96 शिकायत और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए लेकिन मौके पर सिर्फ 12 का पत्रों का ही निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 371 शिकायत और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर सिर्फ 39 शिकायत और प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत और प्रार्थना पत्रो का सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए पत्रों का निस्तारण कराया जाय। उन्होने सार्वजनिक भूमि, तालाब, सरकारी भूमि, ग्राम समाज के भूमि पर अवैध अतिक्रमण को एक अभियान चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया। उन्होनेे आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो को आगामी तीन दिवस में शत-प्रतिशत निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से होती है। इसमे लापरवाही पर सम्बन्धित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होगे। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद हर्षिता तिवारी, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद, तहसीलदार मुहम्मदाबाद एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम ने कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का रोका वेतन

गाजीपुर। शनिवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने तहसील दिवस के उपरान्त कार्यालय नगर पंचायत दिलदारनगर एवं गो-आश्रय स्थल दिलदारनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में साफ-सफाई एवं बेतरतीव ढंग से बिखरे समाग्री, कार्यालय मे मौके पर किसी कर्मचारी के उपस्थित न होने, सड़को की साफ-सफाई न होने तथा बजबजाती नालियो को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि कई महीनो से नालियो की सफाई नही हुई है। इस पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत दिलदारनगर, टैक्स कलेक्टर दिलदारनगर तथा कार्यालय के समस्त कर्मचारियो का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया। गो-आश्रय स्थल मे निरीक्षण के दौरान भी साफ-सफाई एवं पशुओ के रख रखाव सही ढंग नही होने, चारा ,पानी एंव ठण्ड से बचाव हेतु किसी प्रकार की उपलब्धता न होने के कारण पशुधन अधिकारी का वेतन रोकने का निर्देश दिया। मौके पर मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, उपजिलाधिकारी सेवराई, एवं अधिकारीगण उपस्थित थे। 

पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का प्राचार्य ने किया शुभारंभ

गाजीपुर। शनिवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रज्ञा रेंजर टीम का पांच दिवसीय प्रगतिशील प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ प्राचार्य डॉ सविता भारद्वाज ने किया। उद्घाटन पर उपस्थिति छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने छात्राओं को अनुशासित रहकर स्काउट गाइड के ज्ञान एवं कौशलों को सीखने तथा भावी जीवन में सेवा करने के लिए तैयार रहने की सीख दी। शिविर संचालक एवं जिला संगठन कमिश्नर स्काउट दिनेश कुमार सिंह यादव के दिशा निर्देशन में रेंजर काजल रावत ने ध्वज शिष्टाचार की परंपरा निभाई। प्राचार्य प्रोफेसर सविता भारद्वाज ने रेंजर शिविर के औपचारिक उद्घाटन की घोषणा की। उद्घाटन कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ शैलेंद्र कुमार यादव, डॉ अमित यादव, डॉ, अच्छेलाल यादव, डॉ सुमिता बनर्जी, डॉ शिखा सिंह, डॉ निरंजन कुमार यादव, डॉ हरेंद्र कुमार यादव एवं राम कुशवाहा उपस्थित रहे। उद्घाटन कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्राध्यापकों व शिक्षकों एवं छात्राओं को रेंजर प्रभारी डॉ शिव कुमार ने आभार व्यक्त किया। आज शिविर के प्रथम दिन छात्राओं का परिचय एवं पंजीकरण तथा टोली विभाजन हुआ तथा उन्हें प्रार्थना, झंडा गीत, नियम प्रतिज्ञा एवं ध्वज शिष्टाचार का व्यवहारिक ज्ञान दिया गया। प्रशिक्षण शिविर में इनामुल्लाह अंसारी एवं मनीष यादव ट्रेनिंग काउंसलर के रूप में उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण 25 जनवरी तक प्रतिदिन जारी रहेगा।

