All posts by tiwarishivpratap

पूर्व जिलाध्यक्ष को बनाया गया काशी का जिला प्रवासी

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को भाजपा शीर्ष संगठन द्वारा वाराणसी जनपद का जिला प्रवासी बनाए जाने पर बधाईयों का सिलसिला लगातार जारी है। इस नयी जिम्मेदारी पर भाजपा पदाधिकारियों , कार्यकर्ताओं तथा शुभ चिंतकों मे हर्ष व उत्साह है।
भाजपा काशी क्षेत्र द्वारा सुनील कुमार सिंह को वाराणसी जिले का जिला प्रवासी बनाया गया है। शुभचिंतकों व कार्यकर्ताओं ने नये दायित्व की बधाई देते हुए कहा कि पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता,कुशल संगठन कर्ता सुनील सिंह को दिए गए इस नये दायित्व से भाजपा संगठन बहुत मजबूत होगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने नये दायित्व के प्रति शीर्ष नेतृत्व का आभार धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी व विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगा।

डीएम की अध्यक्षता में हुई धान खरीद को लेकर बैठक, दिया गया निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को धान खरीद के सम्बन्ध में कार्यशाला/प्रशिक्षण/बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में सर्वप्रथम जनपद में धान खरीद वर्ष 2025-26 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत जिलाधिकारी द्वारा तहसीलवार/ब्लॉकवार/संस्थावार अनुमोदित धान क्रय केन्द्रों के दृष्टिगत विपणन शाखा धान खरीद केन्द्रों पर खरीद से सम्बन्धित तैयारियों, यथा-उपकरण, बोरा, चावल मिलों की जियो टैगिंग, मिलों का भौतिक सत्यापन, ऑनलाइन मिलों का पंजीयन, क्रय केन्द्रों की जियो टैगिंग, केन्द्रों से मिलों का रूट चार्ट निर्धारण (के0एम0एल0 फाइल) एवं क्रीत धान के सुरक्षित भण्डारण आदि के सम्बन्ध में बैठक मंे उपस्थित समस्त क्षेत्रीय विपणन अधिकारी/विपणन निरीक्षक से जानकारी चाही। जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अन्तर्गत जनपद मंें विपणन शाखा के 38, पी0सी0एफ0 के 22, पी0सी0यू0 के 71, यू0पी0एस0एस0 के 13, मण्डी समिति के 08 एवं भारतीय खाद्य निगम के 01, कुल 153 धान क्रय केन्द्रों का अनुमोदन हुआ है। सभी केन्द्रों की जियो टैगिंग एवं ई-उपार्जन पोर्टल पर ऑनलाइन फीडिंग पूर्ण है। वर्ष 2025-26 के अन्तर्गत कुल 53 मिलों द्वारा आवेदन किया गया है, जिसमें से समस्त 53 मिलों का भौतिक सत्यापन एवं 52 मिलों का ऑनलाइन डाटा लॉक/सत्यापन पूर्ण है। केन्द्रों से मिलों की दूरी फीडिंग गतिमान है। ऑनलाइन स्वचालित व्यवस्था के अन्तर्गत मिलों का केन्द्रों से सम्बद्वीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण हो जायेगा। धान खरीद हेतु समस्त केन्द्रों पर उपकरण यथा-इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र, छनना, पॉवर डस्टर, कृषकों को बैठने की व्यवस्था, त्रिपाल, कम्प्यूटर/लैपटॉप, बैनर इत्यादि उपलब्ध है।

