All posts by tiwarishivpratap

महिला जागरूकता कार्यक्रम में महिला आयोग की सदस्य ने छात्राओं को किया जागरूक

गाजीपुर। ‘मंजिलें मिल ही जाएगी भटकते ही सही, गुमराह तो वह होते हैं जो निकले ही नहीं’। अब महिलाओं की पहचान पति से नहीं बल्कि उनके स्वयं के कर्म एवं व्यक्तित्व से होती है। महिला सृष्टि एवं सृजन कर्ता है। वह सुबह से शाम तक, उषा से निशा तक क्रियाशील रहती है। वह सृष्टि की सबसे सहनशील प्राणी है। इसीलिए वह नर नहीं नारी है, नर से भी ज्यादा जिम्मेदारी है। उक्त बातें गुरुवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित महिला जागरूकता कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने कहा।

उन्होंने उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मां-बाप पौधों की तरह बेटियों को भी सींचते हैं। इसलिए आप लोग पढ़ें, बढ़े और जीवन में अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। जमाना बदल गया है। पहले लोग अच्छा दामाद ढूंढते थे। आज लोग अच्छी बहु ढूंढते हैं। क्योंकि वे जानते हैं कि उनके परिवार की कमान एक सुशील एवं सक्षम बेटी ही संभाल सकती हैं। इसलिए बेटियों का उच्च शिक्षित होना और आत्मनिर्भर होना अति आवश्यक है।

राजकीय महिला महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ एवं जिला प्रोबेशन कार्यालय के संयुक्त तत्वाधान में छात्राओं को महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं से परिचय कराने तथा उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए यह कार्यक्रम संयुक्त रूप से आज महाविद्यालय में आयोजित हुआ। जिसमें उपस्थित जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी ने छात्राओं को महिला कल्याण से संबंधित विविध योजनाओं और हेल्पलाइनो के बारे में विस्तार से बताया तथा उन्हें आश्वस्त किया कि भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की सहायता पडने पर वह उनसे व्यक्तिगत रूप से या उनके कार्यालय से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इसके पूर्व महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने मुख्य अतिथि सुनीता श्रीवास्तव एवं संजय सोनी का को पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र एवं महाविद्यालय की पत्रिका ‘कीर्ति’ देकर सम्मानित किया।

महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ सारिका सिंह ने उपस्थित मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय में महिला प्रकोष्ठ की गतिविधियों से उपस्थितजनों को परिचित कराया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने महाविद्यालय की क्षमता और विशेषता से परिचय कराते हुए बताया कि यह महाविद्यालय पूर्वांचल का एक समृद्ध एवं गौरवशाली राजकीय महाविद्यालय हैं। जहां पर बेटियों के लिए शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर स्तर पर अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित हैं। महाविद्यालय अपनी सभी छात्राओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए कंप्यूटर, ब्यूटीशियन, योग से संबंधित कौशल विकास कार्यक्रमों का संचालन कर रहा है तथा उनके जीवन में आने वाली समस्याओं के लिए भी वह समय-समय पर गोष्ठी और संगोष्ठियों के माध्यम से उन्हें जागरुक एवं सशक्त करता रहता है।

इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं ने अपने सवालों के माध्यम से अपने जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस दौरान सदस्य छात्राओं के सवालों से अत्यधिक प्रभावित एवं प्रफुल्लित हुई। कार्यक्रम कार्यक्रम का सफल संचालन मुख्य शास्ता डॉ संगीता सिंह, आभार ज्ञापन एवं संयोजन महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार ने किया। कार्यक्रम में छात्राओं की भागीदारी उत्साहजनक रही। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन के जनपद समन्वयक संतोष सिंह, वन स्टाप केंद्र की मैनेजर प्रियंका प्रजापति, महिला थाना प्रभारी नीतू मिश्रा, महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ शंभू शरण प्रसाद, डॉ शैलेंद्र कुमार यादव, डॉ राजेश कुमार यादव, डॉ मनीष सोनकर, डॉ नेहा कुमारी, डॉ हरेंद्र यादव, डॉ गजनफर सईद, डॉ शिखा सिंह, डॉ ओम शिवानी एवं प्रज्ञा रेंजर छात्राएं तथा नव प्रवेशी छात्राएं विशेष रूप से उपस्थित रही।