ओपियम फैक्ट्री से ददरीघाट को जोड़ने वाले रास्ते का निर्माण शुरू

ओपियम फैक्ट्री से ददरीघाट तक खुलने वाले रास्ते पर निर्माण कार्य शुरू


गाजीपुर। नगर पालिका द्वारा पिछले दिनों किए गए 95 परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम में से एक प्रमुख काम ओपियम फैक्ट्री से ददरीघाट वाले बन्द रास्ते को खुलवाकर होने वाले ढक्कनयुक्त नाली व सड़क निर्माण का कार्य प्रारम्भ हो गया है। कार्यस्थल पर हो रहे कार्यों का औचक निरीक्षण करने शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल मौके पर पहुँचकर कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण किए। विनोद अग्रवाल ने निरीक्षण के दौरान हो रहे कार्यों की बारीकी से अवलोकन करते हुए बताया कि मौके पर कार्य सन्तोषजनक पाया गया है। ईंटा, सीमेन्ट बालू आदि उच्च गुणवत्तायुक्त थी एवं नालियों के हो रहे काम में भी काफी सफाई दिखी।

उन्होंने मौके पर मौजूद ठीकेदार के सुपरवाइजर से भी वार्ता कर जानकारी ली एवं कार्यों को गुणवत्ता और मानक अनुरूप् ही कराने का निर्देश भी दिया। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। ज्ञात हो कि लगभग 25 वर्षों से यह रास्ता आमजन के लिए बन्द कर दिया गया था, परन्तु न0पा0 की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल के काफी प्रयास से यह रास्ता खोलने का सपना पूरा हुआ है और अब इस रास्ते के बन जाने के बाद महुआबाग में होने वाल जाम की समस्या से भी जनता को निजात मिलेगी। श्री अग्रवाल के साथ अवर अभियन्ता विवेक बिन्द भी थे जिनसे श्री अग्रवाल ने सभी पहलुओं पर चर्चा कर बराबर कार्य की निगरानी करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर साथ में जयसूर्य भट्ट, बन्टी सिंह, सिंहासन कुशवाहा, हर्षित सिंह, गौरव श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।

छापेमारी में पकड़े गए लोगों पर हुई कार्यवाही

विद्युत विभाग बिजीलेंस की मार्निंग रेड में 9 पर एफआईआर, दर्जनों का बकाया पर कटी केबिल।

गाजीपुर। विद्युत वितरण खंड द्युतीय के अंतर्गत शहर क्षेत्र के तुलसीपुर, गौतम बुद्ध कालोनी और गौसाबाद मुहल्ले में सुबह 5 बजे सहायक अभियंता सुधीर कुमार के नेतृत्व में विजिलेंस के साथ संयुक्त छापेमारी की गई। इसमें बिजलेंस थाना प्रभारी धनंजय यादव, बिजीलेंस जेई पंकज चौहान समेत पुलिस कर्मी मौजूद रहे। रेड के दौरान मुहल्ले में अफरा तफरी का माहौल बना रहा। सहायक अभियंता सुधीर कुमार ने बताया की शासन के निर्देशानुसार विजिलेंस टीम के साथ संयुक्त छापेमारी तुलसीपुर, गौतम बुद्ध कालोनी और गौसाबाद मुहल्ले में भोर में तकरीब 5 बजे किया। बहुत दिनो से शिकायत मिल रही थी की इस मुहल्ले में धड़ल्ले से केबिल बाईपास करके विद्युत चोरी हो रही थी, जिसके वजह से लाइन लॉस अधिक हो गई थी एवं राजस्व की भी कम वसूली हो रही थी, जिसमे हमलोगो ने कुल 9 लोगो को चोरी से विद्युत उपभोग करते हुवे पकड़ा। पकड़े गए सभी लोगो के खिलाफ बिजीलेंस थाने रौजा में एफआईआर दर्ज करा दी गई है एवं विभाग के तरफ से राजस्व क्षति की वसूली नियमानुसार की जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि अभी भी बहुत सारे मुहल्ले में लोग रात को कटिया मारकर मीटर बाईपास करके विद्युत उपभोग कर रहे है। ऐसे लोगो का रिकार्ड खंगाला जा रहा है। उनकी सूची भी बना लिया गया है। कहा कि कटिया मारो की अब खैर नहीं है। जल्द ही ऐसे लोगो के खिलाफ छापेमारी करके विभागीय विधिक कार्यवाही की जाएगी।

सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में नेताओं ने किया शरद यादव को याद

गाजीपुर। समाजवादी नेता एवं सामाजिक न्याय की लड़ाई के योद्धा शरद यादव की स्मृति में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन शनिवार को सच्चे लाल यादव की अध्यक्षता में सरजू पांडे पार्क में हुआ। श्रृद्धांजलि सभा के पूर्व सभी नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई को और तेज करने का संकल्प लिया। इस श्रृद्धांजलि सभा में अपने विचार व्यक्त करते हुए विधायक जै किशन साहू ने उन्हें देश का महान समाजवादी नेता बताते हुए कहा कि देश के राजनीतिक इतिहास में शरद यादव का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित होगा। उनका संघर्ष और उनकी सोच हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने ही भारत के राजनीतिक इतिहास में सामाजिक न्याय की बुनियाद रखीं।वह कट्टर समाजवादी थे। इस श्रृद्धांजलि सभा में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि उनके निधन से देश ने अपना एक महान सपूत खो दिया है। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वह एक महान समाजवादी नेता और सामाजिक न्याय की लड़ाई के महान योद्धा थे। मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू कराने में उनका अहम योगदान था। वह जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष भी रहे। छात्र राजनीति से लेकर राष्ट्रीय राजनीति में पहचान बनाने वाले शरद यादव जबलपुर विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष भी रहे। वह अत्यंत मेधावी थे। वह इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग में गोल्ड मेडलिस्ट थे। वह लोहिया जी के विचारों से अत्यंत प्रभावित थे। उन्हें 2012 में उत्कृष्ट सांसद के सम्मान से भी नवाजा गया था। उन्होंने कहा कि उनके निधन से भारतीय राजनीति में जो स्थान रिक्त हुआ है उसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। इस श्रृद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से भाजपा नेता विजय शंकर राय, भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के जिला सचिव जनार्दन राम, जनक कुशवाहा, पुर्व मंत्री रमाशंकर राजभर, पुर्व विधायक खुर्शीद अहमद, चन्द्रिका सिंह, गोपाल यादव, सदानंद यादव, दिनेश यादव, तहसीन अहमद, जवाहिर यादव, शिवबच्चन यादव, राजकुमार पाण्डेय, ओमप्रकाश यादव, भानु यादव, राजेंद्र यादव आदि उपस्थित थे। इस श्रृद्धांजलि सभा का संचालन इस कार्यक्रम के संयोजक नरसिंह यादव ने किया।

जेपी नड्डा ने विकास को लेकर और योगी आदित्यनाथ ने माफियाओं को लेकर कही ये बात…..

