उप्र.अपराध निरोधक समिति के सदस्यों ने जेल अधीक्षक से की मुलाक़ात
गाज़ीपुर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संरक्षित एवं जैल मैनुअल के अंतर्गत कार्यरत संस्था उ. प्र. अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव/जैल पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार सिंह ने मंगलवार को समिति के सदस्यों के साथ जेल अधीक्षक जगदम्बा प्रसाद दुबे से मुलाक़ात कर अपराध निरोधक समिति के कार्यक्रम की रूप रेखा के बारे विस्तृत चर्चा की। जेल अधीक्षक ने बंदियों के खान पान, खेलकूद, स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित सभी मामलों पर समिति के सदस्यों को अवगत कराया। विदित है कि उ प्र अपराध निरोधक समिति 1938 में स्थापित संस्था है। जो जेल मैनुअल के अंतर्गत बंदियों की सुधार की दिशा में पूरे प्रदेश में लगातार काम कर रही है। जेल अधीक्षक ने बताया कि मंगलवार को जिला जेल में बंदियों की कुल संख्या 654 थी जिसमे महिला बंदियों की संख्या 40 और 05 बच्चे थे। जेल अधीक्षक की पहल से 02 बच्चे जेल से स्कूल पढ़ने जा रहे हैं। इस पहल की पूरे जिले में सराहना हो रही है। समिति के सदस्यों में वसीम रज़ा, सुजीत कुमार और वेद प्रकाश श्रीवास्तव आदि लोग मौजूद रहे।
गाजीपुर।जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में उ0प्र0 शासन द्वारा निर्धारित शासन के महत्वपूर्ण योजनाओ, मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सीएम डैशबोर्ड दर्पण पर कलेक्ट्रेट सभागार मे सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एंव जिला पंचायत राज अधिकारी को अभियान चलाकार अपने कर्मचारियो को फैमली पहचान पत्र बनवाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रो मे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का अधिक से अधिक आवेदन कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होने उप निदेशक कृषि को बाढ से प्रभावित किसाने के फसलो का सत्यापन कराने निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने आइ जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो का निर्धारित समयान्तराल मे गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने का निर्देश दिया। कोई भी शिकायती/आवेदन पत्र डिफाल्टर न होने पाए। इसमे किसी स्तर की शिथिलता क्षम्य नही होगी बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभागवार विभागो में विद्युत, पशुपालन, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास के अन्तर्गत मुख्यमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी का लक्ष्य के सापेक्ष, जल जीवन मिशन, पर्यटन, लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों का अनुरक्षण, सेतुओं का निर्माण, नई सड़कों का निर्माण, भवन निर्माण पंचायती राज, शादी अनुदान योजना, पशुओ में कृत्रिम गर्भाधान, निराश्रित गोवंश का संरक्षण, पारिवारिक लाभ योजना, श्रम एवं सेवायोजना तथा अन्य सभी विभागीय योजनाए की समीक्षा की गयी। बैठक मे जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित विभागों से जुड़ी योजनाओं की माह प्रगति के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होने समस्त संबंधित अधिकारी को निर्धारित समय सीमा में विभागीय विकास परक योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र आम जन मानस को त्वरित गति से लाभ पहुचाया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन का लाभ परक योजनाओं से वंचित न रहने पाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं के संबंध में स्टाफ के साथ समीक्षा कर समयान्तर्गत कार्य कराना सुनिश्चित करें। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, अर्थ एवं संख्याधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समेत समस्त संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