23 अगस्त को दिल्ली में होगा इंडियन पब्लिक सर्विस इंप्लाइज फेडरेशन की बैठक

23 अगस्त 2025 को इंडियन पब्लिक सर्विस इंप्लाइज फेडरेशन की बैठक दिल्ली मेंः दुर्गेश श्रीवास्तव

गाजीपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक गुरुवार को विकास भवन में संपन्न हुआ, जिसमें 12 सूत्री मांगों को लेकर नई दिल्ली में 23 अगस्त 2025 को बैठक का आयोजन किया जा रहा है, जिसके बारे में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा 12 सूत्रीय मांगों पर विस्तृत प्रकाश डाला। इस दौरान सर्वप्रथम पुरानी पेंशन बहाल किया जाना, सातवें वेतन आयोग की संस्तुतियों के उपरांत विसंगतियां दूर करते हुए वेतन समिति के रिपोर्ट को प्रकाशित कर सार्वजनिक निगम परिवहन, निगम प्राधिकरण, शिक्षकों शिक्षणेत्तर ,स्वयं सेवी संस्थाओं आदि के कर्मचारियों पर सामान्य रूप से लागू किया जाए के साथ प्रदेश के सभी विभागों के कर्मचारियों को समय से वेतन भत्ते पेंशन आदि दिया जाना सुनिश्चित किया जाए। 1 जनवरी 2020 से 31 जुलाई 2021 तक फ्रिज महंगाई भत्ते का एरियर भी अनुमंय किया जाए एवं परिवार नियोजन सी0सी0ए0 सहित बंद किए गए अन्य समस्त भत्ते बहाल किया जाए।

आउटसोर्सिंग और संविदा आदि पर कार्यरत कर्मचारियों की सेवा संबंधित सुरक्षा भविष्य में स्थाईकरण हेतु नीति तथा समान कार्य का समान वेतन श्रम मंत्रालय द्वारा अनुमंय पारिश्रमिक दिए जाने तथा समय से ई0पी0एफ0 एवं ई0एस0आई तथा बीमा की सुविधा अनिवार्य रूप से प्रदान किया जाए। शेष बचे राजकीय निगम के कर्मचारियों को सातवां वेतन का लाभ अनुमान किया जाए, तथा निगम के कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का भुगतान राज्य कर्मचारियों की देय तारीख से स्वीकृत करते हुए गठित अधिकृत समिति समाप्त कर वर्ष 2002 से पूर्व की व्यवस्था लागू किया जाय। राज्य सार्वजनिक निगमन उपक्रमों आदि को चलाने हेतु ठोस नीति बनाई जाए, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के समझौता अनुसार महंगाई भत्ते की बकाया किस्तों का देय दिनांक से भुगतान वेतन विसंगतियों का निराकरण मृतक आश्रितों की नियुक्ति वर्ष 2001 तक कर्मचारियों का विनियमतीकारण,

सीधी भर्ती के रिक्त पदों पर भर्ती, शेष संविदा चालकों एवं परिचालकों के नियमितीकरण की योजना व सेवा निवृत उपरांत चिकित्सा सुविधा तथा नए बन चुके बना रहे एक्सप्रेस वे हाई वे के राष्ट्रीयकरण सहित लंबित राष्ट्रीयकरण के प्रस्ताव का अनुमोदन, निगम व निजी बसों के यात्रीकर (अतिरिक्त कर) की असमानता समाप्ति, यात्री कर की बकाया राशि का अंश पूंजी में परिवर्तन और डग्गामारी पर रोक लगाई जाए। सेवारत एवं सेवा निवृत्ति कर्मचारियों हेतु लागू कैशलेस ईलाज की सुविधा सुनिश्चित कर राज्य कर्मचारियों की भांति स्थानीय निकाय सार्वजनिक निगमन सार्वजनिक उपक्रमों विकास प्राधिकरणो शिक्षकों व शिक्षणेत्तर एंव स्वशासी संस्थाओं के कार्मिकों को भी यह सुविधा अनुमान किया जाए। समस्त डिप्लोमा फार्मासिस्ट लैब टेक्नीशियन ऑप्टोमेट्रिक के वर्तमान ग्रेड पे रुपया 2800 को उचित करते हुए 4200 तथा कैडर पुनर्गठन का पदनाम परिवर्तित किया जाए।