गाजीपुर। मुख्यमंत्री उ0प्र0 योगी आदित्य नाथ एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का जनपद भ्रमण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ द्वारा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का संतो, ऋषियो, सेवियो की इस पावन धरा जनपद आगमन पर स्वागत किया। जनपद मुख्यालय के आई टी आई मैदान में शुक्रवार को आयोजित विशाल जन सभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यक्रमो का उल्लेख किया। उन्होने कहा कि जनपद की पहचान महाराज गाधि व महर्षि विश्वामित्र से है जिसका संत तुलसीदास जी रचना रामचरित मानस में भी है। महर्षि विश्वामित्र की इस पावन धरा पर प्रधानमंत्री के अनुकम्पा से और जब भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष केन्द्रीय मंत्री थे तब जो मेडिकल कालेज इस जनपद को प्राप्त हुआ है उसका नाम भी महर्षि विश्वामित्र के नाम पर ही रखा गया है। उन्होने प्रदेश में डबल इंजन की सरकार द्वारा जनपद में हुए विकास कार्याे का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार एवं संगठन ने मिलकर जिस प्रकार जनपद मे कार्य किया है और जनपद मे जो परिवर्तन दिखा है वो किसी से अछूता नही है। एक ओर जहां जनपद में विकास परक योजनाओ का कार्य बिना भेदभाव से किया गया वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए पेशेवर अपराधियों एवं माफियाओ के लिए किस प्रकार कार्यवाही होनी चाहिए उसका जीता जागता उदाहरण गाजीपुर की धरती बना है। आज हर एक क्षेत्र एवं गॉव की कनेक्टिविटी बनी है। पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे बनने से जनपद की कायाकल्प ही बदल गयी है। पहले गाजीपुर से लखनऊ जाने में 7 से 8  घण्टे लग जाते थे अब मात्र ढाई से तीन घण्टे मे ही लखनऊ पहुच सकते है। आज आपके पास अपना मेडिकल कालेज है। पूर्व रेलमत्री (राज्य मंत्री) के कार्यकाल में रेवले की कनेक्टिविटी में प्रगति हुई और साथ-साथ प्रधानमंत्री की अनुकम्पा से दुनिया का सबसे बड़ा रीवर कू्रज भी वाराणसी से गाजीपुर होकर ही डिब्रूगढ के लिए प्रस्थान किया था। इससे यहां के किसानो को जल मार्ग के द्वारा अपना खाद्यान्न भेजने की सुविधा मिलेगी,  हर घर नल की योजना हो, हर गरीब को अपना आवास हो, हर गरीब के घर बिजली चमकती हुई दिखाई दे, यह लोक कल्याण एंव सुरक्षा का माहौल केवल और केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कारण ही सम्भव हो पाया है।

इस क्रम को निरन्तरता दे सके, इसी का आह्वाहन करने के लिए आज मै यहां आया हूॅ। उन्होने कहा कि जाति, धर्म मजहब की राजनीति कभी किसी का कल्याण नही कर सकती। हमारी सरकार सबका साथ-सबका विकास के मार्ग पर चलते हुए बिना भेद भाव के कार्य किया है, और करती रहेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्षत जे0पी नड्डा ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए जनपद में डबल इंजन की सरकार द्वारा कराये गये विकास कार्याे के बारे उपस्थित जन सामान्य को विस्तृत रूप से बताया। इसके पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री द्वारा ग्राम कुर्था स्थित पवहारी बाबा आश्रम मे दर्शन पूजन किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भाजपा भूपेन्द्र चौधरी, केन्द्रीय राज्य शिक्षा मंत्री अन्नपूर्णा देवी, मंत्री आयुष विभाग उ0प्र0 दयाशंकर दयालू, सांसद बलिया विरेन्द्र सिंह मस्त, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, सांसद आजमगढ दिनेश लाल यादव, एम एल सी विशाल सिंह चचल, अध्यक्ष जिला पंचायत सपना सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल, पूर्व सहकारिता मंत्री संगीता बलवन्त, पूर्व विधायक अलका राय, सूनीता सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सुनिल ओझा, प्रदेश सगठन महामंत्री धर्मपाल,  प्रदेश महामंत्री व काशी क्षेत्र प्रभारी, जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह एवं अन्य पार्टी पदाधिकारी सहित एडीजी जोन वाराणसी राजकुमार, आईजी के. सत्यनारायण, जिलाधिकारी आर्यका आखौरी, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित समस्त जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी कर्मी उपस्थित थें।

सैनिकों के सम्मान में जेपी नड्डा और योगी आदित्यनाथ ने कही ये बात…..