धान खरीद हेतु जनपद में कुल 1541.798 गांठ नये जूट बोरे उपलब्ध है। धान खरीद हेतु जनपद में ई-पॉप मशीन प्राप्त हो गयी है। समस्त केन्द्रों को ई-पॉप मशीन एवं आईरिस स्कैनर का वितरण हो रहा है।
बैठक/कार्यशाला में जिलाधिकारी ने धान खरीद के सम्बन्ध में निर्देश देते हुए कहा कि सभी केन्द्र प्रभारी बैनर में अंकित अपना मो0नम्बर खरीद अवधि में ऑन रखेंगे। क्रय केन्द्र प्रभारी द्वारा क्रय केन्द्र पर पूर्वान्ह 09ः00 से 10ः00 के मध्य ई-पॉप मशीन के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज किया जायेगा। सभी केन्द्रों पर किसान सम्पर्क रजिस्टर बनाया जायेगा, जिसमें तिथि, क्रम संख्या, किसान का नाम, पता, मो0नम्बर, सम्भावित क्रय तिथि एवं विक्रय हेतु सम्भावित मात्रा का अंकन किया जायेगा। साथ ही समस्त केन्द्रों पर धान विक्रय हेतु टोकन रजिस्टर बनाते हुए किसानों के मध्य टोकन वितरित किया जायेगा। सभी तहसील में धान खरीद से सम्बन्धित एक-एक कन्ट्रोल रूम स्थापित किया जायेगा, जिसका नम्बर तहसील स्थित समस्त धान क्रय केन्द्रों पर प्रदर्शित किया जायेगा। कन्ट्रोल रूम में एक रजिस्टर बनाया जायेगा, जिस पर दैनिक रूप से कृषकों से सम्पर्क का सम्पूर्ण विवरण अंकित किया जायेगा। धान गीला या गंदा होने पर तत्काल अस्वीकृत नहीं किया जायेगा। केन्द्र पर साफ करने एवं सुखाने का मौका दिया जायेगा, फिर भी मानक में नहीं होने पर अस्वीकृत ऑनलाइन पोर्टल पर किया जायेगा। रिजेक्शन रजिस्टर में नाम, पता, पंजीकरण, फोन, मात्रा, स्वीकृति का कारण दर्ज किया जायेगा, केन्द्र प्रभारी कृषक को अपीलीय अधिकारी का नाम व मो0 नम्बर, किसान अपील कर सकता है। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी/मण्डी सचिव/केन्द्र प्रभारी/02 प्रगतिशील किसान अपीलीय समिति में होंगे। किसी भी केन्द्र से किसानोें को अनावश्यक वापस नहीं किया जायेगा। सभी केन्द्र प्रभारियों द्वारा किसानों से शिष्टाचार पूर्वक व्यवहार किया जायेगा। अन्यथा की स्थिति में शिकायत प्राप्त होने पर सम्बन्धित के विरूद्व कठोर कार्यवाही की जायेगी। बैठक में दिनेश कुमार अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), अनुराग पाण्डेय जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता, जिला प्रबन्धक पी0सी0एफ0, जिला प्रबन्धक पी0सी0यू0, जिला प्रबन्धक यू0पी0एस0एस0, सचिव कृषि उत्पादन मण्डी समिति जंगीपुर, मण्डी निरीक्षक दिलदारनगर, मण्डी निरीक्षक मुहम्मदाबाद, मण्डी निरीक्षक सैदपुर, समस्त क्षेत्रीय विपणन अधिकारी/विपणन निरीक्षक एवं समस्त धान क्रय केन्द्र प्रभारी, गाजीपुर उपस्थित रहे।

आत्मनिर्भर लड़की ही महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनती है:प्राचार्य डॉ. अनिता


राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रोजगार योग्यता कौशल कार्यशाला का आयोजन

गाज़ीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में सोमवार को नंदी फाउंडेशन के सहयोग से तीन दिवसीय रोजगार योग्यता कौशल (Employability Skills) कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।

उद्घाटन सत्र में प्राचार्या डॉ अनीता कुमारी ने कहा कि रोजगार योग्यता कौशल आवश्यक जीवन कौशल हैं, जो व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारते हैं और विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब कोई लड़की आत्मनिर्भर होती है, तो वही सच्चे अर्थों में महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनती है।

कार्यक्रम के स्वागत भाषण में डॉ. शंभू शरण प्रसाद, कार्यक्रम समन्वयक ने कहा कि राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाज़ीपुर निरंतर इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन करता है, क्योंकि सशक्त महिला ही समाज को सशक्त बना सकती है। धन्यवाद ज्ञापन में मोहम्मद साकिब, नंदी फाउंडेशन के प्रशिक्षक ने कहा कि हमें इस महाविद्यालय के साथ जुड़कर खुशी हो रही है और हम आगामी तीन दिनों में सभी विद्यार्थियों को आवश्यक रोजगार योग्यता कौशल सिखाने का प्रयास करेंगे।

