All posts by tiwarishivpratap

आम की फसल पर सूक्ष्म पोषक तत्वों के पर्णीय अनुप्रयोग से फलों की गुणवत्ता में होता है सुधार

आम की फसल पर सूक्ष्म पोषक तत्वों के पर्णीय अनुप्रयोग से फलों की गुणवत्ता में होता है सुधार: महेंद्र प्रताप

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पूर्व शोध प्रबन्ध प्रस्तुत संगोष्ठी का आयोजन मंगलवार को किया गया। यह संगोष्ठी महाविद्यालय के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ तथा विभागीय शोध समिति के तत्वावधान में महाविद्यालय के सेमिनार हाल में सम्पन्न हुई, जिसमें महाविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी व छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे। उक्त संगोष्ठी में कृषि संकाय के उद्यान विभाग के शोधार्थी महेंद्र प्रताप ने अपने शोध प्रबंध शीर्षक ” सूक्ष्म पोषक तत्वों के पर्णीय अनुप्रयोग का आम की प्रजाति आम्रपाली के उपज और गुणवत्ता पर प्रभाव” नामक विषय पर शोध प्रबन्ध व उसकी विषय वस्तु प्रस्तुत करते हुए कहा कि आम की फसल पर सूक्ष्म पोषक तत्वों का पर्णीय अनुप्रयोग (फाॅलियर अप्लीकेशन) महत्वपूर्ण प्रभाव डालता है। सूक्ष्म पोषक तत्व जैसे जिंक (Zn), बोरॉन (B), आयरन (Fe), मैंगनीज (Mn), और कॉपर (Cu) आदि, पौधों के समग्र विकास, फूलों की संख्या, फलों की गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ाने में सहायक होते हैं। प्रस्तुत शोध में फेरस सल्फेट, जिंक सल्फेट और बोरेक्स के आठ विभिन्न कॉम्बिनेशन बनाकर आम की आम्रपाली किस्म पर पर्णीय छिड़काव किया गया और निष्कर्ष निकाला कि फेरस सल्फेट एक प्रतिशत, जिंक सल्फेट एक प्रतिशत और बोरेक्स आधा प्रतिशत एक साथ मिलाकर छिड़काव करने से प्रति पेड़ सबसे अधिक फल प्रतिधारण होता है, फलों की भौतिक-रासायनिक विशेषताओं जैसे कि फलों की लंबाई, फलों की चौड़ाई, फलों का वजन, गूदे का वजन, गुठली का वजन, गूदा और गुठली का अनुपात, कुल घुलनशील ठोस पदार्थ, एस्कॉर्बिक एसिड (विटामिन सी), अपचायक शर्करा, अनपचीय शर्करा और अधिकतम कुल शर्करा में वृद्धि होती है। प्रस्तुतिकरण के बाद विभागीय शोध समिति, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ व प्राध्यापकों तथा शोध छात्र-छात्राओं द्वारा शोध पर विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे गए जिनका शोधार्थी महेंद्र प्रताप ने संतुष्टिपूर्ण एवं उचित उत्तर दिया। तत्पश्चात समिति चेयरमैन एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने शोध प्रबंध को विश्वविद्यालय में जमा करने की संस्तुति प्रदान किया। इस संगोष्ठी में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के संयोजक प्रोफे० (डॉ०) जी०सिंह, मुख्य नियंता प्रोफे० (डॉ०) एस० डी० सिंह परिहार, शोध निर्देशक एवं उद्यान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफे० (डॉ०) धर्मराज सिंह, प्रोफे० (डॉ०) अरुण कुमार यादव, डॉ० रामदुलारे, डॉ० कृष्ण कुमार पटेल, डॉ० रविशेखर सिंह, डॉ० हरेंद्र सिंह, डॉ० हेमंत सिंह, डॉ०पीयूष कांत सिंह, डॉ० शिवशंकर यादव, डॉ० कमलेश, प्रदीप सिंह एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकगण तथा शोध छात्र छात्रएं आदि उपस्थित रहे। अंत में अनुसंधान एवं विकास प्रोकोष्ठ के संयोजक प्रोफे०(डॉ०) जी० सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने दिया निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित महत्वपूर्ण बिन्दूओ पर विस्तार पूर्वक समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने दुर्घटनाओ में कमी लाये जाने सम्बन्धी कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया तथा सड़क दुर्घटना कम करने हेतु अभियांत्रिक प्रयास, जन जागरूकता एंव यातायात के नियमो का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया। इसके लिए मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जायें तथा शहर के व्यस्ततम मार्ग में यातायात को सुचारू रूप  से व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होने सड़क दुर्घटनाओ मे मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य से जन सामान्य को यातायात नियमो का अधिक से अधिक पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि सड़क सुरक्षा बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, सभी वाहन चालक अपने-अपने वाहन चलाते हुए शत-प्रतिशत यातायात नियमो का पालन सुनिश्चित करें तो निश्चित रूप से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के साथ-साथ मृत्यु दर में भी कमी आयेगी।