पीएम मोदी के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए हुए अभुतपूर्व कार्य : जेपी नड्डा

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गाजीपुर में पूर्व सैनिकों से संवाद कर किया सम्मानित

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोकसभा प्रवास योजना के अन्तर्गत नंद रेसीडेंसी में शुक्रवार को पूर्व सैनिकों का सम्मान किया व उनसे संवाद किया। पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मुझे ऐसी धरती पर आने का सौभाग्य मिला है जिसका संबंध परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद से है, राम उग्रह पांडेय से है। ऐसी वीरों की भूमि को मैं नमन करता हूं। कहा कि आप सबने अपना पुरा जीवन अनुशासित तरिके से राष्ट्र को दिया है। कहा कि जिस तरह से आपने देश की सेवा की उसी तरिके से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में हमलोग भी देश की सेवा कर रहे हैं। कहा कि आज की सरकार आपके द्वारा किए गये प्रत्येक कार्य की कदर करती है। श्री नड्डा ने कहा कि आपने सिर्फ बार्डर पर ही नहीं, आपदा की हर घड़ी में देशवासियों की सेवा की है इस कारण आज हम सब सुरक्षित है। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अभुतपूर्व कार्य हुए हैं। विश्व पटल पर भारत ने साबित कर दिया कि आतंकवाद का हमेशा मुंह तोड जवाब दिया है। आतंकवाद की जड़ पाकिस्तान आज दुनिया से अलग थलग पड़ चुका है। श्री नड्डा ने कहा कि यूपीए सरकार में पनडुब्बी घोटाला, हेलिकॉप्टर घोटाला हुआ। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारतीय सेना को आधुनिक हथियारों से लैस किया गया। विदेशों से आयात न कर अपने देश में आधुनिक हथियारों का निर्माण शुरू हुआ। कहा कि पहले हमारे सैनिकों के पास बुलेट प्रूफ जैकेट नहीं थे। आज हम बुलेट प्रूफ जैकेट बनाते भी है और दुसरे देशों को देते भी है। सैनिकों के सम्मान में वार मेमोरियल बनाया गया‌। नेवी के झंडे से अंग्रेजों का प्रतीक चिन्ह हटाकर शिवाजी की राजमुद्रा को अंकित किया गया। उन्होंने कहा कि सीमा पर सैनिकों को दुश्मन की नापाक हरकतों का जवाब देने के लिए पहले हेडक्वार्टर से अनुमति लेनी पड़ती थी लेकिन अब सरकार ने सैनिकों को छुट दे रखी है कि जहां से भी गोली चले उसे उसी की भाषा में बिना देर किए जवाब दे। कहा कि आज यूपी में डिफेंस कारिडोर बन रहा है। पीएम मोदी का मानना है कि फौजी ताकतवर होगा तो ही देश ताकतवर बनता है। कहा कि मोदी पहले प्रधानमंत्री है जो हर वर्ष सैनिकों के साथ दिपावली मनाते हैं। कहा कि पुलवामा की घटना पर पीएम मोदी ने पाकिस्तान से कहा था कि तुमने बहुत बड़ी गलती की है जिसका खमियाजा भुगतना पड़ेगा और कुछ दिनों बाद ही भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक की। कहा कि पीएम मोदी की प्रेरणा से मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे दुनिया के अंदर भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है ऐसे ही गाजीपुर सेना, अर्धसैनिक बल एवं पुलिस बल में सर्वाधिक जवानो को भेजने वाला जनपद है। मातृ भूमि की सेवा के लिए भारतीय जनता पार्टी एवं पीएम मोदी  का ध्येय है कि “नेशन फर्स्ट, उसी तरह प्रत्येक सैनिक का ध्येय होता है देश पहले। और इसीलिए आजादी के बाद सैनिकों की जो मांग थी “वन रैंक वन पेंशन उसे पीएम मोदी ने 2014 में सत्ता संभालते ही सैनिकों के सम्मान में पुरा किया। कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने सैनिको एवं पूर्व सैनिकों को सरकारी सेवाओं में स्थान देने और रिजर्वेशन के कोटे को बढाने का कार्य किया। पीएम मोदी की प्रेरणा से हमारी सरकार ने देश के सेवा के लिए जिन सैनिकों ने अपना  बलिदान दिया, अपने आपको समर्पित किया ऐसे शहिदों को  हमारी सरकार में 50 लाख की सहायता राशि देने का कार्य हुआ, उनके परिवार के सदस्यों को सरकारी सर्विस देती है, सैनिकों के सम्मान में स्मारक बनाने का कार्य करती है। कहा कि हर सैनिक के प्रति भारतीय जनता पार्टी और पीएम मोदी सम्मान का भाव रखते है। कहा कि डबल इंजन की सरकार आपके साथ सदैव खड़ी है और आपके संवर्धन के लिए हमेशा तत्पर है। कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सुबेदार मेजर मार्कण्डेय सिंह, कर्नल रणजीत उपाध्याय, मुहम्मद सदरूद्दिन अंसारी, काशीनाथ तिवारी, मुरली सिंह, विजय नारायण सिंह, भुवनेश्वर यादव सहित सैकड़ों पूर्व सैनिकों का अंगवस्त्रम एवं बुके भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद सुब्रत पाठक, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, एमएलसी विशाल सिंह, सपना सिंह, कर्नल रणजीत उपाध्याय, दयाशंकर पांडेय, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी एवं सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संचालन जिला अध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने किया। एडीजी जोन वाराणसी राजकुमार, आईजी के. सत्यनारायण, जिलाधिकारी आर्यका आखौरी, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह उपस्थित थें।