उद्घाटन सत्र के बाद कार्यशाला का पहला प्रशिक्षण सत्र आरंभ हुआ, जिसमें प्रशिक्षक साकिब ने विद्यार्थियों को अपनी शक्तियों और कमजोरियों की पहचान करने तथा रोजगार योग्यता कौशल के महत्व और उपयोगिता के बारे में बताया। इस कार्यशाला में 40 से अधिक छात्राओं ने पंजीकरण कराया और सक्रिय रूप से भाग लिया। इनमें शमाइला नाज़, रिद्धा यादव और रूपाली ने विशेष रूप से उल्लेखनीय योगदान दिया।

कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं के आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल और रोजगार योग्यता को बढ़ाना है, जिससे वे आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।

जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में मुस्कान ने प्राप्त किया प्रथम स्थान

राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में मुस्कान ने प्राप्त किया प्रथम स्थान!

गाजीपुर। सोमवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के सम्मान में सरदार@150 एक भारत आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वधान में जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो अनिता कुमारी के संरक्षण में आयोजित इस निबंध प्रतियोगिता का विषय “सरदार पटेल: एकीकृत भारत के निर्माता” रहा जिसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा मुस्कान पुत्री जावेद इदरीसी प्रथम एवं विजयलक्ष्मी प्रजापति पुत्री राम जी प्रजापति द्वितीय स्थान पर रही तथा स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा आराध्या प्रजापति पुत्री जवाहर प्रजापति एवं राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की आद्या रघुवंशी पुत्री नरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रज्ञा वर्मा पुत्री मनोज कुमार वर्मा एवं आकांक्षा सिंह पुत्री अजय कुमार सिंह को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। निर्णायक मंडल का दायित्व महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ ओम शिवानी, डॉ नेहा एवं डॉ मनीष सोनकर ने निभाया। प्रतियोगिता के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ रामनाथ, जिला युवा कल्याण अधिकारी  दिलीप कुमार, मेरा युवा भारत से लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ पीयूष सिंह मौजूद रहे।

यह प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 25 नवंबर 2025 के मध्य चलने वाली जिला स्तरीय एकता पदयात्रा के संदर्भ में आयोजित की गई। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी रामनाथ केसरवानी ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

रक्तदान कर कोठारी बंधुओं को दी श्रद्धांजलि

हुतात्मा दिवस पर कोठारी बंधुओं को श्रद्धांजलि स्वरूप रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन

गाजीपुर। रविवार को हुतात्मा दिवस के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में गोराबाजार स्थित जिला अस्पताल परिसर में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के अमर वीर कोठारी बंधुओं की स्मृति में आयोजित हुआ। क्योंकि कारसेवा के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान देकर राष्ट्रभक्ति की अदम्य मिसाल पेश की थी। इस कार्यक्रम की शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान शिविर में भाग लिया।

रक्तदान शिविर में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि “रक्त की हर बूंद किसी की भी ज़िंदगी बचा सकती है। यही सच्ची श्रद्धांजलि है हमलोगों के तरफ से हमारे अमर बलिदानियों के लिए। बता दें कि यह आयोजन न केवल मानवता और सेवा की भावना को समर्पित था, बल्कि युवाओं को राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए भी प्रेरित करता है। इस रक्तदान शिविर में मुख्य रूप से रक्त दान करने वालों में विनीत सिंह जिला मंत्री , रवि राज जिला संयोजक बजरंग दल, राघवेंद्र चौहान नगर अध्यक्ष, रामाशीष मौर्या नगर उपाध्यक्ष, बेचू, विनोद बजरंगी, सचिन, मयंक राय, अमन गुप्ता, राहुल माली, सुनील राय, सुनील सिंह यादव, संदीप वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रक्तदाताओं का उत्साह वर्धन करने हेतु काशी प्रांत सदस्य ओमकार राय, जिला अध्यक्ष विपिन श्रीवास्तव, बजरंग दल विभाग संयोजक अमित, मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य आनन्द मिश्रा उपस्थित रहे। इस दौरान आयोजकों ने बताया कि यह रक्तदान शिविर प्रत्येक वर्ष हुतात्मा दिवस पर आयोजित किया जाता है, जिससे समाज में सेवा और त्याग की भावना सशक्त हो तथा युवाओं में देशभक्ति के संस्कार दृढ़ हों।