नरसिंग वर्ग को केंद्र सरकार के उपलब्ध पदों की भांति प्रदेश में 200 ग्रेड पर एक नर्सिंग अधीक्षक तथा 500 वेट पर मुख्य नर्सिंग अधिकारी का एक-एक पद सहित किया जाए। सभी कार्यरत प्राथमिक शिक्षक तदर्थ माध्यमिक शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों को विनियमितकरण करते हुए राज्य कर्मचारियों की भांति चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, शीचपाल,शीचपर्यवेक्षक,जिलेदार एवं नलकूप चालक, टयूबवेल टेक्नीशियन,वेटरनरी,फार्मासिस्ट आदि,कर्मचारियों की सेवा नियमावली शीघ्र प्रख्यापित किया जाए,चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती खोलते हुए स्वीकृत पदों पर सीधी भर्ती की जाए के साथ 12 सूत्री मांगों को लेकर दिल्ली में 23 अगस्त 25 को बैठक आहूत किया गया है। जनपद स्तर पर प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी के हठवादिता को लेकर जिला विकास कर्मचारी के संगठन के सदस्यों द्वारा अवगत कराया गया।

जिला विकास कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष द्वारा प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी गाजीपुर पर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया जाने का आरोप लगाया गया। जिस पर परिषद के जिलाध्यक्ष द्वारा पीड़ित कर्मी को अस्वस्थ किया गया कि किसी भी कर्मचारी का अपमान परिषद बर्दाश्त नहीं करेगा और बहुत जल्द परिषद का प्रतिनिधि मंण्डल जिलाधिकारी से मिलकर अवगत कराया जाएगा। बैठक के लास्ट में ऑपरेशन सिंदूर के तहत 9 जून 2025 को किए गए रक्त दान कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उक्त कार्यक्रम में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह कार्यकारी मंत्री अलोकर राय,अभय सिंह, राकेश पांडे, शमशेर बहादुर सिंह, विनोद कुमार यादव,श्रवण कुमार यादव, चंदन राम, गिरजा शंकर कुशवाहा, संजय कुंवर केदार शोनकर, रवि कुमार पांडे ,श्रवण कुमार प्रेम सिंह अमित कुमार ,गोविंद श्रीवास्तव मनोज यादव धर्मेंद्र सिंह, नागेश सिंह,अजीत विजेता, बाबुआ यादव,प्रेम कुमार,सहित सैकड़ो कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अध्यक्षता दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव संचालन ओंकार नाथ पांडे ने किया ।

