All posts by tiwarishivpratap

छात्रों ने सौंपा प्राचार्या को पत्रक, दी चेतावनी

गाजीपुर। शुक्रवार को पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में छात्रसंघ प्रतिनिधि मंडल ने विगत् वर्ष कि भांति वर्तमान सत्र में भी स्नातक तृतीय व स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष के छात्रों को नि: शुल्क आनलाइन फार्म भरने की मांग संबंधित प्राचार्य डॉ राघवेन्द्र पाण्डेय को पत्रक सौंपा। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने बताया कि विगत् दो वर्षों से हम सभी कि मांग पर पूर्व प्राचार्य द्वारा स्नातक तृतीय व स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष के छात्रों का महाविद्यालय में प्रवेश फार्म नि:शुल्क आनलाइन भरने का बिना महाविद्यालय में आफलाइन हार्डकॉपी जमा किये सीधे साथ में फीस आनलाइन जमा करने की प्रक्रिया लागू कि है। परन्तु वर्तमान सत्र में प्राचार्य द्वारा आनलाइन फार्म भरने कि फीस के साथ ही महाविद्यालय में हार्डकॉपी आफलाइन जमा करने के पश्चात् आनलाइन फीस जमा करने की व्यवस्था की जा रही है जो छात्रों के साथ अन्याय है जिसके कारण प्रत्येक छात्रों का 50-60 रूपये अतिरिक्त लगेगा, जो छात्रों को आर्थिक बोझ के साथ ही मानसिक तनाव झेलना पड़ेगा जो छात्र कदापि बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस संबंध में प्राचार्य को पत्रक देंने के साथ ही चेतावनी दी गई है कि छात्रों कि मांग शीघ्र पूर्ण करते हुए विगत् वर्ष कि भांति प्रवेश फार्म नि: शुल्क भरने का छात्रों को मौका नहीं दिया गया तो छात्र अपनी मांग के समर्थन में धरना प्रदर्शन पर बैठने को बाध्य होंगे जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी। इस मौके पर वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि शिवम पाल, नितिन सिंह, धन्नजय कुशवाहा, धीरज सिंह, आशुतोष कुशवाहा और आकाश जायसवाल इत्यादि छात्र मौजूद थे।

दिव्यांग बच्ची ने बनाई डीएम की तस्वीर

गाजीपुर। शुक्रवार को समर्पण संस्था द्वारा संचालित राजेश्वरी विकलांग विद्यालय एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण केन्द्र शास्त्री नगर के तत्वाधान में विद्यालय के दिव्यांग छात्र छात्राओं द्वारा हस्त निर्मित वस्तुओं जैसे दीपक, ज्वैलरी, रंगीन दीपक प्रीन्टिग चादर, गुलदस्ता इत्यादि वस्तुओं का निर्माण कर दिपावली के अवसर पर विकास भवन परिसर में मेले का आयोजन हुआ। मेले का नेतृत्व जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी नरेन्द्र विश्वकर्मा एवं समर्पण संस्था के संरक्षिका सविता सिंह द्वारा किया गया। मेले के मुख्य अतिथि आर्यका अखौरी जिलाधिकारी एवं सांसद अफजाल अंसारी थे। मेले का शुभारम्भ जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने फीता काट कर किया। विशिष्ठ अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, समाज कल्याण अधिकारी रामनगीना यादव, परियोजना निदेशक राजेश यादव एवं सुखवीर एग्रो एनर्जी फत्तेहउल्लापुर के जी0एम0 प्रिंस गरखर उर्फ वावी रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने कहा कि मैं संस्था के संस्थापक को धन्यवाद देती हूं कि ऐसे विद्यालय का निर्माण करके दिव्यांग बच्चों को स्वावलम्बी बनाने का जो प्रयास किया है वो काफी सराहनीय है। विद्यालय के सम्बन्ध मे हुई वार्ता में विद्यालय में चल रहे भूमि के बात को लेकर सुखवीर एग्रो एनर्जी के जी0एम0 ने कहा कि कुछ भाग विवादित है उसका निराकरण कर दिया जाय तो काफी सहुलियत होगी। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय के जो काम अधूरे पडे हुए है उन्हें जल्द ही पूरा करा लिया जायेगा। कार्यक्रम में नरेन्द्र विश्वकर्मा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने कहा कि इस बच्चों के हुनर को देखने से हमारे समाज को प्रेरणा मिलती है कि स्वावलम्बन के क्षेत्र में समाज को भी आगे आना चाहिए। जिलाधिकारी ने मेले मे लगाये गये स्टाल का अवलोकन कर दिव्यांग बच्चो का उत्साहवर्घन किया तथा दिव्यांग बच्ची द्वारा अपनी हाथो से बनाये गयी जिलाधिकारी की तस्वीर भेट की गयी जिसपर उन्होने प्रशंन्नता व्यक्त की। मेले मेें आये हुए समस्त आगन्तुक द्वारा बच्चों के बनाये गये वस्तुओं कि काफी प्रशंसा की गयी। अन्त में सभी आगन्तुको का सविता सिंह ने अभार व्यक्त किया।