गाजीपुर। जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुआ। बैठक में कार्बन क्रैडिट फाइनेंस योजना के तहत कम से कम 50 पौध रोपित किए हुए कृषकों को चयनित करने हेतु जिला कृषि अधिकारी गाजीपुर को निर्देशित किया गया। 2025 में रोपित किए गए पौधे की सुरक्षा एवं सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। कराए गए वृक्षारोपण के कम से कम 10-10 फोटो ग्राफ्स स्थल के नाम सहित सूचना उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में लगाए गए पौधों की सही से देखभाल करने तथा एक भी पौधा सूखने न पाए का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, डी0एफ0ओ0 अजीत कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सुबाष चन्द्र सरोज, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 सुनील पाण्डेय, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, उप निदेशक कृषि, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
गाजीपुर। 9अगस्त को पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में महापर्व रक्षा बंधन के अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा गाजीपुर के कार्यकर्ताओं ने पेड़ पौधों को रक्षासूत्र बांध कर पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अरूण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदूषित वातावरण के दौर में आज पर्यावरण को संरक्षित और सुरक्षित करने और रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पेड़ पौधे धरती का श्रृंगार है।जहां वृक्ष है वहीं जीवन है।ये न केवल वायुमंडल को शुद्ध करते हैं बल्कि वर्षा लाने में भी सहायक होते हैं।वृक्ष मानव जीवन का अमूल्य धरोहर है। हमें इनकी रक्षा करने की जरूरत है।
वेलफेयर क्लब ने स्व. शेषनाथ पांडेय की स्मृति में किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
गाजीपुर:वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में वेलफेयर मिशन ग्रीन वसुन्धरा के अंतर्गत स्व. शेषनाथ पांडेय की पुण्य स्मृति में नगर के गोराबाजार में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब अध्यक्ष डा. शरद कुमार वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि पंकज गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में जनपद गवर्नर पवन कुमार पांडेय, संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी, उपाध्यक्ष सत्य देव दूबे, कार्यकारिणी सदस्य अजय यादव सहित उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने पौधरोपण किया। लगाए गए पौधों को राखी बांधकर सभी ने पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। विशिष्ट अतिथि पंकज गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण प्रदूषण पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती है, जिसका समाधान अधिक से अधिक पौधरोपण में ही है। उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग, महामारी, असमय वर्षा और जलवायु परिवर्तन को पर्यावरण असंतुलन का दुष्परिणाम बताते हुए वेलफेयर क्लब की पौध लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा की सराहना की। उन्होंने वर्ष 2003 से लगातार चल रहे पर्यावरण मिशन ग्रीन वसुन्धरा अभियान के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जनपद गाजीपुर के लिए प्रेरणादायक मिसाल है। कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का स्वागत क्लब के कोषाध्यक्ष गोपी सिंह कुशवाहा ने किया। इस अवसर पर अभिषेक प्रजापति, प्रमोद कुमार बिंद, मनोज गुप्ता, राम कुमार विश्वकर्मा, नौशाद अहमद सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