ट्रांसपोर्टर, वाहन संचालक और दुकानदार 15 अगस्त तक करा लें पंजीकरण

गाजीपुर। सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देश पर मोटर परिवहन कर्मकार अधिनियम 1961 के अंतर्गत 15 जुलाई से 15 अगस्त 2025 तक मोटर परिवहन कर्मकार अधिनियम एवं उत्तर प्रदेश एवं वाणिज्य अधिष्ठान अधिनियम 1962 के अन्तर्गत अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान का लाभ उठाते हुए सभी ट्रांसपोर्टरों/वाहन संचालकों एवं दुकानदार भाईयों से अपील है कि वह अपने दुकानों/प्रतिष्ठानों एवं सभी व्यावसायिक वाहनों का पंजीयन/नवीनीकरण संबंधित अधिनियम के अन्तर्गत अवश्य करा लें। उक्त अभियान में मोटर परिवहन कर्मकार अधिनियम के अन्तर्गत सभी ट्रांसपोर्टरों/वाहन संचालकों को पंजीयन कराना अनिवार्य है, साथ ही ऐसे समस्त अपंजीकृत अथवा अनवीनीकृत दुकान/ वाणिज्यिक प्रतिष्ठान जहां एक अथवा एक से अधिक कर्मचारी नियोजित हों, उनका पंजीयन उत्तर प्रदेश दुकान एवं वाणिज्यिक अधिष्ठान अधिनियम, 1962 के अन्तर्गत किया जाना अनिवार्य है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार राजपूत ने सभी ट्रांसपोर्टरों एवं अन्य व्यापारियों से अनुरोध किया है कि वह अभियान अवधि में अपना पंजीयन संबंधित अधिनियम के अन्तर्गत अवश्य करा लें। अभियान अवधि के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही अपनायी जायेगी। उक्त पंजीयन निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से स्वयं अथवा सी0एस0सी0 के माध्यम से कराया जा सकता है। इस संबंध में किसी भी समस्या के लिए श्रम कार्यालय, गाजीपुर में सम्पर्क कर सकते हैं।

पीजी कॉलेज में बढ़ी सीटों पर प्रवेश प्रारम्भ, 7 अगस्त से काउंसलिंग शुरू

पीजी कॉलेज में बढ़ी सीटों पर प्रवेश प्रारम्भ, काउंसलिंग सात अगस्त से

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोराबाजार में पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर की ओर से छात्र हित में समस्त पाठ्यक्रमों में सीटों की वृद्धि की गई है। प्राचार्य प्रोफ. (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने इसी क्रम में बताया कि बीएससी (कृषि) सत्र 2025-26 प्रथम वर्ष प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु चतुर्थ काउन्सलिंग दिनांक 07. 08.2025 और 08.08.2025 को प्रातः 09:00 बजे से 01:00 बजे तक होगी। स्नातकोत्तर (एमएससी-बॉटनी, एमकॉम एमए-भूगोल,समाजशास्त्र ,एमएससी (कृषि) जनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग एवं हॉर्टिकल्चर) सत्र 2025-26 प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) में प्रवेश हेतु तृतीय काउन्सलिंग दिनांक 07.08.2025 एवं 08.08.2025 को प्रातः 09:00 बजे से 01:00 बजे तक होगी।
प्रोफेसर पाण्डेय ने बताया कि स्नातकोत्तर (एमए-गृह विज्ञान, राजनीतिशास्त्र, अंग्रजी, संस्कृत, हिंदी, अर्थशास्त्र, इतिहास, मनोविज्ञान, एमएससी रसायनशास्त्र, गणित सत्र: 2025-26 प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) में प्रवेश हेतु ओपन काउन्सलिंग प्रारम्भ है। उन्होंने यह भी बताया कि बीए, बीकॉम, बीपीईएस में प्रवेश के लिए इच्छुक
ऐसे छात्र छात्राएं जो किन्ही कारणों से प्रवेश से वंचित रह गये है और प्रवेश लेना चाहते है वे सभी छात्र महाविद्यालय की वेवसाइट: pgcghazipur.ac.in पर अपना प्रवेश फार्म भरकर एवं आन लाइन काउन्सलिंग कराके अपने मूल प्रमाण पत्रों के साथ समय से महाविद्यालय के सम्बन्धित विभाग में उपस्थित होकर प्रवेश सुनिश्चित करा लें।

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर हुई बैठक, राकेश त्रिवेदी ने कहा…….