164 को आयुष्मान कार्ड, 354 का इलाज

स्वास्थ्य मेले में 164 आयुष्मान कार्ड वितरण के साथ ही 354 मरीजों का हुआ इलाज

गाजीपुर। आयुष्मान भारत योजना जिसके तहत लाभार्थी को 5 लाख तक का निशुल्क इलाज दिया जाता है। जिसके लिए आयुष्मान कार्ड बनाया जाना अनिवार्य है। जिसके लिए लगातार कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।इसी कड़ी में मोहम्मदाबाद ब्लाक के ग्राम सभा कोठियां में एक स्वास्थ्य मेले का आयोजन गुरुवार को किया गया।जिसमें 164 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। वही 354 मरीजों का इलाज भी किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ आशीष राय ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में सभी प्रकार की आवश्यक जांच एवं औषधीयो का वितरण चिकित्सकीय परामर्श के पश्चात किया गया। मेले में हिमोग्लोबिन जांच, बल्ड प्रेशर, एल्बुमिन, प्रोटीन, एच आई वी, मलेरिया, डेगु , बच्चों का टिकाकरण, कोविड वैक्सीनेशन के साथ साथ मोतियाबिंद के मरीजों की पहचान किया गया। मेले में कुल 354 मरीजों को उचित उपचार एवं दवा वितरण के साथ कुल 64 मोतियाबिंद मरीजों की स्क्रीनिंग भी किया गया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी के द्वारा कुल 164 पात्रों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। इस दौरान मेले में लगे सभी स्टालों का अवलोकन उपजिलाधिकारी के द्वारा करते हुऐ प्रत्येक व्यक्ति तक हर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने हेतु योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने को कहा।

इस कार्यक्रम में डा0 आर के वर्मा, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक संजीव कुमार, बीडीए कृष्ण कुमार सिंह, इकरम गांधी, आशा सिंह ,रंजना, सीएचओ चंदा,नेहा, फार्मासिस्ट अजय कुमार, आपटोमिस्ट अनिमेष, कमलेश, विनीत, मोहन, राजकुमारी इत्यादि के साथ स्थानीय आशा एवं आंगनबाड़ी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में आए लोगो के प्रति आभार शैलेश प्रधान के द्वारा ज्ञापित किया गया।

बैठक में चीनी सामानों का बहिष्कार करने पर जोर

चीन के अनैतिक कब्जों पर जताई गई चिंता

भारत, तिब्बत सहयोग मंच के तत्वधान में की गई बैठक में चीनी सामानों का बहिष्कार करने पर जोर

गाजीपुर। भारत पर चीन द्वारा आक्रमण की साठवीं बर्षी पर भारत, तिब्बत सहयोग मंच (काशी प्रांत) के गाजीपुर के ददरीघाट में एक वैचारिक गोष्ठी का आयोजन पार्टी की वरिष्ठ कार्यकर्ती कनकलता की अध्यक्षता में की गई। इसमें प्रांत कार्यकारिणी के गाजीपुर और वाराणसी जिले के प्रभारी अमित राय व काशी प्रांत के उपाध्यक्ष वासुदेव पांडेय, युवा अध्यक्ष अरुण मिश्रा महामंत्री सुनील सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक में चीन की विस्तारवादी नीति एवं तिब्बत की आजादी और कैलाश मानसरोवर सहित तिब्बत पर अनैतिक कब्जे को लेकर मंच की गतिविधियों, वैचारिक दृष्टिकोण, उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर विचार किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ लोक गीत गायक रामउग्रह कुमार के देश भक्ति गीत से किया गया। बैठक में चीनी सामान के बहिस्कार पर विशेष रूप से चर्चा की गई। साथ ही महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया, जिसमें रंजना राय, प्रमिला महरोत्रा, गोल्डी सिंह, ममता सिंह, शैलेश गुप्ता, कुसुम राय, शालिनी राय, खुशी यादव, सोनी, सीता रावत, पूनम सिंह, अजय कुशवाहा, रणजीत, शिवानंद, अभिषेक राय, अखिलेश राय, राकेश कुमार, उपेंद्र, वीरेंद्र कुमार बिंद, मनोज कुमार श्रीवास्तव, विनय चौहान, अस्तित्व पुजारी, शिवम रावत आदि मौजूद रहे।