गाजीपुर।जिला प्रशासन द्वारा बाढ से प्रभावित ग्रामो का निरीक्षण कर प्रभावित लोगो मे राहत सामाग्री ,लंच पैकेट, पशुओ के भूसा, एवं मेडिकल टीम द्वारा दवाओ का वितरण किया जा रहा है। प्राप्त सूचना के आधार पर जनपद मे गंगा का जलस्तर घटाव पर है सायं 5 बजे जलस्तर 63.800 दर्ज है। जनपद में कुल 166 राजस्व ग्राम प्रभावित है। इन राजस्व ग्राम मे कुल 269 मजरे है जिसमे 137 मजरे प्रभावित है। कुल प्रभावित राजस्व ग्राम मे 49 ऐसे ग्राम है जिनमे सड़क से सम्पर्क बाधित है । प्रभावित जनसंख्या पर आज तक कुल 46,400 लंच पैकेट का वितरण तथा प्रभावित परिवारो को आज तक 5870 राहत किट एवं पशुओ के लिए 786 कुन्तल भूसा का वितरण आज तक किया गया है। बाढ प्रभावित तहसील क्षेत्रो मे 131 बाढ चौकी तथा 18 बाढ शरणालय क्रियाशील है। बाढ शरणालय मे कुल 52 परिवारो के 290 लोग शरण लिये हुए है।
गाजीपुर। जिला प्रशासन/जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के तत्वाधान मे शुक्रवार को आडिटोरियम हॉल विकास भवन में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव समापन कार्यक्रम धूम धाम से संपन्न हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि विधायक जखनिया बेदी राम, विशिष्ट अतिथि अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव समापन कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत सम्मान पुष्पगुच्छ अगवंत्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर किया गया। इस अवसर पर स्कूली छात्राओ एवं सांस्कृतिक विभाग के चयनित कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई,जो सराहनीय रहा।कार्यक्रम से पूर्व विभिन्न विद्यालयो के छात्र-छात्राओ द्वारा देश भक्ति नारो के साथ काकोरी ट्रेन एक्शन घटना के वीर क्रांतिकारियों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए बड़ी संख्या में शामिल होकर रैली को सफल बनाया। रैली के दौरान युवाओं ने देशभक्ति के नारे लगाए और रैली समाप्ति के उपरांत आडिटोरियम हाल में आयोजित समापन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समापन कार्यक्रम के दौरान विधायक जखनियां बेदी राम ने जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी/शहीदो के आत्रितों को अंग व़स्त्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम से पूर्व काकोरी ट्रेन एक्शन कार्यक्रम का मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एल ई डी के माध्यम से देखा व सुना गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा काकोरी ट्रेन एक्शन संबंधी प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें काकोरी एक्शन का वास्तविक फोटो, काकोरी ट्रेन ऐक्शन से जुड़े तथ्यों एवं क्रांतिकारियों से जुड़ी जानकारी का अतिथियों एवं आगंतुकों ने अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रदर्शनी के माध्यम से काकोरी ट्रेन एक्शन के विषय में विस्तार से बताया गया। विधायक बेदी राम ने अपने संबोधन मे काकोरी ट्रेन एक्शन मे शहीदों का राष्ट्र के प्रति उनके त्याग को सर्वाेच्च बताया। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार की पहल पर काकोरी काण्ड का नाम बदलकर इसको काकोरी ट्रेन एक्शन की पहचान दी गई है,जन जन को जागरूक करने के उद्देश्य से इसको शताब्दी महोत्सव के रूप में प्रदेश भर में मनाया गया आज उसका समापन हैं। उन्होने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए संसाधन जुटाने के प्रयास में काकोरी ट्रेन एक्शन हुआ जिसमें युवा क्रांतिकारियों ने अद्भुत साहस दिखाते हुए देश की आजादी के लिए धन इकट्ठा किया। युवाओं को इससे प्रेरणा लेते हुए क्रांतिकारियों के स्वपन के देश को बनाने में सहभागी बनना चाहिए। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समापन समारोह के दौरान अपना संबोधन व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन हमारे वीर शहीदो को समर्पित है । उन्होने कहा कि 09 अगस्त 1925 काकोरी ट्रेन एक्शन के दौरान वीर शहीदो ने जिस प्रकार अदम्य साहस का परिचय देते हमारे देश से अर्जित किया हुआ धन उस समय की ब्रिटिश सरकार द्वारा अपने देश ले जाया जा रहा था जिसे राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, चन्द्रशेखर आजाद, ठाकुर रोशन सिंह एवं क्रान्तिकारियों द्वारा वापस ले लिया गया। जिसके परिणाम स्वरूप उन्हे फांसी की सजा सुनायी गयी। उन्होने कहा कि जिन्होने हमे ये आजादी दी और आजादी के पश्चात निरन्तर देश की अखण्डता के लिए हमारे वीर सैनिक जो काम कर रहे उनके बलिदान को याद करते हुए आम जनमानस मे यह भावना उत्पन्न हो कि हम भी देश के लिए कुछ करे, देश मे अपना योगदान दें और बच्चो के लिए यह आवश्यक है कि वे अपने इतिहास के बारे मे जाने कि वे अपने देश के लिए क्या कर सकते है। इस पर मंथन करे। उन्होने स्वदेशी वस्तुओ का ही अपने जीवन मे उपयोग करने की बात कही। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य काकोरी ट्रेन ऐक्शन शताब्दी समारोह समापन कार्यक्रम मे उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, संभ्रान्त नागरिको, छात्र-छात्राओ का आभार व्यक्त किया। उन्होने भारत माता की आजादी के बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि 09अगस्त 1925 को काकोरी काण्ड की घटना अग्रेजी हुकुमत के विरोध की एक महत्तपूर्ण घटना है जिससे देश की आजादी को एक नई दिशा मिली। उन्होने कहा कि हमारे क्रान्तिकारियों का बलिदान आज भी देश की हवा और मिट्टी मे जिन्दा है वे सदैव हमारे प्रेरणाश्रोत रहेगा। कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज ने किया।
काकोरी ट्रेन एक्शन के बारे में विस्तृत जानकारी।
काकोरी ट्रेन एक्शन, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और साहसिक घटना के रूप में दर्ज है। यह घटना 9 अगस्त 1925 को उत्तर प्रदेश के लखनऊ के पास काकोरी नामक स्थान पर घटित हुई थी। इस क्रांतिकारी कार्रवाई का नेतृत्व हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन के सदस्यों ने किया, जिसमें प्रमुख रूप से राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, चंद्रशेखर आजाद, और कई अन्य देशभक्त शामिल थे। इन स्वतंत्रता सेनानियों ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष के लिए धन जुटाने और अपनी क्रांतिकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। घटना का मुख्य उद्देश्य ब्रिटिश सरकार के खजाने को लूटना था, जो उस समय एक ट्रेन से ले जाया जा रहा था। ट्रेन के रुकते ही क्रांतिकारियों ने साहस और कुशलता से कार्य करते हुए सरकारी धन को अपने कब्जे में ले लिया। इस घटना ने ब्रिटिश सरकार को हिला कर रख दिया और पूरे देश में हलचल मचा दी। हालांकि, इस साहसिक कार्यवाही के बाद ब्रिटिश सरकार ने कड़े कदम उठाए और क्रांतिकारी गतिविधियों में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के परिणामस्वरूप, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, और ठाकुर रोशन सिंह को फांसी की सजा सुनाई गई। काकोरी ट्रेन एक्शन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक ऐसा अध्याय है जिसने आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित किया और स्वतंत्रता की लड़ाई को और अधिक उग्र और संगठित रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह घटना हमें याद दिलाती है कि स्वतंत्रता की प्राप्ति के लिए कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ी और इसके लिए कितनी बहादुरी और बलिदान की जरूरत थी।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर मनोज पाठक, क्षेत्राधिकारी सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, स0जिला पर्यटन सूचना अधिकारी आर के मौर्या, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार एंव अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, स्कूल छात्र-छात्राए, आमजनमानस, प्रबुद्ध नागरिक आदि उपस्थित रहे।
