All posts by tiwarishivpratap

मुख्तार की पत्नी की करोड़ों रुपए की संपत्ति कुर्क

गाजीपुर। मोख्तार अंसारी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। आएदिन उनके लोगों के साथ ही नाते-रिश्तेदारों पर कार्रवाई प्रशासन उनकी चल-अचल सम्पतियों को कुर्क करके कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मऊ पुलिस ने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गाजीपुर सदर कोतवाली क्षेत्र के तलवल के पास स्थित मोख्तार अंसारी की पत्नी आफसा की अंसारी की करोड़ों की भूमि को मुनादी के बीच कुर्क कर दिया। इस संबंध में मऊ के सदर सीओ धनंजय मिश्रा ने बताया कि मोख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी मुकदमा अपराध संख्या 8/22 थाना दक्षिण टोला मऊ में वांछित अभियुक्त है। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत विवेचक सराय लखंसी प्रभारी निरीक्षक द्वारा रिपोर्ट की गई थी। जिसमें जिलाधिकारी मऊ के आदेश पर धारा 14 (1) के अंतर्गत आफसा अंसारी की भूमि को कुर्क करने की कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि कुर्क भूमि की बाजारू कीमत लगभग साढ़े तीन करोड़ है। कार्रवाई के दौरान सदर तहसील अभिषेक कुमार, नायब तहसीलदार, राजस्व विभाग के साथ ही मऊ और स्थानीय कोतवाली पुलिस मौजूद रही।

अधिकारियों ने डॉग स्क्वायड टीम के साथ की जांच-पड़ताल

गाजीपुर। बुधवार को वाराणसी से आई डॉग स्क्वायड टीम के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ स्टेशन पर पहुंचे। टीम ने स्टेशन पर मौजूद संदिग्धों के साथ यात्रियों के सामानों की जांच-पड़ताल किया। मालूम हो कि कुछ दिन पहले लश्कर-ए-तैयबा द्वारा गाजीपुर सिटी स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों को 22 जून को बम से उड़ाने का जीआरपी को पत्र मिला था। इससे आरपीएफ और जीआरपी में हड़कंप मच गया था। उसने उच्चाधिकारियों सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इस मामले से अवगत कराया था। इसी क्रम में बुधवार की सुबह एडीएम वित्त एवं राजस्व अशोक कुमार सिंह, सदर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह, एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, सदर सीओ समर बहादुर सिंह, सदर कोतवाल विमलेश मौर्या, वाराणसी से आई डॉग स्क्वायड टीम और भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। आरपीएफ प्रभारी अमित राय और जीआरपी प्रभारी अखिलेश मिश्रा के साथ प्लेटफार्मों पर मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने के साथ ही उनके पास मौजूद सामानों की तलाशी की गई। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह कहा कि कुछ दिन पहले लश्कर-ए-तैयबा द्वारा एक धमकी भरा पत्र मिला था। उस पत्र में रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसी के मद्देनजर आज डॉग स्क्वायड टीम के साथ स्टेशन पर यात्रियों के सामानों की जांच-पड़ताल की गई।

विद्यालय में अध्यापकों और छात्राओं ने किया योग

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस'पर मंगलवार को योग-शिविर का आयोजन महाविद्यालय की रानी लक्ष्मीबाई प्रांगण में किया गया। इस दौरान प्रातः योग शिविर का उद्घाटन प्राचार्य प्रोफेसर सविता भारद्वाज ने करते हुए कहा कि योग केवल एक क्रिया मात्र नहीं है बल्कि हमारे शरीर को स्वास्थ और आनन्द, जीवन को शान्ति एवं सुखमय बनाने की एक विधा है। इस विधा में सभी को पारंगत करना ही इस शिविर का उद्देश्य है। योग शिविर में 28 यू पी गर्ल्स बटालियन एन सी सी कैडेट्स, प्रज्ञा रेंजर, छात्राओं के साथ-साथ प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभागिता की। योग प्रशिक्षक लेफ्टिनेंट शशिकला ने कटिचक्रासन, वृक्षासन, ताड़ासन,गोमुखासन, धनुरासन, प्राणायाम, आदि का अभ्यास कराया और योग से होने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। योग शिविर में रेंजर प्रभारी डॉ शिवकुमार, डॉ. सारिका सिंह, प्रो. उमाशंकर, डॉ रामनाथ, डॉ. मनीष, डॉ गजनफर, डॉ राजेश, शिवम सिंह लिपिक सहित महाविद्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।