प्राचार्या सहित 200 छात्राओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

गाजीपुर। हर दिन हर घर आयुर्वेद कार्यक्रम जो की 12 सितंबर से 23 अक्टूबर आयुर्वेद दिवस तक आयुष मंत्रालय भारत सरकार एवं आयुष विभाग उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी के सौजन्य से गुरूवार को राजकीय महिला महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ। राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय नगर और फतेपुर अटवा से आए चिकित्सक डॉ सुजीत कुमार, डॉ कुमारी वंदना और डॉ लवी अग्रवाल ने राजकीय महिला पीजी कॉलेज की लगभग 200 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान उन्हें विभिन्न आयुर्वेदिक औषधियां एवं जीवन रक्षक किट भी वितरित किया। डॉ लवी अग्रवाल एवं डॉ वंदना ने छात्राओं को आयुर्वेदिक आहार पद्धति को अपनाने के लिए जागरूक किया, साथ ही किशोरावस्था में होने वाली विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक किया एवं उससे बचने का उपाय बताया। इस कार्यक्रम में नम्रता तिवारी योग इंस्ट्रक्टर ने बच्चो को योग कराया और योग के माध्यम से मानसिक और शारीरिक दोनो तरह की बीमारियों से बचने का उपाय बताया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर डॉ सविता भारद्वाज ने छात्राओं को योग आधारित जीवन पद्धति को अपनाने पर बल दिया। इस अवसर पर उन्होंने अपना स्वयं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया।


कार्यक्रम में एनीमिया से बचने के लिए देसी गुड, केला, पालक, चने, चकंदर, मुनक्का व काले तिल का प्रयोग करने हेतु जागरूक किया। महिलाओं में लाइफ स्टाइल की वजह से होने वाली बीमारी पीसीओडी से बचाव हेतु नियमित योग, junk food का परित्याग, नियमित दिनचर्या एवं ऋतुचर्या का पालन करने के लिए छात्राओ को प्रेरित करते हुए बताया कि मोटे अनाजों का प्रयोग जैसे ज्वार, बाजरा, जोहनरी, चना, मूंग की दाल, मसूर की दाल का नियमित प्रयोग करे। मोटे अनाजों का प्रयोग करने से डायबिटीज, हाइपरटेंशन, मोटापा, स्ट्रॉक (stroke) जैसी बीमारियों से बचा जा सकता है।
प्रोसेस्ड एवं जंक फूड का इस्तेमाल बिलकुल न करने पे जोर दिया। छात्राओं से कहा कि सेंधा नमक का प्रयोग नियमित करने से किड़नी एवं ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। कार्यक्रम का संयोजन एवं समन्वय रेंजर प्रभारी डॉ शिवकुमार ने किया तथा डॉ राजेश कुमार यादव, डॉ शिखा सिंह एवं डॉ नेहा कुमारी ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी गण एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक-कर्मचारी एवं उत्साहित छात्राएं उपस्थित रहीं।

बेस्ट टीचर अवॉर्ड से सम्मानित हुए डॉ अकबरे आजम

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉक्टर अकबरे आजम को “व्यवसायिक उन्नति के लिए सतत शिक्षा केंद्र” द्वारा “डॉ एपीजे अब्दुल कलाम best teacher international award 2022” को रासायनिक विज्ञान में प्राप्त हुआ है। यह संस्था शिक्षाविदों की क्षमता का निर्माण एवं शैक्षणिक व शोध में उनके योगदान को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर मूल्यांकन के उद्देश्य से 2002 से नियमित रूप में प्रकाशित करती आ रही है। देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्वान प्राध्यापकों द्वारा रसायन विज्ञान के क्षेत्र में किए गए योगदान को संस्थान समिति द्वारा पारित होने के बाद उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है। उनका शोध क्षेत्र भूजल में आर्सेनिक का प्रदूषण है। इससे पूर्व भी उन्हें दो राष्ट्रीय एवं एक अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उनके द्वारा अब तक 10 राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्र प्रकाशित किए जा चुके हैं। उन्होंने तीन पुस्तकों का लेखन भी किया है। इस मौके पर महाविद्यालय परिवार उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता है।