गाजीपुर।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उप्र.लखनऊ एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार के आदेश पर दिनेश कुमार अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) के निर्देशन में जनपद में आगामी रक्षाबन्धन के अवसर पर आम जनमानस को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने हेतु प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही/विशेष अभियान चलाकर कुल 11 नमूना संग्रहित किया गया। जिसमें 07 अगस्त को मेसर्स-अग्रवाल स्वीट्स महुआबाग गाजीपुर मे काजू स्ट्रावेरी का 01 नमूना, बूदी लड्डू का 01 नमूना, बेसन का 01 नमूना, पनीर का 01 नमूना, परवल की मिठाई का 01 नमूना, काजू राज कमल का 01 नमूना, लौकी बर्फी का 01 नमूना लिया गया। मेसर्स-श्री स्वीट्स आरकेबीके गाजीपुर में रसगुल्ला का 01 नमूना, कलाकन्द का 01 नमूना लिया गया। गोराबाजार गाजीपुर स्थित अमरनाथ यादव के पनीर विनिर्माण प्रतिष्ठान से पनीर का 01 नमूना। प्रकाशनगर, भुतहिया तांड गाजीपुर स्थित विपिन बिहारी कश्यप के प्रतिष्ठान मेसर्स-ममता स्वीट हाउस से डोडा बर्फी का 01 नमूना लिया गया।
संग्रहित नमूनें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उप्र. प्रेषित किए जा रहें है,जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी।
नमूना संग्रह की कार्यवाही आर0सी0 पाण्डेय सहायक आयुक्त (खाद्य) गाजीपुर के नेतृत्व में सुमन कुमार मिश्र मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचन्द गुप्त, पंकज कुमार कन्नौजिया,अरविंद प्रजापति,धनंजय सिंह,वीरेंद्र यादव एवं बिपिन कुमार गिरि की टीम द्वारा की गई।
गाजीपुर।जनपद के विभिन्न प्रतिनिधिगणो ने बाढ से प्रभावित ग्रामो का निरीक्षण कर प्रभावित लोगो मे राहत सामाग्री तथा लंच पैकेट का वितरण किया।आश्वासन दिया कि आपदा की इस घड़ी मे सरकार आपके साथ है। हर सम्भव मदद की जाएगी। इसी क्रम मे तहसील सदर के विकास खंड करंडा अंतर्गत बाढ़ शरणालय दीनापुर में भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित उपजिलाधिकारी सदर मनोज पाठक, तहसीलदार सदर द्वारा 2500 लंच पैकेट, 450 राहत किट एवं करण्डा क्षेत्र के पशु पालको मे भूसा आदि तथा बच्चो के लिए दूध विस्किट का वितरण किया। तहसील जमानिया के सब्बलपुर कलां मे पूर्व विधायक जमानिया सुनीता सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा ओम प्रकाश राय, जिला महामंत्री भाजपा विष्णु प्रताप सिंह ने 580 राशन किट, लंच पैकेट एवं पशु पालकों में भूसा को वितरण किया। तहसील सैदपुर के बाढ प्रभावित ग्राम गौरी, गौरहट ग्राम मे तहसील प्रशासन एवं अन्य लोगो की उपस्थिति में 275 राशन किट, लंच पैकेट एवं पशु पालकों में भूसा का वितरण। तहसील मोहम्मदाबाद के शेरपुर ग्राम सभा मे तहसील प्रशासन एवं जिलाध्यक्ष भाजपा ओमप्रकाश राय द्वारा बाढ़ से प्रभावित लोगो मे 250 राशन किट, लंच पैकेट एवं पशु पालकों में भूसा का वितरण किया गया। तहसील सेवराई के वीरऊपुर गांव में तहसील प्रशासन एवं अन्य लोगो की उपस्थिति में 490 राशन किट, लंच पैकेट एवं पशु पालकों में भूसा का वितरण किया गया।
गाजीपुर।गुरुवार को समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर आयोजित हुई।