गाजीपुर। भाजपा के आगामी संगठन कार्य योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु भाजपा जिला कार्यालय पर बुधवार को “हर घर तिरंगा अभियान”, जिला कार्ययोजना बैठक जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला प्रभारी डा राकेश त्रिवेदी ने बैठक मे अपेक्षितों की उपस्थिती लेकर कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय का पर्व है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार प्रत्येक वर्ष हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है जिसमें हर भारतीवासी हर्ष उल्लास से अपनी सहभागिता कर रहा है । और कहा की 14 अगस्त 1947 को हमारे अखंड भारत का विभाजन क्यों हुआ?यह किसका कुचक्र इसके इतिहास को समझना हमारे लिए जरूरी है। डा त्रिवेदी ने कहा कि पं नेहरू की पीएम बनने की महत्वाकांक्षा और कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीतियां इसके लिए जिम्मेदार है। धन्य है सरदार वल्लभभाई पटेल जिन्होंने देश को अखंड रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। देश की सभी रियासतों को तत्कालीन गृह मंत्री पटेल के नेतृत्व भारतीय गणतंत्र मे शामिल कर लिया गया ।लेकिन कश्मीर को उलझाए रखने के लिए महत्वाकांक्षी पुरुष पं जवाहर लाल नेहरू ने तुष्टिकरण को अपना कर भारत के लिए कश्मीर को नासूर बना दिया। उन्होंने कहा कि आरएसएस, जनसंघ और भाजपा के दृढ निश्चय ने देश को अखंड भारत का स्वरूप प्रदान किया है। देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे आत्मनिर्भर बनने की ओर तेज गति से बढ़ रहा है ।आज भारत अर्थ, कृषि, विदेश, रोजगार, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों मे मजबूत हो रहा है।


जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने बैठक की प्रस्तावना प्रस्तुति मे कहा भारत के इतिहास में अगस्त महीने का बहुत बड़ा महत्व है।देश और देशवासियों के लिए यह माह बहुत ही महत्वपूर्ण है । जिसमें देश की स्वतंत्रता का असीम सुख और उल्लास है तो वहीं भारत विभाजन जैसी कुछ दुःखद परिस्थितियों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी है । उन्होंने कहा कि भारत के स्वाभिमान का प्रतीक तिरंगा हमारे लिए जान से भी ज्यादा किमती है जिसके लिए हमारे पूर्वजों ने लम्बी लड़ाई लड़ी। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने बताया कि 8 अगस्त को तिरंगा यात्रा के निमित्त सभी मंडलों मे बैठक,10-11-12 अगस्त को मंडलों मे तिरंगा यात्रा,13 अगस्त को मंडल मे शहिदों, स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों का सम्मान तथा उनकी प्रतिमाओ व परिसर की साफ सफाई तथा 14 अगस्त को विभाजन की विभीषिका पर जिलास्तरीय गोष्ठी आयोजित कि जाएगी।जिसकी पुरी तैयारी और जिम्मेदारी बाट दी गई है। उन्होंने कहा कि आगे होने वाले मतदाता पुनर्रीक्षण अभियान में संगठन का पूरा प्रयास होगा कि मतदाता सूची मे सभी पात्र सुचिबद्ध तथा अपात्र बाहर हो।


पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बैठक मे उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद आभार व्यक्त किया । बैठक का शुभारंभ पं दीनदयाल उपाध्याय व डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर वंदेमातरम् से तथा समापन राष्ट्र गान से हुआ।
बैठक मे जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व विधायक कालीचरण राजभर, पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी राय, रामतेज पांडेय, बृजेन्द्र राय, बृजनंदन सिंह, राजेश राजभर,कार्यक्रम संयोजक जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह, जिला महामंत्री दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, रामनरेश कुशवाहा,मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, साधना राय, गुलाम कादिर राइनी, शैलेश राम, विश्व प्रकाश अकेला, जितेंद्र नाथ पांडेय, श्याम राज तिवारी, अच्छेलाल गुप्ता, संकठा मिश्रा, सनी चौरसिया, अनिल राजभर, बालकृष्ण त्रिवेदी, रामराज बनवासी सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।
इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया।