जिले में बनेगा 69 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र

जनपद में अब बनेंगे 69 नवीन स्वास्थ्य उप केंद्र

24 स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए मिला बजट

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग स्वास्थ्य सुविधाओं को ग्रामीण इलाकों में बहाल करने के लिए लगातार कवायद कर रही है। इसी के क्रम में गाजीपुर के ग्रामीण इलाकों में 69 नवीन स्वास्थ्य उप केंद्र जो आयुष्मान भारत इन्फ्राट्रक्चर के तहत बनाने की स्वीकृति शासन के द्वारा मिल गई है। जिसके लिए पहले से ही जमीन चिन्हित कर ली गई है और अब कार्यदाई संस्था को भी नामित कर दिया गया है। जिसको लेकर कार्यदाई संस्था के अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मध्य एक बैठक 2 दिन पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में हुआ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरगोविंद सिंह ने बताया कि जनपद के ग्रामीण इलाकों में प्रसव हेतु बनाए गए उप केंद्र जो काफी जीर्ण शीर्ण हालात में हो गए थे। और बहुत सारे उप केंद्र गिर भी चुके है। जिसके चलते वहां पर प्रसव प्रभावित हो रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए पूर्व में उप केंद्र के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था । जिसमें से 69 नवीन स्वास्थ्य उप केंद्र के निर्माण के लिए शासन की स्वीकृति आ चुकी है। जिसमें से 24 उप केंद्र बनाने के लिए बजट भी आवंटित हो चुका है।

उन्होंने बताया कि बैठक में करदाई संस्था के अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल है। जिसमें कार्यदाई संस्था को उप केंद्र के निर्माण के लिए मानक और गुणवत्ता को ध्यान में रखने का सख्त हिदायत दिया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि उप केंद्रों का निर्माण प्रत्येक ब्लॉक में एक या दो जगह चिन्हित जमीनों पर बहुत ही जल्द शुरू करा दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि उप केंद्रों के निर्माण को लेकर समय सीमा भी निर्धारित कर दिया गया है। ताकि तय समय में इसका निर्माण पूर्ण हो सके। ग्रामीण इलाकों में उप केंद्रों पर प्रसव जल्द से जल्द शुरू कराया जा सके ताकि जच्चा बच्चा की मौतों में कमी आए।

गाजीपुर के डीएम को मिला गुजरात में पुरस्कार

गाजीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना-सबके लिए आवास (शहरी) अवार्ड-2021 मे देश मे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली जिलाधिकारी को पुरस्कृत किया गया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी भदोही के नगर पालिका टीम के साथ गुजरात पहुंची। जहां केन्द्रिय मंत्री हरदीप पुरी द्वारा राजकोट, गुजरात मे जिलाधिकारी आर्यका अखौरी को पुरस्कार प्राप्त प्रदान किया गया। ज्ञात हो कि इससे पूर्व वे भदोही की जिलाधिकारी पद पर कार्यरत थी। बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में देश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली नगर पालिका भदोही और जिलाधिकारी आर्यका अखौरी को केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से राजकोट गुजरात में पुरस्कार प्राप्त हुआ। इस दौरान अपने टीम के साथ जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने पुरस्कार ग्रहण किया।

पैदल गश्त कर एसपी सिटी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

गाजीपुर। आगामी त्यौहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत जिले के समस्त क्षेत्राधिकारी व थाना/चौकी प्रभारी अपने पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर रहे हैं। इसी क्रम में
बुधवार की शाम को पुलिस अधीक्षक नगर गोपीनाथ सोनी ने पुलिस कर्मियों के साथ नगर में पैदल गश्त किया। गश्त के दौरान गोपीनाथ सोनी ने संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु व वाहनों की चेकिंग किया। पैदल गस्त के दौरान आमजन से संवाद कर लोगों से सुरक्षा के बाबत जानकारी ली। बता दें कि पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे के निर्देशन में आगामी त्यौहारों के दौरान चाक चौबन्द सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था तथा बालिका/महिला सुरक्षा के दृष्टिगत जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी सहित प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष/ चौकी प्रभारी मय पुलिस बल के साथ सतर्क दृष्टि बनाए रखते हुए पैदल गश्त कर रहे है। पैदल गश्त के दौरान प्रमुख मार्गो, चौराहों, बाजारों व भीड़-भाड़ वाले स्थानों आदि पर संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु व वाहनों की गहनता से चेकिंग की जा रही है। पैदल गस्त के दौरान आम जन को आश्वस्त कराया जा रहा है कि जनपद पुलिस शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटिबद्ध है।