ट्रिपल इंजन की सरकार होते हुए भी नगर बदहाल:अभिनव सिंह

नगर की समस्याओं को लेकर हुई बैठक

बदहाल सड़क पर किया रोष व्यक्त

गाजीपुर। नगर के विभिन्न समस्याओं को लेकर रविवार को समाजवादी पार्टी के युवा नेता अभिनव सिंह के शास्त्री नगर स्थित आवास पर पार्टी के कार्यकर्ताओं की एक आवश्यक बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में नगर की ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर रूप से चर्चा की गयी। नगरपालिका की लापरवाही और नगर की समस्याओं के प्रति उदासीनता शहर की जनता को बताने के लिए कार्यकर्ताओं ने 7 नवम्बर से सभी वार्डों का भ्रमण करने का फैसला लिया। पार्टी के युवा नेता अभिनव सिंह ने इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि गाजीपुर नगरपालिका आकंठ भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। उसका इस नगर की समस्याओं से कुछ भी लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से गाजीपुर शहर की सड़कें कभी इतनी खराब नहीं रही है। पूरा शहर गड्ढे में तब्दील हो गया है।

बरसात होने के बाद पूरा शहर कीचड़ में सना हुआ है। नगरवासियों का घर से निकलना दूभर हो गया है। सत्तारूढ़ पार्टी के जनप्रतिनिधि पूरी तरह से चिरनिंद्रा में हैं। वह भी शहरवासियों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। केन्द्र, प्रदेश और नगरपालिका ट्रिपल इंजन की भाजपा सरकार होते हुए भी नगर बदहाल है। इस बैठक में मुख्य रूप से अल्का अग्रवाल ,बोरोरिक नाथ, राजदीप रावत, धन्नो यादव,वर्षा यादव, अनीता यादव, अरूण कुशवाहा, रामविलास,संजय चौरसिया,अभय सिंह,विक्की यादव, सुनील यादव,विनय साहू,चन्द्र प्रकाश यादव, अभिषेक गोंड,सैफ अली, महफूज अली, शाहिद अंसारी, राहुल गोंड, गुड्डू राम, मनीष कुमार,साहिल रानी, मनीष सिंह गौतम,वैभव मसीह, संतोष अग्रवाल,पारस यादव, अमित गुप्ता, अतुल यादव,गौरव सिंह,यश पटेल,सोनू वर्मा, अभिषेक निषाद सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे। इस बैठक का संचालन कंचन रावत ने किया।

छात्र-छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से सरदार पटेल के विचारों को किया व्यक्त

गाजीपुर। 31 अक्टूबर को मौसम खराब होने से छात्र-छात्राओं का अवकाश था। जिसके कारण शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल में सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म दिवस एकता दिवस के रूप में एक नवंबर को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल से संबंधित पोस्टर बनाया, उनके  जीवन एवं कार्यों के बारे में लिखा तथा अपने विचारों को व्यक्त किया।

निबंध लेखन में आदर्श राय, शिवम यादव, शशांक शेखर और अतुल गुप्ता  तथा पोस्टर बनाने में मनीष गुप्ता, नैंसी श्रीवास्तव और ऋषभ चतुर्वेदी की प्रस्तुति उत्कृष्ट रही। विद्यालय के निदेशक डॉक्टर नदीम अदहमी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर प्रकाश डाला और उनके विचारों से जुड़े हुए बातों को  पालन करने की प्रतिज्ञा छात्र-छात्राओं  तथा सभी शिक्षकों ने लिया। उक्त अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अदहमी , प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उप प्रधानाचार्य हनीफ अहमद, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

कांग्रेसियों ने किया इंदिरा गांधी और सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित

इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं सरदार पटेल जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम — कहा, आज देश को फिर उनकी तरह सशक्त नेतृत्व की आवश्यकता