इसके अतिरिक्त बैठक में माल वाहनो में ओंवलोडिंग, निर्धारित क्षमता से अधिक व्यक्तियों को बैठाकर उनका संचालन करने, नशे में वाहनो को चलाने, वाहन चलाते समय मोबाईल का उपयोग करने, हेलमेट व सीट बेल्ट न लगाने, हिट एण्ड रन दुर्घटना मामले मे उनपर की गयी कार्यवाही की जानकारी ली। बैठक में जिलाधिकारी ने हाईवे पर बनाये गये अवैध कट को तत्काल बन्द कराने हेतु पी0डी0एन0एच0आई0 वाराणसी/आजमगढ को निर्देश दिया। जनपद में कुल 17 हाट्स्पाट चिन्हित है जिसे कम करने लिए सम्बन्धि को आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। 31 जनवरी 2025 तक स्कूल के बस  एवं प्राइवेट बसों का फिटनेस समाप्त हो रहा है, उन्हे तत्काल सही कराने के लिए ए0आर0टी0ओ को निर्देश दिया। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अंशुल मौर्य,  सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी रमेश चन्द्र श्रीवास्तव, ट्रैफिक इन्सपेक्टर मनीष त्रिपाठी एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को डीएम ने दिया निर्देश, कहा…..

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जल निगम ग्रामीण/शहरी, सी0एल0डी0एफ0, आवास विकास परिषद, निर्माण खण्ड वाराणसी, लो0नि0वि0 गाजीपुर,  आर0ई0डी, यू0पी0 सिडको, यू0पी0 पी0सी0एल0 वाराणसी, उ0प्र0 राजकीय निर्माण निगम लि0 आजमगढ इकाई, राजकीय निर्माण निगम लि0 वाराणसी इकाई-1, 2/ भदोही, उ0प्र0राज्य निर्माण सहकारी संघ लि0 वाराणसी-2, जल निगम वाराणसी, देवकली पम्प कैनाल प्रथम, द्वितीय, सिंचाई निर्माण खण्ड वाराणसी एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं के निर्माण कार्यो की विस्तृत समीक्षा की।


  बैठक मे जिलाधिकारी ने माह नवम्बर 2024 मे पूर्ण होने वाले कार्यो की जानकारी कार्यदायी संस्थाओं से ली तथा निर्धारित अवधि मे कार्य पूर्ण न करने वाले कार्यदायी संस्थाओं को फटकार लगाते हुए कार्य मे तेजी लाने का निर्देश दिया। तहसील कासिमाबाद में आवासीय/अनावासीय भवन के निर्माण के प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यदायी संस्था को जल्द से जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने ऐसे कार्यदायी संस्थाओं की सूची उपलव्ध कराने का निर्देश दिया जिनके द्वारा धनराशि आवंटन के बाद भी कार्य प्रारम्भ नही किया गया है या कार्य मे ढिलाई बरती जा रही है।


बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य मे मानक के अनुरूप एवं गुणवत्तापुर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अधूरे कार्य जो  धनाभाव के कारण रूके है उनकी जानकारी लेते हुए पत्राचार करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने धनावंटन के बाद भी कम प्रगति वाले कार्याे पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्याे को गुणवत्तापूर्ण  एवं मानक के अनुसार निर्धारित समय के अन्दर पूरा करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्याे में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बहुत ही गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभाग के अधिकारी उसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, अर्थ एवं संख्या अधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद एवं सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित थे।  

अधिशाषी अभियंता ने कैंपों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

अधिशाषी अभियंता ने कैंपों का किया निरीक्षण कर्मियों को दिए दिशा निर्देश

गाजीपुर। विद्युत वितरण खण्ड चतुर्थ जमानिया के अधिशाषी अभियंता गोपीचंद भास्कर ने शनिवार को ग्राम गहमर, भदौरा, दिलदारनगर मे लगे एकमुश्त समाधान योजना के तहत कैंपों का निरीक्षण किया जिसमें कैंप में आए विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं को विस्तार पूर्वक सुनकर ओटीएस के तहत बकाया बिल जमा कराए।

उन्होंने बताया कि जमानिया डिवीजन में कुल ओटीएस में लाभ लेने वाले कुल 68 हजार विद्युत उपभोक्ता हैं जिनमें इसी में 24 हजार नेवर पैड उपभोक्ता है जो अभी तक अपने एक भी बिजली का बिल जमा नहीं किए है। जिन सभी उपभोक्ताओं को ट्रेस करके एकमुश्त समाधान योजना के कैंपों में बकाया बिल जमा कराया जा रहा है। वही अभी तक कुल 4 हजार उपभोक्ताओं का ओटीएस के तहत पंजीयन कराकर कुल पांच करोड़ विद्युत बकाया जमा हुआ है। आगे
बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील किया कि जिनका भी दस हजार से ऊपर बिल बाकी है वे लोग तत्काल विद्युत कैंपों में जाकर सभी लोग अपना बकाया बिल तत्काल जमा कर दे अन्यथा ओटीएस बाद विजिलेंस टीम द्वारा संघन बकायेदारों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर विद्युत चोरी में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी एवं राजस्व विभाग द्वारा बकाया वसूल की जाएगी।


वही अपने मातहतों को सख्त निर्देश दिया कि कैंपों में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाय वहीं वृद्धजनों की समस्यायों का पहले निस्तारण हो। वही सहायक अभियंता,अवर अभियंता,फील्ड मैनेजरों को अपने संविदा कर्मियों के साथ बकायेदार उपभोक्ताओं के यहां सघन चेकिंग अभियान चलाकर कार्यवाही करने का साख निर्देश भी दिए। 29,12,2024 को ग्राम सभा लहुआर,रघुनाथपुर, देवैथा, मनियां,बरेंजी, बसुका,बैकुंठपुर,रामपुर में एकमुश्त समाधान योजना के तहत कैंपों का आयोजन किया जाएगा जिसमे उक्त क्षेत्र के बकाया विद्युत उपभोक्ता ओटीएस में लाभ लेकर बिल जमा कर सकते है।

