All posts by UP Fast News

डेंगू से सिपाही की मौत

डेंगू से सिपाही की मौत

गाज़ीपुर। सैदपुर कोतवाली में आरक्षी के पद पर तैनात सुनील कुमार की शनिवार की रात मौत हो गई। वह पिछले तीन दिनों से बुखार और डेंगू से पीड़ित थे। साथी की असामयिक मृत्यु से कोतवाली में शोक की लहर दौड़ गई। सुनील रायबरेली जिले के गुरूबख्शगंज थाना क्षेत्र के पूरेरामदीन गांव के रहने वाले थे। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर उनकी नियुक्ति 25 मई 2019 को हुई थी। वह सैदपुर कोतवाली में आरक्षी के पद पर तैनात थे। बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। हालत बिगड़ती देख बीते 26 नवंबर को उन्हें सीएचसी सैदपुर में भर्ती कराया गया जहां से ठीक न होने पर चिकित्सकों ने उसी दिन देर शाम को उन्हें दीनदयाल उपाध्याय मंडलीय चिकित्सालय वाराणसी रेफर कर दिया था। वहां भी चिकित्सकों के जवाब देने पर उन्हें अर्दली बाजार स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां देर रात चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सैदपुर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों एवं पुलिस द्वारा शव को थाने पर लाया गया जहां रविवार को आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में सैदपुर के कोतवाल शिवप्रताप वर्मा ने बताया कि आरक्षी की डेंगू से मौत हुई है। वह तीन दिनों से बीमार चल रहे थे।

पति-पत्नी सहित तीन की मौत

गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के देवकली पेट्रोल पम्प के पास शनिवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से कार से पति-पत्नी सहित तीन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के जानकारी देने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।
दुर्घटना के संबंध में बताया गया है कि बिहार के वैशाली जिला के सुकी गांव निवासी धीरज कुमार (45) अपनी पत्नी मोनी (40) और आलोक कुमार (35) के साथ मुजफ्फरपुर निवासी आलोक की कार से अपने बेटे प्रयास के पास प्रयागराज रात में जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब दो बजे नंजगंज थाना क्षेत्र के देवकली पेट्रोल पम्प के पास गाजीपुर से वारणसी की तरफ जा रहे अज्ञात वाहन ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर रूप से घायल होने से मोनी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल धीरज और आलोक कराहते हुए जिंदगी और मौत जूझ रहे थे। दुर्घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना से पुलिस को अवगत कराया गया। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए सैदपुर अस्पताल भेजवाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस संबंध में एसओ महेंद्र सिंह ने बताया कि इस दुर्घटना में एक महिला का जहां मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो घायलों ने वाराणसी में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शव को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्यवाई प्रारंभ की जाएगी।

कर्तव्य बोध के बिना अधिकारों की बात करना बेमानी है:प्रो.अजय राय

कर्तव्य बोध के बिना अधिकारों की बात करना बेमानी है

गाज़ीपुर।स्वामी सहजानंद पीजी कालेज,में संविधान दिवस के अवसर पर “हमारे कर्तव्य और अधिकार” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई।संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. अजय राय ने कहा कि संप्रभुता, पंथनिरपेक्षता, समाजवाद और लोकतंत्र हमारे संविधान के मूलतत्व हैं।उन्होंने कहा कि कर्तव्य और अधिकार के बीच अन्योन्याश्रित संबंध है,कर्तव्य बोध के बिना अधिकारों की बात करनी बेमानी है।
इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी डॉ. विलोक सिंह ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत का संविधान एक विलक्षण दस्तावेज है, जिससे विश्व के विभिन्न राष्ट्रों ने प्रेरणा ली है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक कर्मचारियों ने संविधान की शपथ ली। जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम में प्रो. अवधेश नारायण राय, प्रो. मधुसूदन मिश्र, अरविंद यादव, निवेदिता सिंह, डॉ. राकेश पांडेय, डॉ. विशाल सिंह, तूलिका श्रीवास्तव, कुशलपाल यादव, संजय कुमार, विनय चौहान, राजेश गुप्ता, डॉ. एस एन राय, प्रो. रामधारी राम, अजय कुमार यादव, डॉ. सतीश राय, डॉ. दे पाव प्रकाश राय, डॉ. अभय मालवीय, संजय राय, डॉ. प्रियंका यादव, डॉ. सतीश पांडेय, डॉ. कंचन सिंह, आदि शिक्षक तथा करिश्मा कुमारी, अनीश डोगरा, सोनाली राय, प्रीति राठौर, मु. आरिफ आदि विद्यार्थी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरनारायण राय ने किया।

कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन,सौंपा पत्रक

खाद के लिए परेशान अन्नदाताओं के पक्ष में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन,राज्यपाल को भेजा पत्रक

गाज़ीपुर। यूरिया की किल्लत से परेशान किसानों के लिए गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष सुनील राम की अध्यक्षता में सरजू पांडेय पार्क में धरना प्रदर्शन किया। राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी गाज़ीपुर के माध्यम से सरकार को भेजा है। कांग्रेस जनों ने जिलाधिकारी की गैर मौजूदगी में उपजिलाधिकारी सदर प्रतिभा मिश्र को उक्त सम्बोधित पत्रक सौंपा। बता दें कि उत्तर प्रदेश में इस समय किसान सरकार की नीतियों से तो परेशान थे ही ऐसे में रवि की फसल बोवाई में यूरिया और डीएपी की किल्लत ने उनपर दोहरी मार कर दी है, ऐसे कांग्रेस पार्टी ने शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर आज अन्नदाताओं को तत्काल प्रभाव से सम्बंधित उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की है, जिससे अन्नदाता समय से अपनी खेती कर सके। अगर जल्द ही उर्वरक की उपलब्धता किसानों को नहीं कि गई तो कॉंग्रेस के लोग सड़क से सदन तक इस लड़ाई को लड़ने का कार्य करेंगे। धरना प्रदर्शन करके ज्ञापन देने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री जी को खाद की किल्लत की जानकारी के बावजूद अभी तक किसानों के खाद सप्लाई के लिए कोई ठोस करवाई नहीं की गई है, जबकि जनपद गाज़ीपुर में ज्यादातर लोग गांवों में खेती किसानी करके ही आजीविका चला रहे हैं ऐसे अगर खाद समय से नहीं मिलेगी तो रवि की फसल का लाभ किसान नहीं ले पाएंगे, इस अवसर पर वरिष्ठ कोंग्रेसी पीसीसी सदस्य रवि कांत राय ने कहा कि रवि की फसलों के लिए जनपद में जो उर्वरकों के सप्लाई का निर्धारित लक्ष्य है अभी तक सरकार और संबंधित विभाग काफी पीछे है सहकारी समितियों पर सन्नाटा पसरा हुआ है, अगर जल्द ही किसानों की इस समस्या का निदान नहीं हुआ तो किसानों के पक्ष में कांग्रेस जबरदस्त आंदोलन करेगी।

पत्रक देने वालों में प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य अजय कुमार श्रीवास्तव , ज्ञान प्रकाश सिंह मुन्ना, सुनील साहू ,आशुतोष गुप्ता, महबूब निशा, मुसाफिर बिंद,सुमन चौबे एवं दिव्यांशु पांडे, सुधांशु त्रिपाठी ,विभूति राम , संदीप विश्वकर्मा,आदिल अख्तर, जावेद अहमद , रईस अहमद, मनीष कुमार राय, राजेश गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार, ओम प्रकाश पांडे, कैलाशपति कुशवाहा, ओजस साहू ,अवधेश साहू ,अनुराग पांडे ,फैज उल हक अंसारी, सम्मू सलाउद्दीन, मोइनुद्दीन, सतीश रावत आदि लोग उपस्थित रहे।