10 से 28 अगस्त तक चलेगा सर्वजन दवा सेवन अभियान

गाजीपुर। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में बुधवार को सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) कार्यक्रम को लेकर मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।  कार्यशाला में डब्ल्यूएचओ, पाथ एवं पीसीआई संस्था ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ सुनील पाण्डेय ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर सर्वजन दवा सेवन अभियान के लिए समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह अभियान 10 अगस्त से 28 अगस्त तक जनपद के सैदपुर, सदर, बिरनो, कासिमाबाद, मोहम्मदाबाद एवं भदौरा ब्लॉक में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत करीब 16 लाख लक्षित आबादी को फाइलेरिया से बचाव की दवा (एल्बेण्डाजोल व डीईसी) खिलाई जाएगी। इसके लिए ब्लॉकों में 1428 टीमें तैयार की गईं हैं। एक टीम में दो सदस्य (आशा कार्यकर्ता व स्वास्थ्य कर्मी) रहेंगे। 2856 ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर और 237 सुपरवाइज़र तैनात किए गए हैं। इन ब्लाकों के ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन व सुपरवाइज़र का प्रशिक्षण एवं टास्क फोर्स की बैठक हो चुकी है। इन सभी ब्लॉकों में पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध है। अभियान में पंचायत राज विभाग, आजीविका मिशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, शिक्षा विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, आईसीडीएस, नगर विकास विभाग, अल्पसंख्यक विभाग, समाज कल्याण विभाग एवं आईएमए से सहयोग लिया जाएगा।  
सीएमओ ने बताया कि फाइलेरिया (फीलपाँव या हाथीपाँव) वाहक मच्छर क्यूलेक्स के काटने के बाद इसके लक्षण पांच से 15 साल के बाद दिखाई देते हैं। इसलिए एक साल से ऊपर के सभी बच्चों, किशोर-किशोरियों, वयस्कों, वृद्धजनों को फाइलेरिया से बचाव की दवा जरूर खानी चाहिए। यह दवा स्वास्थ्यकर्मी और आशा कार्यकर्ताएं घर-घर जाकर अपने समक्ष खिलाएँगी। दवा खाली पेट नहीं खानी है। यह दवा एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और अति गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को नहीं खानी है। इस दवा के पाँच साल लगातार और साल में एक बार सेवन करने से हम अपना जीवन सुरक्षित बना सकते हैं। सीएमओ ने समस्त मीडिया बंधुओं के माध्यम से जनमानस से अपील की कि फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा का सेवन जरूर करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।


जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) मनोज कुमार ने कहा कि किसी भी संदेश को जनमानस तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका होती है। इसी उद्देश्य से फाइलेरिया एमडीए कार्यक्रम को लेकर मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन के लिए वर्ष 2027 तक का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत लगातार प्रभावी नियंत्रण को लेकर कार्यवाही की जा रही है। इसका परिणाम है कि जहाँ वर्ष 2023 में जनपद के सभी 16 ब्लॉक और गाजीपुर नगर पालिका में यह अभियान चलाया गया था तो वहीं वर्ष 2024 में 13 ब्लॉक और गाजीपुर नगर पालिका में चलाया गया।अब इस वर्ष यह अभियान मात्र 6 ब्लॉक में चलाया जाएगा फाइलेरिया से प्रभावित अंग के साफ-सफाई और व्यायाम से इसे सिर्फ नियंत्रित किया जा सकता है। अभियान में स्वास्थ्यकर्मी अपने सामने फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाएँगे। इन दवाओं का वितरण बिल्कुल भी नहीं किया जायेगा। दवा का सेवन खाली पेट नहीं करना है। यह दवाएं पूरी तरह से सुरक्षित हैं। हालांकि इन दवाओं का कोई विपरीत प्रभाव नहीं है। फिर भी किसी को दवा खाने के बाद उल्टी, चक्कर, खुजली या जी मिचलाने जैसे लक्षण होते हैंतो यह इस बात का प्रतीक हैं कि उस व्यक्ति के शरीर में फाइलेरिया के परजीवी मौजूद हैं। ऐसे लक्षण इन दवाओं के सेवन के उपरांत शरीर के भीतर परजीवियों के मरने के कारण उत्पन्न होते हैं। सामान्यतः यह लक्षण स्वतः ही समाप्त हो जाते हैं। परंतु ऐसी किसी भी परिस्थिति के लिए प्रशिक्षित रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) भी बनाई गई हैं।