संविधान बचेगा तभी जिंदा रहेगा गरीब:विधायक डॉ. वीरेंद्र

संविधान सुरक्षित-गरीब सुरक्षित:डाॅ विरेन्द्र यादव

भाजपा की मजहबी फितरत से मुल्क के अमन चैन को खतरा:गोपाल यादव

गाज़ीपुर। शनिवार को सपा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर जनपद की हर विधान सभा मे सेक्टरवार पीडीए चर्चा कार्यक्रम की कड़ी मे जंगीपुर विधान सभा के लहुरापुर ,जमानियां विधान सभा के दशवत पुर गांव मे पीडीए चर्चा कार्यक्रम आयोजित की गयी। लहुरापुर मे आयोजित पीडीए चर्चा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डाॅ विरेन्द्र यादव ने देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पीडीए समाज से एकजुट होने का आह्वान किया। कहा कि संविधान बचेगा तभी गरीब जिंदा रहेगा। उन्होंने कहा भाजपा सरकार लगातार लोकतंत्र और संविधान पर हमला कर रही है। भाजपा द्वारा लोकतंत्र और संविधान पर किये जा रहे हर हमले का समाजवादी पार्टी डटकर मुकाबला करेगी। बाबा साहेब के संविधान निर्माण मे किये गये उनके योगदान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के सम्मान के लिए समाजवादी पार्टी हर कुर्बानी देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा जन्मकाल से ही नफरत का बीज बोती आ रही है। कभी जाति के नाम पर कभीधर्म के नाम पर, कभी मंदिर के नाम पर कभी मस्जिद के नाम पर द्वेष पैदाकर अपनी राजनीतिक रोटी सेकना ही भाजपा का मूल मकसद रहा है।

जमानियां विधान सभा के दशवतपुर गांव मे आयोजित पीडीए चर्चा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि इस सरकार के तानाशाही रवैये और मजहबी फितरत के चलते देश की शांति, भाईचारा और साम्प्रदायिक सद्भाव खतरे मे है। इस सरकार के पास मंदिर-मस्जिद के अलावा और कोई मुद्दा भाजपा के पास
नही है। आज देश मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की आग मे जल रहा है लेकिन यह संवेदनहीन सरकार का देश के गरीबों से कुछ भी लेना देना नही है। उन्होंने ने कहा कि देश की एकता, अखंडता, भाईचारा, सामाजिक न्याय और देश की धर्म निरपेक्षता और गंगा जमुनी तहजीब की रक्षा के के लिए बाबा साहब के संविधान को बचाना होगा।समाजवादी पार्टी सदैव लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ती रही है। अमित शाह के बयान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि महापुरुषों का अपमान करना भाजपा के खून मे है। इसी कड़ी मे जखनियां विधान सभा के मंझनपुर कलां, सैदपुर विधान सभा के ताता पोखरा मोड़, हीरानन्दपुर, मुहम्मदाबाद विधान सभा मे जसदेवपुर, सदर विधान सभा मे ढेलवां, जहूराबाद विधान सभा मे अजीमपुर मे भी पीडीए कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम मे मुख्य रूप से रविन्द्र प्रताप यादव, तौकीर खां, प्रमोद यादव, तहसीन अहमद, जै हिंद यादव, कमलेश यादव, सुभाष यादव, राजेन्द्र यादव आदि उपस्थित थे।

सपा ने ईओ को सौंपा पत्रक, दर्ज कराई आपत्ति

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के सदर विधायक जै किशन साहू और सदर विधानसभा अध्यक्ष तहसीन अहमद ने शुक्रवार को नए स्वकर प्रणाली को लेकर अधिशासी अधिकारी अमिता अरुण को पत्रक सौंप आपत्ति दर्ज कराई। पत्रक के माध्यम से सदर विधायक ने कहा कि नगर पालिका परिषद गाजीपुर द्वारा लागू स्वकर की व्यवस्था के अन्तर्गत कर निर्धारण की प्रक्रिया पर समाजवादी पार्टी को घोर आपत्ति है।


इस जन विरोधी स्वकर निर्धारण की प्रक्रिया पर पुर्नविचार कर जनहित में वापस लें। आपत्ति दर्ज कराने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, दिनेश यादव, कार्यकारिणी सदस्य डॉ समीर कुमार सिंह, ज़िला सचिव रमेश यादव, सभासद परवेज अहमद, सभासद सहबान अली, उपाध्यक्ष अतुल यादव, तनवीर अहमद, छन्नू यादव एवं लड्डन खान सहित अन्य मौजूद रहे।