डीएम-एसपी ने किया जेल का निरीक्षण,कैदियों से ली जानकारी

डीएम-एसपी ने किया जेल का निरीक्षण,कैदियों से ली जानकारी

गाजीपुर।जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण जिलाधिकारी आर्यका अखौरी,पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, ने बुधवार को संयुक्त रूप से किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारी द्वय द्वारा कारागार चिकित्सालय मे भर्ती कैदियों से बीमारियो के सम्बन्ध मे पूछा तथा उनके खान-पान एवं साफ-सफाई की जानकारी ली। जिला कारागार के हवालात कार्यालय के स्टाक रजिस्टर की जांच की गई। इसके पश्चात बारी-बारी से सभी बैरको का निरीक्षण किया गया। बैरको मे बंदियों के कार्ड पर अगली पेशी का दिनांक को चेक किया गया। कारागार मे रसोई घर के निरीक्षण मे आज के दिन में बनने वाले भोजन के मीनू की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि जेल के अन्दर किसी भी दशा मे मोबाइल का प्रवेश न होने पाए इस हेतु रोस्टर बनाकर चेंकिग अभियान चलाकर चेक किया जाए। इसके अतिरिक्त महिला बन्दी गृह मे दी जा रही सुविधाओ के बावत जानकारी ली। मौके पर एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, क्षेत्राधिकारी सदर गौरव कुमार, जेल अधीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

दस साल की कैद,लगाया अर्थदंड

दस साल की कैद,लगाया अर्थदंड

गाजीपुर। बुधवार को फास्ट ट्रैक प्रथम न्यायाधीश कुश कुमार की अदालत में पत्नी हंता पति समेत सास, जेठानी को 10 साल की कड़ी कैद के साथ 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।अभियोजन के अनुसार चंदौली जनपद के थाना बलुवा के खंडवारी चहनियां निवासी धर्मचंद्र जायसवाल अपनी पुत्री रेनू जायसवाल की शादी पटखवलिया रेलवे स्टेशन जमानिया के गोपाल जायसवाल के साथ 30 नवंबर 2013 को किया और अपने सामर्थ्य अनुसार उपहार दिया।लेकिन उसके ससुराल वाले दहेज में मोटरसाइकिल की मांग करते रहे। 3 दिसंबर 2016 को सूचना पर वादी अपने पत्नी के साथ अपने लड़की के ससुराल गया तो देखा कि उसकी लड़की मृत पड़ी थी। वादी ने घटना की सूचना थाना जमानिया में दी और पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के बाद आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र पेश किया गया। इस दौरान विचारण अभियोजन की तरफ से अखिलेश सिंह ने कुल 10 गवाहों को पेश किया। सभी गवाहों ने अपना-अपना बयान न्यायालय में दर्ज कराया। अभियोजन और बचाव पक्ष की बहस सुनने के बाद न्यायालय ने सजा सुनाई।