आवश्यकता पड़ने पर आरआरटी को उपचार के लिए तुरंत बुलाया जा सकता है। यह अभियान सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार के साथ कार्य दिवसों में चलेगा। शेष 10 ब्लॉक एवं गाजीपुर नगर पालिका में पेट के कीड़े के खात्मे के लिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 11 अगस्त को किया जाएगा जिसमें 1 से 19 साल के बच्चों को स्कूलों,कालेजों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर एल्बेण्डाज़ोल गोली की एक खुराक शिक्षकों और आंगन वाड़ी वर्कर्स के द्वारा खिलाई जाएगी। शेष बच्चों को घर-घर भ्रमण के दौरान आशा के द्वारा यह गोली खिलाई जाएगी।11 अगस्त को दवा खाने से वंचित बच्चों के लिए 14 अगस्त को मॉप अप चलाया जाएगा।
कार्यशाला में अन्य मच्छर जनित संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, कालाजार आदि को लेकर की जा रहीं प्रभावी कार्यवाई के बारे में भी जानकारी दी गई। मीडिया बंधुओं के साथ सवाल-जवाब सत्र भी चलाया गया। कार्यशाला में एसीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ जेएन सिंह, एसीएमओ डॉ मनोज कुमार सिंह, एपिडेमियोलाजिस्ट डा० शहबाज़ खॉ,सहायक मलेरिया अधिकारी राम सिंह,संतोष कुमार, पाथ से अरूण कुमार, पीसीआई से राकेश यादव, फाइलेरिया निरीक्षक ऐश्वर्य गुप्ता, सुनील सोनकर, राज कुमार एवं अन्य अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

जल्द कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो सचिव और प्रधान पर होगी कार्यवाही:डीएम

गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता मे बुधवार को स्वछता समिति की बैठक विकास भवन सभागार में जनपद के समस्त सहायक विकास अधिकारी पंचायत के साथ सम्पन्न हुयी। जिसमें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, आवेदन किए गए व्यक्तिगत शौचालय, शौचालय के लाभार्थियों के पात्रता का सत्यापन, रिट्रोफिटिंग, ओडीएफ प्लस वेरीफिकेशन  एवं ग्राम पंचायत रसूलपुर  शेखपुर विकास खण्ड सदर में निर्मित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन केन्द्र पर विकास खण्ड देवकली, करंडा के सभी ग्राम पंचायत में एकत्रित प्लास्टिक पहुंचाया जाए। जिससे प्लास्टिक का निस्तारण किया जा सके।

पंचायत पंचम राज्य वित्त एवं 15वां वित्त आयोग अंतर्गत आवंटित क्रेडिट लिमिट के सापेक्ष खर्चा एवं कार्यों की समीक्षा के साथ आर जे एस ए अंत्येष्टि स्थल तथा सीएससी आदि की समीक्षा की गई। जिसमें जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी कार्यों को ससमय पूर्ण करें। इस पर जिलाधिकारी द्वारा कवच को निर्देशित किया की बैठक के एजेंडा अनुसार अपने-अपने विकासखंड की शत प्रतिशत प्रगति करना सुनिश्चित करें। सामुदायिक शौचालय  क्रियाशील  कराये एवं पंचायत सचिवालय  प्रतिदिन खुले और जनमानस को सुविधा मिले। निर्माणधीन सामुदायिक शौचालय को जल्द पुर्ण कराया जाये अन्यथा वहा के सचिव व प्रधान पर विधिक कार्यवाही किया जाये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुबाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।

छात्र-छात्राओं का मेहनत लाया रंग, विश्वविद्यालय ने उठाया छात्र-छात्राओं के लिए कदम

छात्रों की परीक्षा समस्याओं के समाधान हेतु विश्वविद्यालय ने की स्क्रुटनी पहल

गाजीपुर। बीते 30 जुलाई को पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बी. एससी चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में अनियमितता पाए जाने को लेकर छात्र नेता दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा था। जिसको गंभीरता पूर्वक लेते हुए विश्वविद्यालय ने छात्र-छात्राओं के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं।