इस बैठक में गंगा नदी में आयी बाढ़ से उत्पन्न समस्या,किसानों को खाद की अनुपलब्धता,अनियमित बिजली, प्रदेश सहित जनपद की ध्वस्त कानून व्यवस्था तथा शहर की जर्जर सड़कें और व्याप्त गंदगी पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई।
इस बैठक में शहर मुख्यालय स्थित सरजू पांडे पार्क में व्याप्त दुर्व्यवस्था पर भी आक्रोश व्यक्त किया गया।
इस बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा आजादी के बाद इस देश और प्रदेश में इतनी संवेदनहीन सरकार कभी नहीं रही। जबसे मोदी और योगी जी की सरकार देश और प्रदेश में हुकूमत कर रही है वादाखिलाफी के सिवाय इन सरकारों ने कुछ भी नहीं किया है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली सरकार किसानों को न खाद उपलब्ध करा पा रही है न बिजली, मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार रोकने में भी यह सरकार विफल साबित हुई है। यह सरकार विदेशी और पूंजीपतियों के ताकतों के इशारे पर चल रही है। स्वदेशी का नारा देने वाली यह सरकार डोनाल्ड ट्रंप के सामने माथा टेक रही है। हमारे देश की आर्थिक नीति अडानी अंबानी के इशारे पर और विदेश नीति ट्रंप के इशारे पर तय की जा रही है। इस सरकार का न अपना कोई सम्मान है न कोई स्वाभिमान।
विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने इस बैठक को संबोधित करते हुए सभी से स्नातक,शिक्षक और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में तन मन से जुटने की अपील करते हुए कहा कि आपके सम्मान और स्वाभिमान की हर कीमत पर रक्षा होगी।उन्होंने भाजपा सरकार की खिंचाई करते हुए कहा कि इस सरकार को जनता के बुनियादी जरूरतों से कुछ भी लेना-देना नहीं है। गरीब को रोजी, रोटी, कपड़ा,मकान,दवा,इलाज,और न्याय कैसे मिले इस पर उसका ध्यान नहीं है वह अपने जन्मकाल से ही उन मुद्दों पर काम करती रही है, जिससे हिंदू और मुसलमानो के बीच नफ़रत पैदा हो और हिंदू मंतो का अपने पक्ष में ध्रुवीकरण कराकर अपने राजनीतिक मकसद को हल कर सके।
उन्होंने भाजपा द्वारा हर खाते में पन्द्रह लाख रुपए भेजने,दो करोड़ नौजवानों को नौकरी देने, स्विस बैंक में जमा कालाधन की वापसी जैसे तमाम किए गए वादों का जिक्र करते हुए कहा यह सरकार केवल गरीबों को सपने दिखाने और उनका भावनात्मक शोषण करने का काम किया है, असल में इस सरकार ने केवल पूंजीपतियों की तिजोरी भरने का काम किया है।यह सरकार लगातार जनता को कुछ देने के बजाय लगातार छिनने का काम कर रही है।प्राथमिक विद्यालयों को बंद कर शिक्षा का अधिकार, s I r के बहाने मत देने का अधिकार, चौड़ी करण के नाम पर आशियाना गिराने का काम यह सरकार कर रही है।
इस बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा,पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, रामाधार यादव, आमिर अली, रामजी राय, रामजन्म चौहान, रविन्द्र प्रताप यादव, अरूण कुमार श्रीवास्तव, सीमा यादव, मुन्नीलाल राजभर,अशोक कुमार बिन्द,सूरज राम बागी,संजय कन्नौजिया, सदानंद यादव, रामवचन यादव, आशीष यादव राहुल,तहसीन अहमद, सुभाष यादव गुड्डू,गोवर्धन यादव, अवधेश यादव राजू,वृजदेव खरवार,खेलन यादव, शिवशंकर राम,असलम हुसैन,मदन यादव, डॉ समीर सिंह,सुशील जायसवाल, आत्मा यादव, आजाद राय,जगत मोहन बिंद, पूजा गौतम, कंचन रावत,शेर अली राईन,भारत यादव, बलिराम यादव,रूक्मीना यादव, जमुना यादव, जयराम यादव,अभिषेक कुशवाहा, राहुल सिंह,अक्षय यादव, राजेश यादव,रामप्रीत यादव,लल्लन राम, सुजीत कुमार, अदनान,रामदरश बनवासी,दारा यादव, परशुराम बिंद,संदीप यादव,रमेश यादव, संतोष यादव, अनिल यादव, रामप्रकाश यादव,सुर्य मणि यादव, कमलेश सोनकर, शिवाजी सोनकर आदि उपस्थित थे। इस बैठक का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।