मुख्तार अंसारी के चचेरे भाई की 4 करोड़ 40 लाख की संपत्ति कुर्क

मुख्तार अंसारी के चचेरे भाई की 4 करोड़ 40 लाख की संपत्ति कुर्क

गाज़ीपुर।मुख्तार अंसारी के चचेरे भाई और उसके गैंग के सक्रिय सदस्य मंसूर अंसारी एवं पत्नी आबदा अंसारी की मोहम्मदाबाद एवं शहर में स्थित चार भू-संपत्ति एवं मकान को सोमवार को मुनादी कर कुर्क कर लिया गया। पुलिस टीम ने चार करोड़ 40 लाख रुपये की संपत्ति की कुर्की करने की कार्रवाई की है। माफिया के अलावा गैंग सरगना और सक्रिय सदस्यों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
आईएस 191 गैंग लीडर मुख्तार अंसारी के करीबी एवं सक्रिय सदस्यों द्वारा अवैध रूप अर्जित किए गए धन से बनाई गई संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में माफिया के करीबी एवं गैंग के सक्रिय सदस्य यूसुफपुर निवासी मंसूर अंसारी और पत्नी आबदा अंसारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इन दोनों द्वारा अवैध तरीके से धन, भू-संपत्ति एवं अचल संपत्ति अर्जित करने वाले माफियाओं के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत मुहम्मदाबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बीते 17 नवंबर को आख्या रिपोर्ट एसपी को भेजी थी। एसपी ओमवीर सिंह द्वारा की गई संस्तुति के आधार पर डीएम आर्यका अखौरी ने बीते 19 नवंबर को कुर्की का आदेश दिया गया था।इसके आधार पर राजस्व एवं पुलिस टीम ने मंसूर अंसारी एवं उसकी पत्नी आबदा अंसारी द्वारा अवैध ढंग से अर्जित की गई चार भू-संपत्ति को कुर्क किया गया। यूसुफपुर एवं शहर स्थित अचल संपत्तियों को मिलाकर राजस्व विभाग एवं पुलिस टीम ने 4 करोड़ 40 लाख की संपत्तियों को कुर्क कर लिया।मंसूर अंसारी के खिलाफ गाजीपुर के अलावा मऊ में भी विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज हैं।

मनाई गई इंदिरा गांधी की जयंती

आयरन लेडी और देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती मनाई गई

गाज़ीपुर।शनिवार को देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती जिला कांग्रेस कमेटी के कैम्प कार्यालय रजदेपुर पर उनके चित्र पर् माल्यार्पण कर मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता से कभी कोई समझौता नहीं किया। उन्होंने देश में बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया तथा पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में बंग्लादेश का गठन कराया और उसे स्वतंत्र देश बनवाया। कोलफील्ड का का राष्ट्रीयकरण ,हरित क्रांति‌ ,रिहंद बांध, 1971 में बांग्लादेश का स्थापना कर पाकिस्तान का इतिहास भूगोल बदलने का काम किया। विधवा वृद्धा विकलांग पेंशन से लेकर गरीबों को आवास तक की व्यवस्था इंदिरा गांधी जी ने किया। देश को आर्थिक रूप से मजबूत किया। उन्होंने इंदिरा गांधी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके कार्यो की खूब सराहना की।

वहीं वरिष्ठ कोंग्रेसी रविकांत राय ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी के जन्मदिन पर उन्हें नमन करते हुए, उन्हें आयरन लेडी के नाम से याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उनके द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही देशहित में उनके द्वारा किए गए कार्यों को वर्तमान पीढ़ी को बताने पर जोर दिया।
उक्त कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व प्रदेश सचिव रवि कांत राय, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ मार्कंडेय सिंह, पीसीसी सदस्य अजय कुमार श्रीवास्तव ,मुसाफिर बिन्द , ज्ञान प्रकाश सिंह मुन्ना,सुमन चौबे ,राजीव कुमार सिंह ,चंद्रिका सिंह ,सतीश उपाध्याय , सैफ अली,कैलाशपति कुशवाहा ,मोहम्मद राशिद ,कमलेश्वर प्रसाद, विनोद कुमार सिंह अंजूम इस्लाम, ओम प्रकाश भारद्वाज, लक्ष्मण राय, अंगद सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।