इस संबंध में स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोराबाजार के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि महाविद्यालय के कुछ छात्रों द्वारा जिला प्रशासन को परीक्षा सम्बन्धी समस्याओं के लिए मांग पत्र सौंपा गया था। इन समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु विश्वविद्यालय ने प्रभावी कदम उठाए हैं। प्रोफेसर पाण्डेय ने बताया कि जिन छात्रों ने परीक्षा दी है किन्तु ओएमआर शीट में गलत अनुक्रमांक अंकित करने के कारण अनुपस्थित दर्शाए गए हैं उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके लिए छात्रों को अंक पत्र की छायाप्रति, पी-6, पी-7 की प्रमाणित प्रति सहित आवश्यक दस्तावेज नवीन शुल्क काउंटर पर 100 रुपये शुल्क के साथ संबंधित को फॉर्म जमा करना है। जो छात्र-छात्राएं अपने अंक पत्र की स्क्रूटिनी कराना चाहते हैं ।उनके लिए भी 100 रूपए शुल्क रखी गई है। वह सब भी संबंधित फार्म भरकर स्क्रुटनी के सुविधा का लाभ ले सकते हैं। ये दस्तावेज महाविद्यालय के विशेष वाहक के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर विश्वविद्यालय को भेजे जाएंगे, ताकि समयबद्ध निदान संभव हो सकें। आवेदन प्रारूप विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराया गया है। प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने छात्रों से अपील कि है कि एक सप्ताह के भीतर सभी संबंधित छात्र एवं छात्राएं कालेज में संबंधित फॉर्म जमा करें। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के समन्वय से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

विपिन श्रीवास्तव जिलाध्यक्ष और विनीत सिंह बने महामंत्री

गाजीपुर। विश्व हिंदू परिषद की योजना बैठक में जिला अध्यक्ष व जिला मंत्री के नाम घोषित किए गए। विश्व हिंदू परिषद काशी प्रांत की योजना बैठक में सिद्धपुरी ( सैदपुर) व गांधिपुरी ( गाज़ीपुर) के नए जिलाध्यक्ष व जिला मंत्री की घोषणा की गई। प्रयागराज के नैनी में क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय, प्रांत अध्यक्ष कविंद्र प्रताप, प्रांत संगठन मंत्री नितिन भारत व प्रांत मंत्री राजनारायण की देखरेख में कार्यकर्ता नियोजन के तहत बैठक की गई। जिसमें गाज़ीपुर जिलाध्यक्ष के लिए विपिन श्रीवास्तव व जिलामंत्री पद पर विनीत सिंह की घोषणा की गई। वहीं सैदपुर से राकेश सिंह जिलाध्यक्ष व राजकिशन मंत्री घोषित हुए। नव नियुक्त जिला मंत्री विनीत सिंह ने कहा नए दायित्व का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करूंगा।
इस मौके पर बजरंग दल संयोजक रविराज हिंदू, जिला नगर अध्यक्ष अनुराग चौहान आदि मौजूद रहे।

पीजी कॉलेज में परीक्षाएं शुरू

पी जी कॉलेज में कृषि यूजी-पीजी सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू

गाजीपुर । स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोराबाजार में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर कृषि वर्ग का स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गई हैं। यह परीक्षाएं 26 अगस्त तक चलेंगी। परीक्षा के पहले दिन प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी तैयारियों को सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों को नकल-मुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित किया।


ये परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जा रही हैं। सुबह की पाली में यूजी द्वितीय सेमेस्टर के 156 पंजीकृत छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें सभी उपस्थित रहे। वहीं सांय पाली छठवें सेमेस्टर की परीक्षा में 116 विद्यार्थी पंजीकृत थे और सभी ने परीक्षा में भाग लिया। महाविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के दौरान अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं।


प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। विद्यार्थियों ने भी व्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने की सराहना की।