जेपी नड्डा और योगी आदित्यनाथ ने पदाधिकारीयों संग की बैठक, कहा…..

गाजीपुर। हर पदाधिकारी अपने जिम्मेदारी का चिंतन करे। हर जिम्मेदार कार्यकर्ता कम से कम महिने मे दो प्रवास करे। और प्रवास पुर्व सूचना के साथ समय और स्थान तय करके हो यह बात शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने गाजीपुर लोकसभा प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के बीच जिला पदाधिकारियों तथा लोकसभा विधानसभा चुनाव संचालन समिति को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा संघर्षशील कार्यकर्ताओं के बल पर हम लक्ष्य लेकर कार्य करें। कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अन्याय के खिलाफ सदैव लड़ाकू होता है पर लड़ाई निर्णायक हो इसके लिए हमारी तैयारी होनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि मै आभारी हूँ राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिन्होंने अपने व्यस्तम समय मे से समय निकाल कर गाजीपुर के लिए अपना बहुमूल्य समय दिया। उन्होंने कहा कि गाजीपुर टीम भावना और सकारात्मक सोच से काम करे। टीम भावना से किया गया कार्य सदैव बेहतर परिणाम देता है। सभी लोग लगकर कार्य करेंगे और लक्ष्य को जीतकर रहेंगे। बैठक का वृत्त राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लिया। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल विस्तार के तत्काल बाद प्रथम आगमन उत्तर प्रदेश मे है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशन मे उनकी बातों को जन जन मे ले जाकर उत्तर प्रदेश की सभी सीट जितने के लक्ष्य को पुर्ण करेंगे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने तथा संचालन लोकसभा संयोजक कृष्ण बिहारी राय ने किया। बैठक मे प्रदेश सह प्रभारी सुनिल जोशी, केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, सुब्रत पाठक, अमरपाल मौर्य, कमलावती सिंह, एम एल सी विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, दयाशंकर सिंह, सुशील उपाध्याय, ओमप्रकाश राय, प्रवीण सिंह, दया शंकर पांडेय, अवधेश राजभर, अच्छे लाल गुप्ता, शशिकान्त शर्मा, कार्तिक गुप्ता, आलोक शर्मा सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।