गाजे-बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा

गाजे-बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा

गाज़ीपुर(मलसा)।शांति कुंज हरिद्वार के गायत्री परिवार द्वारा स्थानीय ग्राम पंचायत गरुआ मकसूदपुर में आयोजित पांच दिवसीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण तथा विभिन्न संस्कार कार्यक्रमों का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ। कलश यात्रा एवं शोभा यात्रा गायत्री रथ, घुड़सवार तथा गाजे बाजे के साथ गायत्री माता के जयघोष के साथ लगभग 1000 बच्चों, बच्चियों और ग्रामीण जनों की सहभागिता से मकसूदपुर, डुहिया, गरुआ, पिपरा चट्टी होते हुए पुनः श्री राम जानकी परिसर मठिया पर संपूर्ण हुई। यात्रा में शामिल सभी बच्चों और ग्रामीण जनों को अमृत भोजन प्रसाद के रूप में खिलाया गया। इस पंच दिवसीय भव्य कलश यात्रा में साथ-साथ प्रमुख भूमिका में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सोनू यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डुहियां विनीत राय, पूर्व प्रधान संजय राय मंटू, अविनाश राय ‘बचाई’, कमलेश्वर राय, बृजेश पाल, धर्मेंद्र पाल, उपेन्द्र, भगेलू राय, दिनेश राय, राजकमल, कमलेश राय, संतोष, रविन्द्र नाथ, प्रशांत ‘भीम’, मोहन बागी, सुमंत, बबलू राय, संजीव राय,बंटी यादव, सर्वेश, मृत्युंजय, अंकित, संजीव, संतोष यादव बीडीसी, रामचंद्र यादव, संत्येन्द्र राय, यात्रा प्रबंधों में शामिल रहे। मार्गदर्शन एवं कलश यात्रा पूरी करने में गायत्री परिवार के गायक प्रवीण जी, गजेन्द्र जी, दिलीप जी, खुशहाल जी, रमेश जी, कमला शर्मा कथा वक्ता ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिकाओं का निर्वहन किया।उल्लेखनीय है कि आगामी चार दिन सुबह में यज्ञ का कार्यक्रम, विभिन्न संस्कार कार्यक्रमों का आयोजन एवं सायं 3 बजे से प्रज्ञा पुराण कथा का अमृतपान कराया जाएगा।

कांग्रेस मजबूती से लड़ेगी नगर निकाय चुनाव

कांग्रेस मजबूती से लड़ेगी नगर निकाय चुनाव

गाज़ीपुर।शहर कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग की एक आवश्यक बैठक गुरुवार को कैंप कार्यालय नखास पर हुई । जिसमें अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव गुड्डू ख्वाजा मुख्य अतिथि के रूप में थें । अध्यक्षता अल्पसंख्यक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष आदिल अख्तर ने किया ।जिसमें अल्पसंख्यक कांग्रेस के संगठन एवं नगर निकाय के चुनाव पर विचार विमर्श किया गया। जिसमें कार्यकर्ताओं ने नगर निकाय के चुनाव को बड़ी ही मजबूती से लड़ने का वादा किया। साथ ही नगर निकाय के चुनाव में महिलाओं को भी उचित सम्मान दिया जाएगा।
प्रदेश महासचिव गुड्डू ख्वाजा ने कहा की प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज खां के निर्देश पर हम बुथ स्तर पर अपने संगठन को खड़ा करेंगे साथ ही नगर निकाय के चुनाव को बहुत ही मजबूती से लड़ेंगे । शहर अध्यक्ष आदिल अख्तर ने कहा की गाज़ीपुर के लगभग सभी वार्डों में अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी का गठन किया जा चुका है तथा शहर की समस्याओं को लेकर अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी हमेशा ही लड़ाई लड़ती रहती है। इस नगर निकाय के चुनाव मे भी अल्पसंख्यक कांग्रेस मजबूत भूमिका में रहेगी ।
इस बैठक में प्रमुख रूप से अल्पसंख्यक कांग्रेस की प्रदेश महासचिव शबीहूल हसन, पीसीसी सदस्य अजय कुमार श्रीवास्तव, आशुतोष गुप्ता ,महबूब निशा, एवं संदीप विश्वकर्मा, रईस अहमद, अजय माइकल ,नवाजिश रजा ,साजिद खान, मोहम्मद इस्लाम, अलाउद्दीन ,मोहम्मद इदरीश, मोहम्मद आकिब ,मोइनुद्दीन रायनी,काजिम अकरी, सैयद खलिक, रुबीना जमाल, शाहिद हुसैन अरशद हुसैन मोहम्मद उस्मान अंसारी आदि लोग उपस्थित रहे।