गाज़ीपुर। भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि (शहादत दिवस) एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को रोडवेज बस स्टैंड परिसर में कांग्रेसजनों द्वारा संयुक्त श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील राम ने की। जबकि संचालन पीसीसी सदस्य एवं प्रवक्ता अजय कुमार श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज जब देश में नफरत और झूठ की राजनीति अपने चरम पर है, तब इंदिरा गांधी और सरदार पटेल जैसे नेताओं के विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं।जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और संप्रभुता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, जबकि आज की सत्ताधारी सरकार देश को एक करने के बजाय समाज को बांटने का कार्य कर रही है। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि “सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़कर भारत को अखंड बनाया था, मगर आज की केंद्र सरकार उन्हीं प्रदेशों के बीच दीवारें खड़ी करने में व्यस्त है। कांग्रेस इन्हीं विभाजनकारी नीतियों का विरोध करती रहेगी। आज महंगाई, बेरोज़गारी और भ्रष्टाचार चरम पर है, जबकि सत्ता में बैठे लोग केवल प्रचार में व्यस्त हैं। इंदिरा गांधी का नेतृत्व जनसेवा का था, न कि दिखावे का।


एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि “भाजपा सरकार ने लोकतंत्र को कमजोर करने का कार्य किया है। इंदिरा गांधी और सरदार पटेल के विचार हमें बताते हैं कि असली राष्ट्रवाद जनता के हितों की रक्षा में है, न कि धर्म और जाति के नाम पर विभाजन में।”
अंत में अजय कुमार श्रीवास्तव (पीसीसी सदस्य एवं प्रवक्ता) ने कहा कि “यह दिन हमें याद दिलाता है कि सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम अन्याय, असमानता और झूठ की राजनीति का डटकर मुकाबला करें। कांग्रेस पार्टी इंदिरा गांधी और सरदार पटेल के आदर्शों पर अडिग है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से चंद्रिका सिंह, हामिद अली, सतीश उपाध्याय, राजेश विश्वकर्मा, राशिद, ओम प्रकाश यादव, अखिलेश यादव, आलोक यादव, महेंद्र कुशवाहा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शाह फैज स्कूल में देश की सुरक्षा, एकता व अखंडता की दिलाई गई शपथ

राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को भावभीनी श्रद्धांजलि

गाजीपुर। शुक्रवार को शाह फैज़ विद्यालय के प्रांगण में भारत के पहले उप-प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ (National Unity Day) अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर, देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा में सरदार पटेल के अमूल्य योगदान को याद किया। ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी द्वारा प्रधानाचार्य, उप-प्रधनाचार्य एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकायों को देश की सुरक्षा, एकता व अखंडता को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की प्रतिज्ञा दिलवायी गयी ।

भौगोलिक भ्रमण एवं सर्वेक्षण के लिए दार्जलिंग रवाना हुई छात्राएं

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में भूगोल विभाग – स्नातक पंचम सेमेस्टर की छात्राएं क्षेत्रीय भौगोलिक भ्रमण एवं सर्वेक्षण के लिए डॉ. निरंजन कुमार यादव के निर्देशन में गुरुवार को दार्जिलिंग रवाना हुई। डॉ. निरंजन कुमार यादव ने बताया कि यह कार्यक्रम पाठ्यक्रम का अनिवार्य हिस्सा है इसके साथ ही साथ भौगोलिक भ्रमण और सर्वेक्षण का उद्देश्य प्रत्यक्ष ज्ञान प्राप्त करना, प्राथमिक डेटा एकत्र करना, स्थानिक पैटर्न और मानव-पर्यावरण संबंधों को समझना, और भौगोलिक सिद्धांतों को व्यवहार में लाना है।

जिससे हमारी छात्राएं भावी जीवन में भौतिक पर्यावरण और मानवीय गतिविधियों के बीच जटिल अंतःक्रियाओं को आसानी से समझ सकें। यह यात्रा छात्राओं के लिए व्यावहारिक कौशल, जैसे नेतृत्व और टीमवर्क, विकसित करने में भी सहयोगी सिद्ध होगी । प्राचार्य प्रो अनीता कुमारी ने यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि यात्राएं जीवन को एक नयी दिशा देती हैं। स्त्रियों को पिछे रह जाने के पीछे एक बड़ा कारण है कि वह अपने जीवन में यात्राएं कम कर पाती हैं। यात्रा हमें एक नयी दुनिया से परिचित कराता है और कई तरह की संकीर्णता से हमें ऊपर उठाता है। इस यात्रा दल में छात्राओं के साथ भूगोल विभाग के शोधार्थी भी सम्मिलित हैं। इस यात्रा दल में कुल 70 यात्री सम्मिलित हैं। उपर्युक्त सूचना मीडिया प्रभारी सह सहयात्री डॉ शिव कुमार ने दिया।