लाखों रुपए से निर्मित सड़क को जनता को किया समर्पित

बहुत खुब! नगर पालिका ने फिर किया प्रोफेसर कालोनी की सड़क का लोकार्पण


गाजीपुर। नगर पालिका द्वारा शहर के विकास कार्यों के लोकार्पण का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में नगर के प्रोफेसर कालोनी में नव निर्मित इण्टरलाकिंग सड़क व ढक्कनयुक्त नाली का लोकार्पण जिला पंचायत की अध्यक्ष सपना सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य व लोकसभा गाजीपुर के संयोजक कृष्ण बिहारी राय एवं नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि नगर की जनता ने जिस विश्वास के साथ सरिता अग्रवाल को अपने मतो से जीत दिलायी थी। उस विश्वास पर सरिता अग्रवाल व उनके पति विनोद अग्रवाल खरा उतरे हैं, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण यहाँ के लोकार्पण के कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रवासियों के सम्बोधन से प्रतीत होता है। हम कह सकते हैं कि जिस प्रकार बिना भेदभाव के दलीय, जातीय एवं क्षेत्रीय समीकरण से ऊपर उठकर अग्रवाल दम्पत्ति ने विकास का माडल दिखाया है वह प्रशंसनीय है। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मैं और सरिता अग्रवाल दोनों लोग हमेशा किसी न किसी कार्यक्रम में मिलते रहते हैं इसलिए इनसे काफी लगाव सा हो गया है। हम दोनों नारी शक्ति मिलकर जिले व नगर का सामूहिक विकास करेंगे। हम चाहते हैं कि अगला कार्यकाल भी सरिता जी का ही हो ताकि मेरा साथ बना रहे। भाजपा के जिला महामंत्री ओमप्रकाश राय ने विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि निश्चित रूप से हम कह सकते हैं कि जिस प्रकार से नगर के विकास के लोकार्पण का सिलसिला चल रहा है उससे यह प्रमाणित होता है कि नगर में चारो तरफ प्रत्येक क्षेत्र में सामूहिक विकास हुआ है। भाजपा के जिला महामंत्री दयाशंकर पाण्डेय ने भी नगर पालिका द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वास्तव में गाजीपुर नगर को संवारने व सजाने का कार्य सरिता अग्रवाल ने किया है।


नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल ने इस अवसर पर नगर पालिका के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए नगर को स्वच्छ, सुन्दर एवं विकसित हेतु किए जा रहे प्रयास में लोगों से सहयोग करने की अपील की और कहा कि आपके सहयोग बिना कोई भी काम करना मुश्किल रहता है।
पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि वार्ड नं0 17 के प्रोफेसर कालोनी में नवीन सिंह के मकान से अरविन्द कुमार सिंह के मकान तक इण्टरलाकिंग सड़क व ढक्कनयुक्त नाली का लगभग 7 लाख की लागत से निर्माण कराया गया है। उन्होंने नगर में चल रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए आगामी दिनों में नगर के विकास हेतु और भी टेण्डर निकलने की बात कही। इस अवसर पर श्री रामनरेश कुशवाहा, रासबिहारी राय, राजेश कुमार सिंह (एडवोकेट), अजय कुमार सिंह (एडवोकेट), रंजना रघुवंशी ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री अभय सिंह एवं संचालन श्री अजय गुप्ता ने किया। क्षेत्रीय सभासद श्रीमती सरिता गुप्ता ने आए हुए सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा के नगर अध्यक्ष श्री सुनील गुप्ता, महामंत्री अजय कुशवाहा, हेमन्त त्रिपाठी, आई0टी0 सेल के जिला संयोजक कार्तिक गुप्ता, भाजपा के जिला मंत्री सुरेश बिन्द, गुलाम कादिर राइनी, जिला पंचायत सदस्य शैलेश राम, संतोष जायसवाल, बच्चा तिवारी, नन्दू कुशवाहा, अभिनव सिंह छोटू, लाले यादव, रेनु गुप्ता, निखिल राय, बब्लू जायसवाल, रामानुज राय, प्रकाश चन्द्र दुबे, पंकज जायसवाल, जयप्रकाश गुप्ता, विशाल चौरसिया, गर्वजीत सिंह, अवनीश सिंह, प्रवण कुमार द्विवेदी, इन्द्रजीत चौरसिया, अतुल श्रीवास्तव, प्रिन्स सिंह (पत्रकार), वरूण गुप्ता, रूपेश सिंह, गोपी गुप्ता, नवनीत सिंह, अजय शास्त्री, विवेक राय, भानु केशरी, अनूप सिंह, बन्टी सिंह के अतिरिक्त सभासद श्री समरेन्द्र सिंह, अमरनाथ दुबे, विनोद कुशवाहा आदि मौजूद थे।