16 जनपदों में शाह फैज स्कूल के बच्चों ने मारी बाजी, जीता स्वर्ण पदक

गाजीपुर। चौथी राज्यस्तरीय टेनिस वॉलीबाल सब जूनियर और जूनियर चैंपियनशिप प्रतियोगिता का आयोजन 25 एवं 26, दिसंबर 2024 को सेंट्रल पब्लिक स्कूल ज़मानिया में हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश के कुल 16 जनपदों ने भाग लिया जिसमें ग़ाज़ीपुर का शाह फैज़ विद्यालय प्रथम स्थान पर रहा। इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग में शाह फैज़ विद्यालय के कक्षा 10,11 एवं 12 के कुल 15 खिलाड़ियों क्रमशः अखिलेश कुमार, अमन राय, रेहान खान, शौर्य श्रीवास्तव, कृष दुबे, खालिद, शौलत, शिवम, अलीम,सुप्रिया, प्रीति, शालिनी, अनुषा, दीपिका, एवं कृति ने भाग लिया,

जिन्होंने स्वर्ण पदक जीत कर विद्यालय का मान बढ़ाया। निदेशक नदीम अधमी ने टीम के सभी खिलाडियों को इस जीत पर बधाई दी व उनके उज्जवल भविष्य की कामना की । उन्होंने  टीम के कोच देवेंद्र प्रसाद प्रजापति व आमना ओबैद जो कि इसी विद्यालय में शारीरिक शिक्षा के वरिष्ठ अध्यापक हैं उनको भी बधाई दी। कहा की हमारा विद्यालय दिन प्रतिदिन ऊंचाइयों को छू रहा है और यह क्रम रुकना नहीं चाहिए।

जोरावर सिंह और फतेह सिंह को भाजपा नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजली

गाजीपुर। वीर बाल दिवस अवसर पर गुरुवार को नगर स्थित गुरुद्वारा में सिक्ख गुरु गोविंद सिंह के दोनों पुत्रों साहबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह के बलिदान दिवस पर प्रार्थना शबद किर्तन का कार्यक्रम किया गया । इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि भारतीय सनातन,संस्कृति और संस्कार की रक्षा के लिए गुरू गोविंद सिंह और उनके परिवार ने जो त्याग,तपस्या, बलिदान की शौर्य गाथा लिखी है वह प्रत्येक भारतीय के लिए आदर्श और प्रेरणास्रोत है।

उन्होने कहा कि साहबजादे जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह जिनकी आयु मात्र 9 वर्ष व 7वर्ष थी वो आक्रमणकारी मुगलो के आतंक से निडरता से उनके क्रुरता को हंसकर सहते हुए जिन्दा दीवार मे चुनना पसंद कर भारत की गौरवशाली परम्परा के आदर्शों को दिशा देने का काम किया।उनका बलिदान आज भी प्रासंगिक है। उनके बलिदान को आदर्श मानकर सनातन सभ्यता के समृद्धि के लिए हम संकल्पित हो उनके प्रति यही सच्ची श्रद्धांजली होगी।
इस अवसर पर जोरावर सिंह एवं फतेह सिंह सहित गुरु गोविन्द सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजली दी गई।


कार्यक्रम की अध्यक्षता सरदार दलजीत सिंह ने तथा संचालन अभिनव सिंह छोटू ने किया ।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, सुरेश बिन्द,शशिकान्त शर्मा ,विजय शंकर वर्मा, कैलाश नाथ वर्मा, ग्रंथि साहब जगपाल सिंह, अगमदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह , सुनील गुप्ता, अविनाश सिंह, नितिन अग्रहरी, हर्षित सिंह, गौरव श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंह, प्रीति गुप्ता, धर्मेश राय, नंदू कुशवाहा, दीपक जायसवाल, नीरज मानु, सूर्य प्रकाश यादव एवं अन्य कार्यकर्ता एवं सिख धर्म की माताएं बहने उपस्थित रही । कार्यक्रम का संचालन अभिनव सिंह छोटू ने किया।

आधुनिक जमाने में ई बैंकिंग की सुविधा बहुत आवश्यक हो गई है:मनोज सिन्हा

गाजीपुर। आधुनिक जमाने में ई बैंकिंग की सुविधा बहुत आवश्यक हो गई है। अब सहकारी बैंकों को भी उस दिशा में सोचने की आवश्यकता है। नेट बैंकिंग, ई बैंकिंग किस तरह से हम जल्दी से जल्दी कैसे लागू कर सकते हैं, ताकि जो गैप है उसे भरा जा सके।यह बात जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को जिला पंचायत हाल में जिला सहकारी बैंक के एटीएम कार्ड की सेवा का शुभारंभ करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि जिन कारणों से मुख्य रूप से बैंक घाटे में रहा करते थे, वह कारण जल्दी से जल्दी समाप्त हो सके, यह आवश्यक है।जितना लाभांश अर्जित होगा बैंक किसान को उतना ही धन देने में, सहकारी समितियां को पुनर्जीवित करने में सहयोगी होगा।

उन्होंने कहा कि जो लक्ष्य देश के सामने है उसको प्राप्त करने के लिए हमें फिर से अपनी अर्थव्यवस्था को तेज गति से आगे बढ़ाना होगा। जब तक किसान वह कृषि की हालत देश में नही बदलेगी तब तक कोई ताकत हमें विकसित भारत नहीं बना सकती । उन्होंने कहा कि पिछले 10-11 वर्षों में भारत सरकार ने अनेक प्रयास किए हैं इन प्रयासों को और तेज गति से हमें आगे बढ़ना है। सहकारिता एवं सहकारी बैंकों का इसमें बड़ा योगदान होगा जब तक इनपुट क्रेडिट किसान को नहीं मिलेगा तब तक सस्ते दर पर खेती करने के लिए किसान को धन नहीं मिलेगा।और किसान की तब तक खेती अच्छी नहीं होगी। उसमें सहकारी बैंक की बड़ी भूमिका है।मा मनोज सिन्हा ने बैंक अध्यक्ष और प्रबंधन की मुक्त कंठ से प्रसंशा करते हुए कहा कि बैंक को मजबूत बनाने में इन लोगों ने अथक प्रयास किया है।


सहकारिता के क्षेत्र के कारण ग्रामीण भारत को विकास की जो गति मिलनी चाहिए थी किन्हीं कारणो से कुछ वर्षों तक वह अवरूध हो गई थी। देश के दूसरे राज्यों को जब हम देखते हैं तो यह समझ में आता है कि सहकारिता के कारण कृषि के लिए उपलब्ध कराए जाने वाला धन खास तौर से किसानों के लिए बड़ी मात्रा में राज्यों को मिलता था। अनुपात के तौर पर देश के बाकी हिस्सों से पूर्वी उत्तर प्रदेश और जब गाज़ीपुर की तुलना हम करते हैं तो वह धनराशि बहुत सीमित थी।उन्होंने कहा कि लंबे समय तक घाटे में चलने वाला सहकारी बैंक आज लाभ अर्जित कर रहा है, यह हम सबके लिए प्रसन्नता का विषय है। इसके लिए अध्यक्ष एवं निदेशक मंडल का कृतज्ञता ज्ञापित करता हूं।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार सहकारिता मंत्रालय भारत सरकार का बनाया, अमित शाह जी ने एक नया प्रयत्न सहकारिता के क्षेत्र में शुरू किया जितनी पैक्स है,प्राथमिक समितियां हैं कैसे उन्हें आर्थिक रूप से पुनर्जीवित किया जा सके। सहकारी बैंकों को कैसे पुनर्जीवन मिल सके और पूरे देश में सहकारिता को लेकर एक नया दृष्टिकोण सामने रखा है। उन्होंने कहा कि डेढ़ लाख से ज्यादा नई समितियां देश में फिर से बनाई गई हैं। जो लक्ष्य रखा गया है सही दिशा में भारत आगे की ओर बढ़ रहा है जो देशवासियों का प्रधानमंत्री के कारण संकल्प है 2047 में जब देश आजादी का शताब्दी वर्ष मनाए तो हम एक विकसित भारत बन सके ‌।उन्होंने कहा कि एक समय था जब दुनिया की व्यवस्था में हमारे देश का योगदान किसी अन्य देश से ज्यादा होता था अगर हम इतिहास की बात करें तो 11वीं शताब्दी के आसपास विश्व के अर्थव्यवस्था में भारत का योगदान 33% से ज्यादा हुआ करता था आज जो दुनिया के विकसित देश माने जाते हैं उनका योगदान हमारी तुलना में बहुत कम हुआ करता था।

उन्होंने कहा कि 15वीं शताब्दी आते-आते हमारा योगदान घटकर 25% हो गया आक्रांताओं का दौर आया ,विदेशी आक्रांता आए धन, यश, वैभव सब कुछ लूटकर हमारा ले गए ,जिसके कारण हमारी अर्थव्यवस्था खराब हुई और जब देश हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों के कारण 1947 में आजाद हुआ तब 1950 में जो सर्वेक्षण किया गया उसमे स्थिति इतनी खराब हो गई थी की नई जीडीपी में हमारा हिस्सा सिर्फ 4% रह गया था जो देश कभी 33% योगदान देता था वह घटकर 4% हो गया हमें उन कारणों पर विचार करने की जरूरत है। जब-जब विभाजनकारी शक्तियों ने या आक्रांताओं ने देश को गुलाम बनाया हम आर्थिक रूप से विपन्न हो गए ।इतिहास ने फिर से करवट बदली, चक्र घूम 2014 में और 2023 में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने जो सर्वेक्षण किया है उसके हिसाब से दुनिया के अर्थव्यवस्था में हमारा योगदान प्रतिशत 15% हो गया है।


मनोज सिन्हा सहित मंचासीन अतिथियों ने एटीएम कार्ड का अनावरण कर लोकार्पण किया। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सरोजेश सिंह ने मुख्य अतिथि का पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र से स्वागत अभिनन्दन किया। संचालन प्रवीण कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय,पूर्व विधायक विरेन्द्र सिंह,विजय शंकर राय, बैंक के उप सभापति अच्छेलाल गुप्ता, सरिता अग्रवाल, शशिकांत शर्मा, दयाशंकर पांडेय,डा शोभनाथ यादव,श्री कैलाश चंद सचिव मुख्य कार्यपालक अधिकारी बैंक एवं सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक़ अंसल कुमार उपस्थित रहे

डीएम ने कार्यवाही करने, वेतन रोकने और स्पष्टीकरण देने का दिया निर्देश

गाज़ीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर सन्दर्भो का गुणवत्तापूर्वक निस्तारण किये जाने के सम्बन्ध में जनपदस्तरीय अधिकारियों संग समीक्षा बैठक मंगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ।


समीक्षा के दौरान आइ जी आर एस, तहसील दिवस व थाना दिवस पर प्राप्त शिकायतो का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न किये जाने पर जिलाधिकारी द्वारा विकास खण्ड मुहम्मदाबाद के नोनहरा क्षेत्र के ग्राम विकास अधिकारी एंव विकास खण्ड भदौरा के ग्राम विकास अधिकारी के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधि0 अभि0 जल निगम ग्रामीण, अधि0अभि0 विद्युत प्रथम एवं तृतीय, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक खण्ड विकास अधिकारी भदौरा का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण का निर्देश दिया।

बैठक में उन्होने समस्त अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि तहसील दिवस, थाना दिवस एवं आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त कोई भी शिकायत पत्र डिफालटर न होने पाये। इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जाती है। शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण करते हुए अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता से वार्ता कर सहमति प्राप्त करेगे। उन्होने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा आई0जी0आर0एस प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं समुष्टिपरक बनाये जाने का निर्देश दिया गया है। उन्होने उपस्थित अधिकारियों को पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो को गम्भीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया।

बैठक मे अपर जिलाधिकारी वि0रा0 दिनेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी सूनील पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर हर्षिता तिवारी, परियोजना निदेशक राजेश यादव, डी सी मनरेगा, र्इ्र0डी0एम विनय सिंह, समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी, समस्त विकास खण्ड अधिकारी एवं समस्त सहायक खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित थे।